वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

यूएन उपमहासचिव आमिना जे मोहम्मद, तीन-दिन की भारत यात्रा पर

United Nations की उप महासचिव अमीना जे. मोहम्मद भारत के आगरा में ताजमहल के सामने मुस्कुराते हुए बैठी हैं।
UN India/Deepak Malik संयुक्त राष्ट्र की उपमहासचिव आमिना जे मोहम्मद, भारत के आगरा शहर में ताजमहल देखने पहुँचीं.

यूएन उपमहासचिव आमिना जे मोहम्मद, तीन-दिन की भारत यात्रा पर

यूएन मामले

संयुक्त राष्ट्र की उपमहासचिव आमिना जे मोहम्मद भारत की अपनी आधिकारिक यात्रा पर, सोमवार को देश की राजधानी नई दिल्ली पहुँची. उपमहासचिव ने अपने पहले दिन की शुरुआत, आगरा शहर में यूनेस्को संरक्षित विश्व धरोहर स्थल, ताज महल देखने के साथ की. 

Tweet URL

संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थाई प्रतिनिधि राजदूत रुचिरा काम्बोज भी, उपमहासचिव आमिना जे मोहम्मद के भारत आगमन पर उनके साथ उपस्थित थीं. 

भारत में संयुक्त राष्ट्र के रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर शॉम्बी शार्प, और भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव रघुरमन एस ने नई दिल्ली पहुँचने पर, आमिना जे मोहम्मद का स्वागत किया.

जनवरी 2022 में पाँच साल के लिए दूसरा कार्यकाल आरम्भ होने के बाद, यूएन उपप्रमुख के रूप में यह उनकी पहली भारत यात्रा है.

यूएन उपमहासचिव, पहले दिन आगरा स्थित, विश्व मशहूर ऐतिहासिक इमारत ताज महल देखने पहुँचीं.

वह मंगलवार को राजधानी दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्री, डॉक्टर एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री, भूपिन्दर यादव, विदेश एवं संसदीय मामलों के राज्य मंत्री, वी मुरलीधरन, G20 शेरपा, अमिताभ कान्त, नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सुमन बैरी समेत कई आला अधिकारियों से मुलाक़ात करेंगी. 

इसके अलावा, उपमहासचिव आमिना मोहम्मद नई दिल्ली में यूएन कार्यालय में युवाओं के साथ एक गोलमेज़ सम्मेलन में भाग लेंगी, जिसमें टिकाऊ विकास लक्ष्यों को गति देने के समाधानों पर बदलाव के वाहक युवाओं के साथ चर्चा होगी. 

बुधवार को, यूएन उपप्रमुख का भारत के सूचना प्रौद्योगिक शहर बेंगलुरु की यात्रा करने का कार्यक्रम है, जहाँ वह भारत के प्रमुख सूचना एवं प्रौद्योगिकी शोध संस्थाओं में विशेषज्ञों व औद्योगिक जगत के प्रतिनिधियों से मिलकर, डिजिटल तकनीक में भारत की उपलब्धियों पर जानकारी प्राप्त करेंगी, ख़ासतौर पर जिन्हें विकासात्मक चुनौतियों से निपटने के लिए वैश्विक दक्षिणी गोलार्द्ध में स्थित देशों (ग्लोबल साउथ) में अपनाया जा सकता है.  

इस वर्ष सितम्बर में होने वाले एसडीजी सम्मेलन से ठीक पहले उपमहासचिव की इस भारत यात्रा को, भारत की जी20 अध्यक्षता, टिकाऊ विकास लक्ष्यों में उसकी उपलब्धियों एवं जलवायु कार्रवाई पर विचारों के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है. 

United Nations की उप महासचिव अमीना जे मोहम्मद भारत के आगरा में ताजमहल में टहल रही हैं।
UN India/Deepak Malik