वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

2022 में, सर्वोच्च त्याग करने वाले 77 यूएन कर्मचारियों के सम्मान में स्मृति समारोह

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश, अपना सर्वोच्च त्याग करने वाले यूएन कर्मचारियों को श्रृद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.
UN Photo/Manuel Elias
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश, अपना सर्वोच्च त्याग करने वाले यूएन कर्मचारियों को श्रृद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.

2022 में, सर्वोच्च त्याग करने वाले 77 यूएन कर्मचारियों के सम्मान में स्मृति समारोह

यूएन मामले

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने समस्त यूएन परिवार के साथ मिलकर बुधवार को, वर्ष 2022 के दौरान सेवाएँ प्रदान करते समय अपना सर्वोच्च त्याग करने वाले 77 यूएन कर्मचारियों को श्रृद्धांजलि अर्पित की है. महासचिव गुटेरेश ने यूएन कर्मचारियों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा है कि एक विभाजित और ख़तरनाक दुनिया में संयुक्त राष्ट्र की दूरदृष्टि और मूल्य, पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं.

Tweet URL

यूएन के शीर्षतम अधिकारी एंतोनियो गुटेरेश ने न्यूयॉर्क स्थित यूएन मुख्यालय में ट्रस्टीशिप चैम्बर में आयोजित एक समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा, “हम यहाँ शोक व्यक्त करने, एक साथ स्मरण करने और एकजुट होकर सम्मान देने के लिए जुटे हैं.”

सर्वोच्च त्याग करने वाले यूएन कर्मचारियों के सम्बन्धियों समेत, विश्व भर से राजनयिक समुदाय के सदस्यों और यूएन स्टाफ़ ने व्यक्तिगत और ऑनलाइन माध्यम से इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया. 

यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश, महासभा अध्यक्ष कसाबा कोरोसी और जुलाई महीने के लिए सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष देश ब्रिटेन की प्रतिनिधि, राजदूत बारबरा वुडवर्ड ने एक मोमबत्ती जलाकर आयोजन की शुरुआत की, जोकि अमर ज्योजि का द्योतक थी. 

इसके बाद, महासचिव ने अन्य प्रतिभागियों के साथ उन सभी प्रिय सहकर्मियों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा, जिन्होंने अन्य लोगों को जीवन देने के लिए अपने जीवन का त्याग कर दिया.

पिछले वर्ष, संयुक्त राष्ट्र के कामकाज के दौरान 77 सैन्य, पुलिस और असैनिक कर्मचारियों की मौत हो गई, जिनके नाम समारोह के दौरान पढ़े गए.

साहस व संकल्प 

महासचिव गुटेरेश ने बताया कि ये महिला व पुरुष कर्मचारी 36 देशों से थे, और वे सभी सहकर्मी होने के साथ-साथ मित्र भी थे.

“उनकी सेवा, संयुक्त राष्ट्र के सिद्धान्तों व वादे की प्रतिमूर्ति थी. हमारी साझा मानवता का सिद्धान्त और उसके लिए काम करने का वादा – साझा चुनौतियों से निपटने के लिए साथ मिलकर काम करने और सर्वजन के लिए शान्ति, समृद्धि व मानवाधिकारों वाले विश्व को साकार करने के लिए.”

यूएन प्रमुख ने ज़ोर देकर कहा कि शान्तिरक्षकों से लेकर मानवीय राहतकर्मियों तक, संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारी मुश्किल परिस्थितियों में काम करते हुए, संगठन की नेक दूरदृष्टि में हर दिन प्राणों का संचार करते हैं.

“इसके बावजूद, उनकी कोई भी भूमिका हो, और किसी भी प्रकार के हालात हों, आज हम जिनका सम्मान कर रहे हैं, उन सभी ने स्वयं को दूसरों के लिए समर्पित कर दिया था.”

“उनके साहस ने ज़िन्दगियों की रक्षा की, उनके संकल्प ने ज़रूरतमन्दों को बचाया और उनकी विशेषज्ञता ने एक बेहतर जगत के निर्माण में मदद की – अभी और भविष्य के लिए.”

2022 में यूएन के 77 कर्मचारियों ने संगठन में अपनी सेवाएँ प्रदान करते समय अपना सर्वोच्च त्याग किया.
UN Photo/Manuel Elias

स्मृतियाँ शेष

यूएन प्रमुख के अनुसार, एक विभाजित और ख़तरनाक दुनिया में संयुक्त राष्ट्र की दूरदृष्टि और मूल्य, पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हैं.

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के अति-आवश्यक मिशन को जारी रखने के लिए अपने संकल्प को रेखांकित किया, उन सभी लोगों के सम्मान में, जिन्होंने संगठन की सेवा करते हुए अपने प्राणों का त्याग कर दिया. 

महासचिव गुटेरेश ने उनके परिवारों के लिए समर्थन जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है. साथ ही, यूएन स्टाफ़ की सुरक्षा, देखभाल व्यवस्था व कल्याण की भी निरन्तर समीक्षा की जाएगी और उसमें बेहतरी के प्रयास किए जाएंगे.

यूएन प्रमुख ने उन सभी कर्मचारियों की स्मृतियों को जीवित रखने की शपथ ली. “हमारे विचारों में, दिलों में, और सर्वजन के लिए गरिमा व आशा से परिपूर्ण एक विश्व के निर्माण के लिए हमारे कामकाज में.”