वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

क्रिसमस पर शांति और सद्भावना का संदेश

यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश वेटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस के साथ एक मुलाक़ात के दौरान.
UN Photo/Rein Skullerud
यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश वेटिकन सिटी में पोप फ्रांसिस के साथ एक मुलाक़ात के दौरान.

क्रिसमस पर शांति और सद्भावना का संदेश

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने शुक्रवार को वेटिकन में रोमन कैथोलिक चर्च के मुखिया पोप फ़्रांसिस के साथ मुलाक़ात करने के बाद क्रिसमस पर शांति का सद्भावना का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि इस मुश्किल दौर में सभी को शांति व सामंजस्य की ख़ातिर एकजुट होना चाहिए.

यूएन प्रमुख स्पेन की राजधानी मैड्रिड में जलवायु परिवर्तन सम्मेलन कॉप-25 में हिस्सा लेने के बाद रोम पहुंचे थे. 

महासचिव गुटेरेश ने अपने संदेश में कहा, “उथल-पुथल और मुश्किलों से भरे समय में हम सभी को शांति और सामंजस्य के लिए एकजुट होना चाहिए.”

“यही इस समय की भावना का प्रतीक है.”

उन्होंने कहा कि यही संदेश पोप की दृष्टि, मार्गदर्शन और उदाहरण में स्पष्टता से दिखाई देता है. क्रिसमस के त्यौहार से कुछ दिन पहले हुई यह मुलाक़ात यूएन महासचिव के लिए विशेष रूप से अर्थपूर्ण थी. 

उन्होंने पोप फ़्रांसिस का आभार व्यक्त करते हुए सभी को शांति के माहौल में क्रिसमस मनाने और नववर्ष के आगमन के लिए शुभकामनाएं दी. 

अपने संदेश में पोप फ़्रांसिस ने दुनिया में भरोसा क़ायम करने और लोगों में सद्भावना के प्रसार की अहमियत को रेखांकित किया. 

“एक शांतिपूर्ण विश्व बनाने के लिए लोगों और राष्ट्रों के बीच बातचीत में भरोसा, बहुपक्षवाद में भरोसा, अंतरराष्ट्रीय संगठनों की भूमिका में भरोसा और समझ बढ़ाने के लिए कूटनीति के एक उपकरण के रूप में काम करने पर भरोसा होना बहुत ज़रूरी है.”

कैथोलिक चर्च के मुखिया ने कहा कि क्रिसमस का पर्व ध्यान दिलाता है कि जीवन में प्रेम ही सबसे अधिक मायने रखता है.