यूक्रेन: रूसी हमलों में तेज़ी, जुलाई नागरिकों के लिए सबसे घातक महीना
यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय के अनुसार, रूसी सेनाओं ने मंगलवार रात कीव और उसके आसपास के इलाक़ों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और लम्बी दूरी के ड्रोन से हमले किए. इनमें कम से कम 17 नागरिक मारे गए, जबकि 44 अन्य घायल हुए.
रूस के ताज़ा हमलों के साथ युद्ध और घातक होता जा रहा है. संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय (OCHA) के अनुसार, अप्रैल 2022 के बाद जुलाई, यूक्रेनी नागरिकों के लिए सबसे घातक महीना रहा.
वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में संयुक्त राष्ट्र पर्यवेक्षकों ने 1,396 नागरिकों की मौत और 7,978 के घायल होने की पुष्टि की. रूस द्वारा अग्रिम मोर्चे से दूर के इलाक़ों पर लम्बी दूरी के हमले बढ़ाए जाने के कारण, ये आँकड़े 2024 और 2025 की इसी अवधि से काफ़ी अधिक हैं.
यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र के मानवीय समन्वयक मैथियास श्माले ने कहा, “हमले जारी रहने से और अधिक परिवार तबाह हो गए हैं, विस्थापित हुए हैं या अपना जीवन फिर से बसाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.”
कीव के बाहर भी हमले
कीव के पास ब्रोवार्स्की ज़िले में रात को एक रेलवे प्लेटफ़ॉर्म पर हुए हमले में कई लोग मारे गए.
देश के अन्य हिस्सों में क्रामातोर्स्क, ख़ेरसॉन और ज़ैपोरिझझिया शहरों पर हवाई और ड्रोन हमले हुए. इनमें दर्जनों लोग मारे गए या घायल हुए. घरों, स्कूलों, सार्वजनिक परिवहन ढाँचे, जल प्रणालियों और मानवीय सहायता गोदामों को भी नुक़सान पहुँचा.
यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख डेनिएल बेल ने कहा, “आबादी वाले इलाक़ों में बैलिस्टिक मिसाइलों और अन्य लम्बी दूरी के हथियारों का बढ़ता इस्तेमाल नागरिक हताहतों की संख्या बढ़ा रहा है और घरों, व्यवसायों व अन्य नागरिक ढाँचे को व्यापक नुक़सान पहुँचा रहा है.”
संयुक्त राष्ट्र ने फ़रवरी में बताया था कि लगभग 37 लाख यूक्रेनी अब भी देश के भीतर विस्थापित हैं, जबकि 59 लाख अन्य देशों में शरणार्थी के रूप में रह रहे हैं.
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को रूस के कई शहरों में यूक्रेन के लम्बी दूरी के ड्रोन हमलों में बच्चों समेत कम से कम 12 लोग मारे गए.
मैथियास श्माले ने दोहराया कि रूस और यूक्रेन के सैन्य बलों समेत सभी सेनाएँ अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक सावधानी बरतने के लिए बाध्य हैं.
युद्ध के बीच एक और सर्दी
यूक्रेन में एक करोड़ 27 लाख लोगों को मानवीय सहायता की ज़रूरत है. संयुक्त राष्ट्र की कई एजेंसियाँ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और जीवनरक्षक सेवाओं तक उनकी पहुँच सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही हैं.
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) देश के भीतर विस्थापित लोगों और घर लौटने वालों को आपातकालीन आश्रय, नक़द सहायता और घरों की मरम्मत में मदद दे रही है.
अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) नक़द सहायता और मानवीय राहत सामग्री पहुँचाने में सहयोग कर रहा है, जबकि संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) यूक्रेनी बच्चों को सुरक्षित पानी, शिक्षा एवं मनोसामाजिक सहायता उपलब्ध करा रहा है.
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय साझीदारों ने जुलाई में आगामी सर्दियों के लिए शीतकालीन सहायता योजना शुरू की. इसके तहत लोगों के लिए तापन सुविधाएँ, आश्रय स्थलों की मरम्मत, स्वास्थ्य देखभाल, संरक्षण, भोजन और नक़द सहायता दी जाएगी.
यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र की टीम के अनुसार, पिछली बार सर्दी के लम्बे मौसम के दौरान नागरिकों को महत्वपूर्ण ऊर्जा ढाँचे पर लगातार रूसी हमलों का सामना करना पड़ा था.
दोनों देशों में बच्चे अब भी मारे जा रहे हैं. UNICEF के अनुसार, मंगलवार को रूस में एक हमले में तीन बच्चों की मौत हुई, जबकि पिछले सप्ताह यूक्रेन पर रूसी हमलों में कम से कम छह बच्चे मारे गए.
UNICEF ने मंगलवार को जारी एक वक्तव्य में कहा, “हम सभी पक्षों से फिर अपील करते हैं कि वे अन्तरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून के तहत अपने दायित्वों का पालन करें. इनमें बच्चों और नागरिक बुनियादी ढाँचे की सुरक्षा भी शामिल है. बच्चों की जान लेने और उन्हें घायल करने वाले हमले बन्द होने चाहिए.”