वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

केनया में इबोला वायरस ने दी दस्तक, नियंत्रण पाने के प्रयासों में तेज़ी

प्लास्टिक की दीवारों वाले एक फील्ड मेडिकल टेंट के अंदर, एक मरीज बिस्तर पर लेटा हुआ है और उसे आईवी ड्रिप लगी हुई है। उसके बगल में एक स्वास्थ्यकर्मी सफेद सुरक्षात्मक सूट और फेस शील्ड पहने हुए क्लिपबोर्ड पर लिख रहा है।
© WHO/Grainne Harrington काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य के एक उपचार केन्द्र में एक इबोला संक्रमित व्यक्ति को ले जाया जा रहा है.

केनया में इबोला वायरस ने दी दस्तक, नियंत्रण पाने के प्रयासों में तेज़ी

स्वास्थ्य

केनया में मंगलवार को पहले इबोला मामले की पुष्टि की गई है, जिससे संक्रमित एक व्यक्ति की मौत होने की ख़बर है. देश में बुंडिबुग्यो वायरस संक्रमण की दस्तक के बाद, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO), केनयाई सरकार के साथ मिलकर वायरस के फैलाव को रोकने में जुट गया है.

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, संक्रमित व्यक्ति एक केनयाई नागरिक था और काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य में रह रहा था. संक्रमण होने के बाद वहाँ कई स्वास्थ्य केन्द्रों पर उनका उपचार किया गया.

इसके बाद, 2 अक्टूबर को मरीज़ ने सड़क मार्ग से युगांडा की राजधानी कम्पाला तक की यात्रा की और फिर केनया की राजधानी नैरोबी पहुँचने के लिए विमान यात्रा की. 

नैरोबी पहुँचने पर मरीज़ को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और अलग रखा गया. परीक्षण के बाद बुंडिबुग्यो वायरस की पुष्टि होने के बाद ज़रूरी उपचार मुहैया कराया गया, लेकिन 5 अक्टूबर को मरीज़ की मौत हो गई. इसके बाद, उन्हें इबोला बचाव नियमों के अनुरूप दफ़ना दिया गया.

केनया, बुंडिबुग्यो नामक वायरस की चपेट में आने वाला चौथा देश बन गया है. काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य में इस बीमारी का प्रकोप है, जबकि युगांडा में भी इसके मामले सामने आए हैं, वहीं, फ़्राँस में भी यात्रा सम्बन्धी एक मामला पहले दर्ज किया जा चुका है.

दक्षिण कोरिया के लोकतांत्रिक गणराज्य के इटुरी प्रांत के बेम्बेई शहर में इबोला के प्रकोप के दौरान, रेड क्रॉस के स्वयंसेवक पूरी तरह से सफेद पीपीई पहने हुए और एक नर्स नीले रंग के स्क्रब पहने हुए एक शिशु का सुरक्षित अंतिम संस्कार कर रहे हैं।
© UNOCHA/Priscilla Lecomte डीआर काँगो में इबोला के प्रकोप के दौरान स्वास्थ्यकर्मी एक शिशु को दफ़नाने की तैयारी कर रहे हैं.

डीआरसी: 2 हज़ार बच्चे प्रभावित

डीआर काँगो में, इस वर्ष मई महीने से ही बुंडिबुग्यो वायरस फैल रहा है, जोकि अब तक का सबसे बड़ा प्रकोप है जहाँ संक्रमितों का आँकड़ा आठ हज़ार को पार कर चुका है. बच्चे इस बीमारी की वजह से अपने प्रियजन खो रहे हैं. 

संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) का कहना है कि इबोला, उन लोगों को बच्चों से छीन रहा है, जिन पर उनका जीवन निर्भर है.

अभिभावक बीमार पड़ते हैं, एक बच्चा भी संक्रमण की चपेट में आ सकता है. इसलिए माता या पिता को उपचार के लिए ले जाया जाता है. वहाँ उनकी मौत हो सकती है. एक ऐसे समय में जब बच्चे को उनकी सख़्त ज़रूरत है, कथित कलंक और डर की वजह से रिश्तेदार और पड़ोसी दूर रहते हैं.

अब तक, 1,900 लड़के-लड़कियाँ अपने एक या दोनों अभिभावकों या फिर देखभाल करने वाले लोगों को खो चुके हैं. 29 सितम्बर तक, डीआरसी में 2,017 बच्चों में इबोला संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 1,062 की जान गई है. 

यूएन के सहायता प्रयास

संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) द्वारा इतुरी और उत्तर किवु प्रान्तों में 12 नर्सरी को समर्थन दिया गया है, जहाँ इस वायरस की चपेट में आने वाले या उन नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों की देखभाल की जा रही है, जिनके माता-पिता संक्रमित हैं. 

“बच्चों को खिलाया-पिलाया जाता है, उनकी देखभाल की जाती है और नज़दीक से नज़र रखी जाती है, ताकि लक्षण होने पर उन्हें जल्द बाल देखभाल सेवाएँ मुहैया कराई जा सकें.”

यूनीसेफ़ ने डीआर काँगो में हर एक उपचार केन्द्र पर नर्सरी की मांग की है, और साथ ही, अति-आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त रखना होगा.

यूएन स्वास्थ्य एजेंसी, स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर संक्रमण मामलों की देखरेख, निगरानी में जुटी है और मृतकों को गरिमापूर्ण ढंग से दफ़नाने के अलावा, सामुदायिक स्तर पर सम्पर्क बनाए रखने की कोशिशें हो रही हैं. इसके अलावा, 54 स्वास्थ्य केन्द्रों पर 1,800 से अधिक बिस्तरों की व्यवस्था की गई है.