वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

संयुक्त राष्ट्र्र उपमहासचिव की भारत यात्रा

उप महासचिव अमीना जे. मोहम्मद का नई दिल्ली हवाई अड्डे पर भारत में UN की रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर शोम्बी शार्प और राजदूत रुचिरा कंबोज ने स्वागत किया।
UN India/Deepak Malik भारत में यूएन के रैज़िडेन्ट कोऑर्डिनेटर, शॉम्बी शार्प व यूएन में भारत की स्थाई प्रतिनिधि, राजदूत रुचिरा काम्बोज ने उपमहासचिव का स्वागत किया.

संयुक्त राष्ट्र्र उपमहासचिव की भारत यात्रा

यूएन मामले

संयुक्त राष्ट्र की उपमहासचिव, आमिना जे मोहम्मद ने बीते सप्ताह, भारत की आधिकारिक यात्रा की है. उन्होंने तीन दिन की इस यात्रा के दौरान, भारत सरकार के अनेक मंत्रियों व आला अधिकारियों से, जलवायु कार्रवाई, जी20 कार्ययोजना, टिकाऊ विकास लक्ष्यों पर प्रगति व विकास के लिए वित्त पोषण पर चर्चा की. इसके अलावा, उन्होंने भारत के प्रमुख सूचना एवं प्रौद्योगिकी शोध संस्थाओं में विशेषज्ञों व औद्योगिक जगत के प्रतिनिधियों से मिलकर, डिजिटल तकनीक में भारत की उपलब्धियों पर जानकारी हासिल की. (वीडियो)

संयुक्त राष्ट्र की उपमहासचिव आमिना जे मोहम्मद, आधिकारिक यात्रा पर भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुँची.

जनवरी 2022 में पाँच साल के लिए दूसरा कार्यकाल आरम्भ होने के बाद यूएन उपप्रमुख के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा है.

यात्रा के पहले दिन, वो आगरा शहर में यूनेस्को संरक्षित विश्व धरोहर स्थल, ताज महल देखने गईं. 

अगले दिन उप महासचिव ने, नई दिल्ली स्थित यूएन कार्यालय में टीम यूएन इंडिया से मुलाक़ात की और जाना कि भारत में संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न एजेंसियाँ, 2030 तक एसडीजी हासिल करने के लिए किस तरह से भारत सरकार को समर्थन दे रही हैं.

यूएन उपप्रमुख ने, भारत के विदेश मंत्री से मुलाक़ात कर, जी20 से जुड़े मुद्दों, एसडीजी की स्थिति और जलवायु चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया.

इसके अलावा उन्होंने, भारत सरकार की वित्त मंत्री, निर्मला सीतारमण, वन एवं पर्यावरण मंत्री, भूपेन्द्र यादव, विदेश एवं संसदीय कार्यों के राज्य मंत्री, वी मुरलीधरन, नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सुमन बेरी और जी20 में भारत के शेरपा, अमिताभ कान्त के साथ भी भेंट की.

उपमहासचिव आमिना मोहम्मद नई दिल्ली में, टिकाऊ विकास लक्ष्यों को गति देने के समाधानों पर, बदलाव के वाहक युवाओं के साथ एक चर्चा में भाग लिया.

यात्रा के अन्तिम दिन, यूएन उपप्रमुख, भारत के सूचना प्रौद्योगिक शहर, बेंगलुरु की यात्रा पर गईं.

यहाँ उन्होंने भारत के प्रमुख सूचना एवं प्रौद्योगिकी शोध संस्थाओं में विशेषज्ञों व औद्योगिक जगत के प्रतिनिधियों से मिलकर, डिजिटल तकनीक में भारत की उपलब्धियों पर जानकारी ली.

सितम्बर में होने वाले एसडीजी सम्मेलन से ठीक पहले, उपमहासचिव की यह यात्रा, भारत की जी20 अध्यक्षता, एसडीजी की उपलब्धियों एवं जलवायु कार्रवाई पर विचारों के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है. 

उनकी भारत यात्रा की झलकियाँ पेश करती, एक वीडियो रिपोर्ट.