नेपाल: बाढ़ प्रभावित इलाक़ों से दूर तक, आय व आजीविका साधनों पर संकट
नेपाल में कुछ सप्ताह पहले आई भीषण बाढ़ से बड़े पैमाने पर तबाही हुई और हज़ारों लोगों का जीवन अस्तव्यस्त हो गया. अन्तरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) का एक नया विश्लेषण दर्शाता है कि इस आपदा का स्थानीय रोज़गारों व आजीविका अवसरों पर गहरा असर हुआ है, जिसके दुष्प्रभाव बाढ़ से सीधे तौर पर प्रभावित हुए इलाक़ों से दूर तक महसूस किए जाने की आशंका है.
26 अगस्त 2026 को नेपाल और चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र की सीमा पर एक ग्लेशियर के ध्वस्त हो जाने से अचानक, विशाल पैमाने पर बाढ़ आ गई थी जिसमें 1,450 से अधिक लोगों की जान गई, और लगभग पाँच हज़ार लापता हो गए.
नेपाल के उत्तरी क्षेत्र में स्थित रसुवा, नुवाकोट और धादिंग क्षेत्रों में घरों, आजीविकाओं व सम्पत्तियों को नुक़सान पहुँचा.
यूएन श्रम एजेंसी का आकलन है कि बाढ़ की चपेट में आए चार किलोमीटर के इलाक़े में 21,400 लोगों के पास रोज़गार था. मगर, मकानों, कार्यस्थलों, सड़कों, स्कूलों, पुलों पावर ग्रिड और जल प्रणालियों को क्षति पहुँची है, आर्थिक गतिविधियों में व्यवधान आया है, और कामगारों के लिए अपने रोज़गारों, बाज़ारों व अति-आवश्यक सेवाओं तक पहुँचना कठिन हो गया है.
नेपाल के लिए ILO के देशीय निदेशक नुमान ओज़कान ने बताया कि इस आपदा की वजह से रोज़गारों पर होने वाले असर केवल बाढ़ प्रभावित इलाक़ों तक सीमित नहीं रहेंगे.
“परिवहन सम्पर्कों, बिजली सम्बन्धी बुनियादी ढाँचे, और व्यापार मार्गों को पहुँची क्षति के झटके, सप्लाई चेन, बाज़ारों और आपस में जुड़ी हुई अन्य सेवाओं तक पहुँच सकते हैं, जिसका दूर स्थित कामगारों व उद्यमों तक प्रभाव होगा.”
आकलन के अहम निष्कर्ष
- पर्यटन, कृषि, परिवहन, सूक्ष्म व लघु उद्यमों में आजीविका साधनों पर भीषण असर हुआ है.
- गाइड, कुली, होटल व रेस्तराँ कर्मचारी, परिवहन संचालक और कृषि श्रमिकों की कमाई घट सकती है, उनका कामकाज रुक गया है और ग्राहकों, ज़रूरी सामग्री व बाज़ार तक पहुँचना कठिन हो गया है.
- परिवहन और बिजली आपूर्ति को क्षति पहुँचने की वजह से आगामी दिनों में इस आपदा का असर और पैना होने की आशंका है.
- बुनियादी ढाँचे को हुए नुक़सान का असर स्थानीय व क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को अपनी चपेट में ले सकता है.
- नेपाल-चीन व्यापार मार्ग में उपजी कठिनाइयों से, बाढ़ प्रभावित ज़िलों से दूर स्थित समुदायों के भी प्रभावित होने की आशंका है.
इसके मद्देनज़र, यूएन श्रम एजेंसी ने कहा है कि पुनर्बहाली और पुनर्निर्माण प्रयासों के ज़रिए आजीविकाओं की रक्षा की जानी होगी और उपयुक्त रोज़गार के अवसर सृजित किए जाने ज़रूरी हैं.
आजीविका के लिए समर्थन
नेपाल में अनौपचारिक रोज़गारों का स्तर बहुत अधिक है और इस वजह से अक्सर कामगारों के पास आय व सामाजिक सुरक्षा उपाय की सीमित उपलब्धता होती है.
आर्थिक गतिविधियों में रुकावट आने की स्थिति में दिहाड़ी श्रमिकों, अस्थाई व अनौपचारिक कर्मचारियों, स्व-रोज़गार पर निर्भर लोगों, और घरों से ही काम करने वाले कामगारों के सामने कमाई खोने की आशंका बढ़ जाती है, भले ही रोज़गार औपचारिक तौर पर ख़त्म न हुआ हो.
यूएन एजेंसी के देशीय निदेशक के अनुसार, आजीविकाओं की रक्षा की जानी होगी, आधारभूत ढाँचे को फिर से खड़ा करना होगा, और पुनर्निर्माण के ज़रिए रोज़गार अवसरों को पैदा करने और कठिनाइयों का सामना करने की क्षमता पर ध्यान देना होगा.
प्रभावित लोगों की आय के लिए सहायता और उद्यमों को समर्थन प्रदान करना अहम है. कामगारों के कौशल का रोज़गार साधनों से मिलान करना होगा, कार्यस्थलों पर सुरक्षा व स्वास्थ्य सम्बन्धी उपायों, और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को सुनिश्चित करना होगा.