वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

कोलम्बिया: 7.4 तीव्रता के भूकम्प में भारी जनहानि, मदद के लिए मुस्तैद यूएन

कोलंबिया के कैली में भूकंप के बाद एक ढही हुई इमारत के स्थल पर आपातकालीन बचावकर्मी और भीड़ जमा हो गई।
© Valentina Escobar Salazar कोलम्बिया के कैली शहर में ढही इमारत के पास मौजूद बचावकर्मी.

कोलम्बिया: 7.4 तीव्रता के भूकम्प में भारी जनहानि, मदद के लिए मुस्तैद यूएन

जलवायु और पर्यावरण

संयुक्त राष्ट्र ने कोलम्बिया में आए शक्तिशाली भूकम्प के बाद सहायता की पेशकश की है. देश के पश्चिमी हिस्से में रिक्टर पैमाने पर 7.4 तीव्रता के भूकम्प से कम से कम 111 लोगों की मौत हो गई है और कई बच्चों समेत 87 लोग घायल हुए हैं. कई लोग अब भी मलबे में फँसे हैं, जबकि भूस्खलनों से घरों और बुनियादी ढाँचे को भारी नुक़सान पहुँचा है.

कोलम्बिया में संयुक्त राष्ट्र की टीमें राष्ट्रीय प्रशासन व आपदा प्रबन्धन एजेंसी के साथ मिलकर हालात पर नज़र रख रही हैं और राहत प्रयासों में सहयोग दे रही हैं.

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र के उप प्रवक्ता फ़रहान हक़ ने कहा कि संगठन स्थिति पर नज़र बनाए हुए है और ज़रूरत पड़ने पर सहायता देने के लिए तैयार है.

उन्होंने कहा, “हमारी संवेदनाएँ सभी भूकम्प प्रभावित लोगों के साथ हैं और हम ज़रूरत के अनुसार हर सम्भव मदद के लिए तैयार हैं.”

भूकम्प स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजकर 34 मिनट पर आया. इसका केन्द्र चोको विभाग में सैन होसे डेल पालमार के पास था.

कोलम्बिया में संयुक्त राष्ट्र की रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर मारिया होसे टोरेस माचो ने बताया कि यूएन की टीमें प्रभावित इलाक़ों में नुक़सान और ज़रूरतों का आकलन कर रही हैं. सरकार के साथ एक प्रारम्भिक आपात बैठक की भी तैयारी की जा रही है, ताकि तय किया जा सके कि किस तरह की सहायता जुटाई जा सकती है.

भूकम्प के झटके कोलम्बिया के बड़े हिस्से के साथ-साथ पड़ोसी देशों पनामा, इक्वाडोर और वेनेज़ुएला में भी महसूस किए गए.

मृतकों की संख्या बढ़ने के बीच तलाश और बचाव अभियान जारी हैं. शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, कई शहरों में मकान और इमारतें ढह गई हैं, जबकि लोग अब भी मलबे में फँसे हैं.

आधिकारिक आँकड़ों के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार दोपहर 2 बजकर 45 मिनट तक 1,575 मकान क्षतिग्रस्त हुए थे और 37 पूरी तरह नष्ट हो गए थे, जबकि 61 इमारतें ढह गई थीं. 18 स्वास्थ्य केन्द्रों और 52 शैक्षणिक संस्थानों को भी नुक़सान पहुँचा है.

फ़रहान हक़ ने कहा कि कुछ ग्रामीण इलाक़ों में सम्पर्क सीमित होने के कारण नुक़सान का पूरा आकलन करना मुश्किल है और तबाही का वास्तविक पैमाना अभी स्पष्ट नहीं है.

यह भूकम्प राष्ट्रपति अबेलार्दो दे ला एस्प्रियेला के पदभार सम्भालने के महज़ तीन दिन बाद आया. उन्होंने कहा कि फ़िलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता मलबे में फँसे लोगों को बचाना है.

भूकंप के बाद कोलंबिया के कैली शहर में लोग ढह गई इमारत के मलबे का जायजा ले रहे हैं।
© Valentina Escobar Salazar कोलम्बिया के कैली शहर में 7.4 तीव्रता के भूकम्प के बाद एक इमारत मलबे में तब्दील हो गई.

सर्वाधिक प्रभावित इलाक़े

लगभग पाँच लाख की आबादी वाला पेरेरा शहर भूकम्प के केन्द्र से क़रीब 35 मील दूर है, आपात टीमें जीवित बचे लोगों की तलाश में जुटी हैं, वहीं शहर के मेयर ने 18 लोगों की मौत की पुष्टि की है.

Tweet URL

देश के तीसरे सबसे बड़े शहर कैली में कई भूस्खलन हुए हैं और कुछ लोग फँसे हुए हैं. अधिकारियों ने बचाव अभियान के लिए अतिरिक्त सहायता मांगी है.

भूकम्प से परिवहन सेवाएँ भी प्रभावित हुई हैं. पश्चिमी कोलम्बिया के कई हवाई अड्डों पर जाँच के लिए उड़ानें अस्थाई रूप से रोक दी गई हैं.

राजधानी बोगोटा तक में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के आदेश दिए गए. बोगोटा, भूकम्प के केन्द्र सैन होसे डेल पालमार से लगभग 250 मील पूर्व में है.

सरकार ने आपात प्रतिक्रिया तंत्र सक्रिय कर दिया है और प्रभावित इलाक़ों में नुक़सान व ज़रूरतों का आकलन जारी है.

सहायता के लिए मुस्तैद

संयुक्त राष्ट्र की कई एजेंसियों ने प्रभावित समुदायों के साथ एकजुटता जताई है और कहा है कि सरकार के अनुरोध पर वे सहायता के लिए तैयार हैं.

विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने कहा है कि उसके पास सरकार और राष्ट्रीय आपात एजेंसियों की मदद के लिए मानवीय सहायता पहुँचाने की पूर्ण क्षमता मौजूद है.

संयुक्त राष्ट्र प्रणाली का हिस्सा, पैन अमेरिकी स्वास्थ्य संगठन (PAHO) भी राष्ट्रीय अधिकारियों के साथ निकट सम्पर्क में है.

अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) भी स्थिति पर नज़र रखे हुए है और विस्थापित लोगों समेत समस्त प्रभावित समुदायों की सहायता के लिए तैयार है.

एकजुटता

अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) की महानिदेशक एमी पोप ने कोलम्बिया के साथ एकजुटता जताई और कहा कि संगठन प्रभावित समुदायों की मदद के लिए तैयार है.

संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) ने चेतावनी दी है कि ऐसी आपात स्थितियों में लड़कियों, महिलाओं और किशोरों के लिए लैंगिक हिंसा का ख़तरा बढ़ सकता है तथा स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच मुश्किल हो सकती है. एजेंसी ने कहा कि वह प्रभावित समुदायों में आवश्यक सेवाएँ जारी रखने के प्रयासों में सहयोग कर रही है.

यूएन शरणार्थी एजेंसी (UNCHR) भी भूकम्प के प्रभाव का आकलन कर रही है और अधिकारियों व साझीदार संगठनों के साथ मिलकर सहायता देने के लिए तैयार है.

कोलम्बिया में संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि मानवीय ज़रूरतों की स्थिति स्पष्ट होने तक उसकी टीमें राष्ट्रीय संस्थाओं के साथ सम्पर्क में रहेंगी.