डिजिटल कनेक्टिविटी में बड़ी छलांग, फिर भी दो अरब लोग इंटरनेट से वंचित
विश्व भर में, छह अरब से अधिक लोगों (76 फ़ीसदी आबादी) के लिए इंटरनेट उनके दैनिक जीवन का एक अहम हिस्सा बन चुका है, जिसने उनके लिए सूचना, शिक्षा, रोज़गार, व्यापार व आवश्यक सेवाओं के द्वार खोल दिए हैं. मगर, हर चार में से लगभग एक व्यक्ति, यानि दो अरब लोग अब भी इन अवसरों व कनेक्टिविटी से वंचित हैं.
अन्तरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ (ITU) ने मंगलवार को जारी अपने एक नए विश्लेषण में बताया है कि वर्ष 2025 में, 6,1 अरब लोग, यानि विश्व आबादी का 74 प्रतिशत, इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे थे. 2026 में यह आँकड़ा बढ़कर 6.3 अरब (76 फ़ीसदी) तक पहुँच चुका है.
बीते एक साल में इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले लोगों की संख्या में 20 करोड़ की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है, और इंटरनेट की सार्वभौमिक सुलभता की दिशा में प्रगति भी हुई है.
मगर इसके बावजूद, दो अरब लोग अब भी इसकी पहुँच के दायरे से बाहर हैं और यह एक विशाल डिजिटल दरार के बरक़रार रहने का स्पष्ट संकेत है.
यूएन एजेंसी की महासचिव डॉरीन बॉगडन-मार्टिन ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) के दौर में, ऑफ़लाइन होने का अर्थ है, शिक्षा से रोज़गार तक अनगिनत अवसरों से दूर हो जाना. “आज, हमें कनेक्टिविटी के दायरे में विस्तार करने और इसे हर स्थान पर, हर किसी के लिए सार्थक बनाने की पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है.”
ITU का नया अध्ययन दर्शाता है कि विश्व की तीन-चौथाई से अधिक आबादी इंटरनेट का इस्तेमाल कर रही है. लेकिन आँकड़ों में कुछ विसंगतियाँ भी नज़र आई हैं.
डिजिटल दरारें मौजूद
यूएन एजेंसी का मानना है कि इंटरनेट के इस्तेमाल में डिजिटल खाई को पाटने की दिशा में प्रगति हुई है, लेकिन अब भी यह बड़े पैमाने पर व्याप्त है.
उच्च-आय वाले देशों में 93 फ़ीसदी आबादी द्वारा इंटरनेट का इस्तेमाल किया जाता है. वहीं, निम्न-आय वाले देशों में यह आँकड़ा केवल 32 प्रतिशत है.
रिपोर्ट के अहम निष्कर्षों पर एक नज़र:
लैंगिक हिस्सेदारी: विश्व भर में 79 प्रतिशत पुरुष और 74 फ़ीसदी महिलाएँ, इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं. पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या में 0.94 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
आयु: युवा आबादी, शेष जनसंख्या की तुलना में इंटरनेट से कहीं अधिक गहराई तक जुड़ी हुई है. 15 से 24 वर्ष आयु वर्ग में 86 फ़ीसदी युवा, इंटरनेट का इस्तेमाल करते हैं. शेष आबादी के लिए यह आँकड़ा 74 प्रतिशत है.
स्थान: शहरी-ग्रामीण खाई के बीच में कमी आई है, लेकिन अब भी विसंगतियाँ बरक़रार हैं. वैश्विक स्तर पर 82 फ़ीसदी शहरी निवासियों की इंटरनेट तक पहुँच है, जबकि ग्रामीण इलाक़ों में यह घटकर 63 प्रतिशत ही रह जाता है.
मोबाइल फ़ोन: 10 वर्ष व उससे अधिक के आयु वर्ग में 84 प्रतिशत लोगों के पास एक मोबाइल फ़ोन है. उच्च-आय वाले देशों में यह आँकड़ा 95 प्रतिशत से अधिक है, लेकिन निम्न-आय वाले देशों में घटकर 57 फ़ीसदी ही रह जाता है.
नैटवर्क कवरेज: विश्व की 97 फ़ीसदी आबादी, कम से कम एक 3जी नैटवर्क के दायरे में रहती है, लेकिन अन्य आधुनिक टैक्नॉलॉजी की कवरेज अभी असमान ही है. 5जी नैटवर्क, फ़िलहाल वैश्विक आबादी के 59 प्रतिशत तक पहुँचा है: उच्च-आय वाले देशों में 86 प्रतिशत, निम्न-आय वाले देशों में केवल चार फ़ीसदी.
मोबाइल का मासिक इस्तेमाल: उच्च-आय वाले देशों में एक महीने के दौरान, मोबाइल ब्रॉडबैंड ट्रैफ़िक को प्रति ग्राहक 20 जीबी आंका गया है. निम्न-आय वाले देशों में मासिक 3.4 जीबी से यह लगभग छह गुना है.
ख़र्च करने की क्षमता: केवल डेटा का इस्तेमाल करने वाले मोबाइल इंटरनेट पैकेज की वैश्विक औसत क़ीमत घटकर अब प्रति व्यक्ति, औसत राष्ट्रीय आय का 1.2 प्रतिशत रह गई है. वहीं, फ़िक्स्ड ब्रॉडबैंड (घर, कार्यालय में लगाए जाने वाले स्थाई कनेक्शन) की क़ीमत घटकर प्रति व्यक्ति औसत राष्ट्रीय आय का 2.3 फ़ीसदी है.
एआई युग में कनेक्टिविटी
यूएन एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, भूमिबद्ध विकासशील देशों और लघु द्वीपीय विकासशील देशों में यह पहली बार हुआ है, जब उन्हें मोबाइल ब्रॉडबैंड के लिए तयशुदा लक्ष्य, प्रति व्यक्ति औसत राष्ट्रीय आय का दो फ़ीसदी, हासिल करने में सफलता मिली है.
मगर, सबसे कम विकसित देशों में अभी यह ख़र्चीला है और प्रति व्यक्ति औसत राष्ट्रीय आय का 6.1 प्रतिशत आंका गया है.
रिपोर्ट दर्शाती है कि एआई की वजह से जिस तरह से समाजों और अर्थव्यवस्थाओं में बदलाव आ रहे हैं, अग्रणी टैक्नॉलॉजी से उभरे अवसरों का लाभ, डिजिटल कौशल के ज़रिए ही हासिल किया जा सकता है. और इसलिए, डिजिटल भविष्य में किसी को भी पीछे न छूटने देने के लिए इंटरनेट कनेक्टिविटी में मौजूदा खाई को दूर किया जाना आवश्यक है.
इसके लिए, इंटरनेट कनेक्टिविटी की क़ीमत और उसकी उपलब्धता को लोगों की पहुँच के भीतर लाना, डिजिटल टैक्नॉलॉजी व सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना होगा, ताकि हर एक व्यक्ति, हर एक स्थान पर इनका उपयोग कर सके.
ITU की इस पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए.