अफ़ग़ानिस्तान: मादक ड्रग मेथमफ़ेटामीन के बढ़ते उत्पादन और तस्करी का संकट
संयुक्त राष्ट्र के ड्रग्स एवं अपराध निरोधक कार्यालय (UNODC) की नवीनतम रिपोर्ट में कहा गया है कि अफ़ग़ानिस्तान व पड़ोसी देशों में, मेथमफ़ेटामीन की तस्करी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है.
संयुक्त राष्ट्र के ड्रग्स एवं अपराध निरोधक कार्यालय (UNODC) की नवीनतम रिपोर्ट में कहा गया है कि अफ़ग़ानिस्तान और पड़ोसी देशों में मेथमफ़ेटामीन (Methamphetamine) की तस्करी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है.
“अफ़ग़ानिस्तान में ग़ैर-क़ानूनी मेथमफ़ेटामीन उत्पादन की समझ" नामक रिपोर्ट, ज़ब्त किए गए नशीले पदार्थों की मात्रा में नाटकीय वृद्धि को रेखांकित करती है, विशेष रूप से मेथमफ़ेटामीन की मात्रा में, जो वर्ष 2017 में 2.5 टन से बढ़कर वर्ष 2021 में 29.7 टन हो गई है.
खुलेआम रास्तों पर बिकने वाला अवैध नशीला पदार्थ मेथमफ़ेटामीन, जिसे आमतौर पर "क्रिस्टल मेथ" के रूप में जाना जाता है, एक शक्तिशाली और अत्यधिक लत लगाने वाला उत्तेजक पदार्थ है जो इनसानों की केन्द्रीय तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करता है, और तेज़ या अनियमित धड़कन का कारण बन सकता है.
इन नशीले पदार्थों की बरामदगी मूल रूप से अफ़ग़ानिस्तान में शुरू हुई मानी जाती है लेकिन, पूर्वी अफ़्रीका, दक्षिण पूर्वी-एशिया और यूरोपीय संघ जैसे दूर-दराज़ के क्षेत्रों में भी सामने आई हैं.
‘तेज़ी से बदलते' बाज़ार
UNODC की रिपोर्ट दर्शाती है कि हेरोइन की तस्करी जारी है, अलबत्ता तालेबान शासन द्वारा, अप्रैल 2022 में, नशीले पदार्थों पर प्रतिबन्ध लगाने के बाद, तस्करी की दर कुछ धीमी हुई है.
अफ़ग़ानिस्तान और उसके पड़ोसी देशों में मेथ की बरामदगी में उल्लेखनीय वृद्धि से संकेत मिलता है कि इस पदार्थ की तस्करी बढ़ रही है और नशीले पदार्थों के अवैध बाज़ारों में तेज़ी से बदलाव आ रहा है, जहाँ, परम्परागत रूप से, अफ़गानिस्तान के अफ़ीमयुक्त मादक पदार्थों का वर्चस्व रहा है.
रिपोर्ट के अनुसार, “अफ़ग़ानिस्तान और क्षेत्र में मेथ की तस्करी में वृद्धि, ग़ैर-क़ानूनी पदार्थ के बाज़ार में एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत देती है, और इस पर तत्काल ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है.”
संयुक्त राष्ट्र के ड्रग्स व अपराध निरोधक कार्यालय – UNODC की कार्यकारी निदेशिक ग़ादा वॉली ने कहा है, “अफ़ग़ानिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में, मेथ के लगातार बढ़ते उत्पादन के लिए ज़रूरी समझे जाने वाले रासायनिक पदार्थों की तस्करी और उसके रास्ते बदले जाने पर चोट करने के लिए, क्षेत्र के देशों के बीच सहयोगात्मक प्रयास किया जाना अति आवश्यक है.”
उन्होंने कहा, “UNODC की नई रिपोर्ट का उद्देश्य, इस सिंथेटिक ड्रग के बढ़ते ख़तरे से निपटने हेतु, अन्तरराष्ट्रीय समुदाय को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना है.”
सिंथेटिक पदार्थों का बढ़ता उपयोग
इस रिपोर्ट में मादक पदार्थों के उत्पादन में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न रसायनों का भी विश्लेषण किया गया है.
क्षेत्र में, इस तरह के रसायनों का बड़ी मात्रा में क़ानूनी रूप से उत्पादन व व्यापार किया जाता है और ये रसायन, मादक पदार्थों के उत्पादकों के लिए, अक्सर आसानी से उपलब्ध होते हैं.
क्षेत्रीय दृष्टिकोण
रिपोर्ट में इस बात पर ज़ोर दिया गया है कि क्षेत्रीय स्तर पर सहयोगात्मक व्यवस्थित प्रयास, अफ़ग़ानिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में अवैध मेथ उत्पादन में जारी वृद्धि को, लम्बी अवधि में रोकने और कम करने में, अधिक प्रभावी साबित हो सकते हैं.
UNODC, अफ़ग़ानिस्तान में अफ़ीम खेती पर अपना वार्षिक सर्वेक्षण, अक्टूबर 2023 में जारी करेगा.