वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

श्रीलंका - पानी की कमी दूर करने के लिए FAO का डिजिटल मंच

श्रीलंका में धान के खेतों में काम करते किसान.
© FAO/Prakash Singh
श्रीलंका में धान के खेतों में काम करते किसान.

श्रीलंका - पानी की कमी दूर करने के लिए FAO का डिजिटल मंच

जलवायु और पर्यावरण

जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाली पानी की कमी को दूर करने के लिए, श्रीलंका के किसान, संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) द्वारा विकसित किए गए, डिजिटल मंच का उपयोग कर रहे हैं.

श्रीलंका के मालवथु ओया नदी बेसिन में किसान, पिछले कुछ वर्षों के दौरान घटती वर्षा से गम्भीर रूप से प्रभावित हुए हैं, विशेष रूप से धान के किसान.

इसके परिणामस्वरूप उन लोगों की आजीविका पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा है जिन्हें पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है.

अप्रत्याशित जलवायु होने के कारण, किसानों को समझ आ रहा है कि परम्परागत कृषि पद्धतियाँ, स्थाई नहीं हो सकती हैं, क्योंकि वो जल उपयोग पर आधारित हैं.

संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) ने पानी की कमी दूर करने व प्राकृतिक संसाधनों के कुशल प्रबन्धन में किसानों की मदद करने के उद्देश्य से, एक डिजिटल मंच, WaPOR बनाया है.

WaPOR के ज़रिए, उपग्रह चित्रों व ज़मीनी स्थिति का विश्लेषण करके, वर्षा, जल वाष्पीकरण और जल भंडार के स्तर पर जानकारी प्रदान की जाती है.

प्राप्त सटीक डेटा, किसानों को जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए खेती और पानी के उपयोग के बारे में प्रभावी निर्णय लेने में मदद करता है.

FAO के स्थानीय प्रशिक्षित सिंचाई विशेषज्ञ, WaPOR द्वारा उपलब्ध कराए गए डेटा का उपयोग करके, किसानों को अधिक प्रभावी ढंग से कृषि योजना बनाने व जल संसाधनों के कुशल प्रबन्धन करने में सहायता कर रहे हैं.

मालवथु ओया नदी बेसिन के किसान, इन आँकड़ों के ज़रिए, व सिंचाई विशेषज्ञों की मदद से, सिंचाई एवं जल प्रबन्धन के तरीक़े बदल रहे हैं, जिससे पानी की बचत के साथ-साथ उत्पादकता भी बढ़ रही है.

वर्तमान में, सिंचाई विभाग, सतत विकास परिषद, और जनगणना और सांख्यिकी विभाग सहित श्रीलंकाई सरकारी एजेंसियाँ, राष्ट्रीय स्तर पर WaPOR का उपयोग कर रही हैं.

विशेष रूप से, सिंचाई विभाग अपने आकलन और जल संसाधनों की योजना के लिए WaPOR डेटाबेस का उपयोग करता है.

एफ़एओ, कृषि उत्पादन में सुधार सुनिश्चित करते हुए, देश के प्राकृतिक संसाधनों, विशेष रूप से पानी के बेहतर प्रबन्धन को बढ़ावा देने के लिए, श्रीलंका सरकार के साथ काम कर रहा है.

एफ़एओ के अनुसार, बेहतर पोषण, बेहतर पर्यावरण और सभी के लिए बेहतर जीवन सुनिश्चित करने के साथ-साथ एसडीजी हासिल करने के लिए, श्रीलंका को बेहतर उत्पादन हासिल करने में मदद करना इसके मुख्य लक्ष्यों में से एक है.

श्रीलंका में, FAO की परियोजना "Knowing water better" (KnoWat) के माध्यम से, WaPOR का डेटाबेस उपलब्ध कराया गया है.

इसका उद्देश्य जल संसाधनों तक टिकाऊ पहुँच सुनिश्चित करना और श्रीलंका में, खाद्य सुरक्षा व जलवायु परिवर्तन सहनसक्षमता बनाने हेतु, जल प्रशासन प्रक्रियाओं को मज़बूत करना है.

(वीडियो रिपोर्ट)