वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

हर चार में से एक किशोर की सेहत पर शारीरिक निष्क्रियता का साया

एक थका हुआ व्यक्ति चश्मा पहने हुए है जो एक ग्रे सोफे पर कंबल में लिटा सो रहा है, जिसके पास रिमोट कंट्रोल है।
Unsplash/Adrian Swancar विश्व की किशोर आबादी का एक बड़ा हिस्सा शारीरिक रूप से पर्याप्त सक्रिय नहीं है.

हर चार में से एक किशोर की सेहत पर शारीरिक निष्क्रियता का साया

स्वास्थ्य

शारीरिक शिथिलता को, हृदय रोग, डायबिटीज़ और कुछ प्रकार की कैंसर बीमारियों के लिए एक बड़े जोखिम के रूप में देखा जाता है. मगर, पिछले डेढ़ दशक से किए गए प्रयासों के बावजूद, विश्व भर में हर चार में से एक किशोर, सप्ताह में किसी एक दिन के दौरान कम से कम 60 मिनट के लिए भी शारीरिक रूप से सक्रिय नहीं हैं.

शारीरिक सक्रियता केवल खेलकूद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऐसी कोई भी गतिविधि हो सकती है, जिसमें शरीर की ऊर्जा ख़र्च हो. जैसेकि दौड़ने, चलने-फिरने, खेलने, साइकिल चलाने, घर-परिवार के कामकाज, बाग़बानी या फिर नृत्य करने समेत अन्य गतिविधियाँ.

‘लॉन्सेट ग्लोबल हेल्थ’ में प्रकाशित यह अध्ययन, 140 देशों व क्षेत्रों में 32 लाख किशोरों से बातचीत पर आधारित है, जिसके अनुसार, बीते 15 वर्षों के दौरान किशोर आबादी में शारीरिक सक्रियता के स्तर में कोई बदलाव नहीं आया है.

शारीरिक सक्रियता को आरम्भिक जीवन में ही एक आदत के रूप में अपनाकर बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित किया जा सकता है और बीमारियों के बोझ में भी कमी लाई जा सकती है. 

यूएन स्वास्थ्य एजेंसी के महानिदेशक डॉक्टर टैड्रॉस एडहेनॉम घेबरेयेसस ने कहा कि पिछले डेढ़ दशक में युवाओं को सक्रिय बनाने में लगभग कोई प्रगति नहीं हुई है और लड़कियाँ पीछे छूटती जा रही हैं. 

“इसका जवाब, किशोरों को और अधिक कोशिश करने के लिए कहना नहीं है,“ बल्कि इसके लिए स्कूलों, सड़कों, समुदायों का निर्माण करना होगा, जहाँ वे सुरक्षित, सरलतापूर्वक व सामान्य ढंग से खेल सकें या सक्रिय हो सकें.

रोमानिया के बाकाऊ काउंटी के ग्रामीण इलाके में घास के मैदान में तीन बच्चे दौड़ रहे हैं। सबसे आगे एक लड़का कैमरे की ओर दौड़ रहा है, लाल जैकेट पहने एक लड़की उसके पीछे बाहें फैलाकर दौड़ रही है, और लाल टोपी पहने एक छोटा बच्चा थोड़ा पीछे दौड़ रहा है। यह दृश्य धूप वाले दिन का है।
© UNICEF/Cybermedia बच्चों के खेलने-कूदने से उनका स्वास्थ्य बेहतर और मोटापे का जोखिम कम होता है.

रिपोर्ट के निष्कर्ष:

  • 11 से 17 वर्ष आयु वर्ग में 24 करोड़ युवजन, सप्ताह में किसी एक दिन भी 60 मिनट तक शारीरिक रूप से सक्रिय नहीं थे.
  • केवल 14 फ़ीसदी युवा आबादी ने ही सभी सातों दिन शारीरिक सक्रियता की बात कही है.
  • औसतन, युवा आबादी ने एक सप्ताह के दौरान केवल 2.7 दिन ही सक्रिय होने की जानकारी दी है.
  • 28 फ़ीसदी लड़कियों ने बताया कि वे सप्ताह में किसी भी दिन सक्रिय नहीं हैं, जबकि लड़कों के लिए यह आँकड़ा 22 प्रतिशत है.
  • हर देश में लड़कियाँ, लड़कों की तुलना में कम सक्रिय नज़र आई हैं. महज़ 11 प्रतिशत लड़कियाँ हर दिन सक्रिय हैं, जबकि लड़कों के लिए यह अनुपात 17 फ़ीसदी है.
  • कुछ देशों में जहाँ केवल चार फ़ीसदी किशोरों ने सप्ताह में किसी भी दिन सक्रिय न होने की बात कही, वहीं अन्य देशों में यह 40 फ़ीसदी तक जा पहुँचा. 

वैश्विक प्रगति में ठहराव

किशोर आबादी जहाँ रहती, पढ़ती, यात्रा और अपना खाली समय व्यतीत करती है, वहीं से शारीरिक सक्रियता को आकार मिलता है. इसलिए, इस दिशा में वैश्विक प्रगति की सुस्त रफ़्तार के पीछे कोई एक वजह नहीं है. 

परिवहन साधन, सुरक्षित सार्वजनिक स्थल तक पहुँच, चलने-फिरने, साइकिल चलाने के अवसर, स्कूली माहौल, ख़र्च करने की सामर्थ्य, सामाजिक मानदंड और फ़ोन या लैपटॉप की स्क्रीन पर आधारित होती जा रही जीवनशैली. ये सभी ऐसे कारक हैं, जो शारीरिक रूप से सक्रिय होने के लिए किशोरों के निर्णय को प्रभावित कर सकती हैं. 

मगर, स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि चुनौती केवल किशोर आबादी को और अधिक सक्रिय होने के लिए प्रोत्साहित करना भर नहीं है. बल्कि उसे उनके आम जीवन, पालन-पोषण का हिस्सा बनाने पर है.

उदाहरण के लिए, स्कूल-कॉलेज में शारीरिक सक्रियता को बढ़ावा देना, पैदल व साइकिल चलाने के लिए सुरक्षित व्यवस्था में निवेश करना और समुदायों में खेलकूत व सक्रियता के अवसर तैयार करना.  

WHO ने शिक्षा, परिवहन, शहरी नियोजन, खेलकूद व स्वास्थ्य क्षेत्र में और अधिक क़दम उठाए जाने की पैरवी की है, और साथ ही उन अवरोधों को भी दूर करना होगा, जिनका सामना लड़कियों को करना पड़ता है.

यमन में एक रेतीले मैदान पर युवक गेंद खेल रहे हैं; नारंगी जर्सी पहने एक खिलाड़ी गेंद को किक मार रहा है जबकि अन्य खिलाड़ी साफ आसमान के नीचे पास में खड़े हैं।
© IOM/Haithm Abdulbaqi यमन में रेतीली ज़मीन पर कुछ बच्चे फ़ुटबॉल खेल रहे हैं.