वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

अफ़ग़ानिस्तान: अफ़ीम की खेती में 95 प्रतिशत की गिरावट - यूएन सर्वेक्षण

अफ़ग़ानिस्तान के कापिसा प्रान्त में पोस्ता अफ़ीम का खेत. (फ़ाइल)
UNODC
अफ़ग़ानिस्तान के कापिसा प्रान्त में पोस्ता अफ़ीम का खेत. (फ़ाइल)

अफ़ग़ानिस्तान: अफ़ीम की खेती में 95 प्रतिशत की गिरावट - यूएन सर्वेक्षण

क़ानून और अपराध रोकथाम

संयुक्त राष्ट्र के ड्रग्स एवं अपराध निरोधक कार्यालय (UNODC) द्वारा कराए गए एक सर्वेक्षण के अनुसार, पिछले साल तालेबान शासन द्वारा नशीले पदार्थों पर प्रतिबन्ध लगाए जाने के बाद से, अफ़ग़ानिस्तान में पोस्ता अफ़ीम के उत्पादन में बड़ी कमी दर्ज की गई है.

अफ़ीम खेती पर UNODC द्वारा रविवार को जारी वार्षिक सर्वेक्षण (अफ़ग़ानिस्तान अफ़ीम सर्वेक्षण 2023) के अनुसार, अफ़ीम की आपूर्ति में अनुमानित 95 प्रतिशत की गिरावट आई है, जो 2022 के 6,200 टन से गिरकर 2023 में 333 टन रह गई है. साथ ही, इसी अवधि में अफ़ीम की खेती का कुल क्षेत्र भी 233,000 हेक्टेयर से घटकर, केवल 10,800 हेक्टेयर रह गया है.

UNODC  ने अफ़ग़ानिस्तान के लोगों के अफ़ीम मुक्त भविष्य के निर्माण हेतु, ग्रामीण समुदायों के लिए वैकल्पिक विकास सहायता की तत्काल आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि  अफ़ीम अर्थव्यवस्था के लगभग पूर्ण संकुचन के दूरगामी परिणाम हो सकते हैं.

Tweet URL

संयुक्त राष्ट्र के ड्रग्स व अपराध निरोधक कार्यालय – UNODC की कार्यकारी निदेशिक ग़ादा वॉली ने कहा, "इससे अवैध अफ़ीम बाज़ार और उसके कारण स्थानीय एवं वैश्विक स्तर पर होने वाले नुक़सान के ख़िलाफ़, दीर्घकालिक सफलता हासिल करने का एक उत्कृष्ट अवसर प्राप्त होता है."

उन्होंने कहा, "साथ ही, इसके कई गम्भीर परिणाम व जोखिम भी हो सकते हैं, जिसपर ध्यान देना ज़रूरी है, जिससे अंततः विशेषकर अफ़ग़ानिस्तान के लोगों के लिए इसके सकारात्मक एवं टिकाऊ परिणाम हों."

मानवीय परिणाम

सर्वेक्षण में कहा गया है कि भारी गिरावट से, अफ़ीम की खेती की आय पर निर्भर कई कमज़ोर ग्रामीण समुदायों पर तत्काल मानवीय प्रभाव पड़ा है.

सर्वेक्षण में कहा गया है कि 2023 में काटी गई अफ़ीम की फ़सल की बिक्री से, किसानों की आय 92 प्रतिशत से अधिक गिरकर, 2022 में अनुमानित 136 करोड़ से 2023 में 11 करोड़ डॉलर रह गई.

ग़ादा वॉली ने कहा, "आज, अफ़ग़ानिस्तान के लोगों को अपनी सबसे बुनियादी ज़रूरतों को पूरा करने, खोई हुई आय के सदमे को झेलने और जीवन बचाने के लिए, तत्काल मानवीय सहायता की आवश्यकता है."  

उनके अनुसार आने वाले महीनों में, देश को स्थाई आजीविकाओं में मज़बूत निवेश की आवश्यकता होगी, ताकि किसानों को अफ़ीम की खेती से अलग, आमदनी के वैकल्पिक अवसर हासिल हो सकें.

उपचार के विकल्प सीमित

UNODC ने इस बात पर भी बल दिया कि हालाँकि अफ़ग़ानिस्तान के भीतर उच्च स्तर पर अफ़ीम का सेवन किया जाता है, लेकिन इसके साक्ष्य-आधारित उपचार विकल्प सीमित हैं.

यूएनओडीसी ने साक्ष्य-आधारित उपचार को सार्वजनिक स्वास्थ्य उपायों और सहायता में एकीकृत करने का आहवान किया, जिसमें ओपियेट उपयोग विकार वाले लोगों को, ज़्यादा हानिकारक पदार्थों का रुख़ करने से रोकना शामिल हो.

अफ़ग़ानिस्तान से परे

यूएनओडीसी ने चेतावनी दी है कि अफ़ग़ानिस्तान से परे, हेरोइन की कमी से या तो उसकी तस्करी व इस्तेमाल कम होगा,  या फिर इसके परिणामस्वरूप फेंटेनाइल व अन्य सिंथेटिक ओपिओइड जैसे हानिकारक विकल्पों का सेवन बढ़ सकता है.

बरामदगी के आँकड़ों से पता चलता है कि 2023 में अफ़ीम की कमी से निपटने के लिए व्यापारी, पिछली रिकॉर्ड फ़सल के दौरान भंडार की हुई अफ़ीम बेच रहे हैं. वहीं, हेरोइन के प्रसंस्करण में गिरावट नज़र आ रही है.

लेकिन इस क्षेत्र में, मेथमफ़ेटामीन जैसी अन्य नशीली दवाओं की तस्करी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है.