वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

यूक्रेन: रूसी हमलों से मानवीय सहायता गोदामों को भारी नुक़सान

यूक्रेन में एक महिला और एक पुरुष एक ध्वस्त ईंट की इमारत के मलबे के बीच अपना सामान खोज रहे हैं।
© UNICEF/Oleksii Fili 19 जुलाई 2026 को कीव में रूसी मिसाइल हमले के बाद मलबे के बीच स्थानीय निवासी.

यूक्रेन: रूसी हमलों से मानवीय सहायता गोदामों को भारी नुक़सान

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों ने सोमवार को बताया कि हाल के दिनों में यूक्रेन के कई हिस्सों में हुए रूसी हमलों में कम से कम दो बच्चों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हुए. इन हमलों में राहत सामग्री रखने वाले तीन प्रमुख गोदामों को भी भारी नुक़सान पहुँचा.

संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता समन्वय कार्यालय (OCHA) ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में राजधानी कीव, ओडेसा क्षेत्र के एक मनोरंजन स्थल और ज़ैपोरिझझिया में हुए हमलों में दर्जनों लोग मारे गए या घायल हुए. मीडिया ख़बरों के अनुसार, ज़ैपोरिझझिया में एक ड्रोन हमले में रैड क्रॉस का एक वाहन भी नष्ट हो गया.

यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र के मानवीय समन्वयक मैथियास श्माले ने कहा, “देश भर में इन हमलों से बढ़ती जनहानि बेहद भयावह है.”

सप्ताहान्त में घातक हमले

संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों ने इन मौतों की कड़ी निन्दा करते हुए हिंसक टकराव समाप्त करने की अपील की है.

संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने सोमवार को पत्रकारों को बताया कि सप्ताहान्त में हुए घातक हमलों में मानवीय सहायता सामग्री के कई गोदाम क्षतिग्रस्त हुए. इनमें दनिप्रो में विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) और कीव क्षेत्र में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) से जुड़े गोदाम भी शामिल हैं.

WFP ने बताया कि उसके गोदाम पर चार बार ड्रोन से हमला किया गया. पिछले तीन महीनों में यूक्रेन में स्पष्ट रूप से चिह्नित उसकी सम्पत्तियों पर यह सातवाँ हमला था. पिछले दो वर्षों में ऐसे 90 से अधिक हमले दर्ज किए गए हैं.

UNICEF के अनुसार, रविवार को बिलोहोरोदका में उसके अनुबन्धित गोदाम पर हमले के समय वहाँ 1 लाख 6 हज़ार से अधिक वस्तुएँ रखी थीं, जिनकी अनुमानित क़ीमत 39 लाख डॉलर थी. इनमें जेनेरेटर, पेयजल, स्वच्छता किट और पानी के भण्डारण टैंक शामिल थे. ये सामग्री यूक्रेन में एजेंसी के राहत कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी. हमले से हुए कुल नुक़सान का आकलन अभी जारी है.

Tweet URL

‘एक और भयावह रात’

संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता ने सोमवार को कहा, “इन चुनौतियों के बावजूद, हमने और हमारे मानवीय साझीदारों ने हमलों के बाद आपात सहायता उपलब्ध कराई और ख़ेरसॉन में अग्रिम मोर्चे पर रह रहे समुदायों तक 11 मीट्रिक टन राहत सामग्री पहुँचाई.” इसमें पानी, स्वच्छता व गरिमा किट, प्राथमिक उपचार किट और दवाएँ शामिल थीं.

संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनीसेफ़) ने कहा कि पिछले एक सप्ताह में कीव समेत यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों में हुए हमलों में दो बच्चों की मौत और कम से कम 50 अन्य बच्चों के घायल होने की ख़बरों से वह बेहद दुखी है.

यूनीसेफ़ ने कहा, “यह बच्चों के लिए एक और भयावह रात थी, जो हवाई हमलों के सायरन और विस्फोटों के बीच जागते हुए बीती. कीव और आसपास के क्षेत्रों में ये आवाज़ें कई घंटों तक सुनाई देती रहीं. लोगों के हताहत होने और घरों को नुक़सान पहुँचने की ख़बरें हैं. यूनीसेफ़ व उसके साझीदार, प्रभावित बच्चों और परिवारों की सहायता जारी रखे हुए हैं.”

हमले बन्द होने चाहिए

यूनीसेफ़ ने यूक्रेन में बच्चों के लगातार मारे जाने और घायल होने पर गहरी चिन्ता जताई है. एजेंसी के अनुसार, जून में बच्चों के हताहत होने का मासिक आँकड़ा 2022 के बाद सबसे अधिक रहा. इस दौरान सात बच्चों की मौत हुई और 116 घायल हुए.

एजेंसी ने कहा, “हम उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं.”

यूनीसेफ़ ने चेतावनी दी कि इन हमलों से मानवीय सहायता कार्य भी बाधित हो रहे हैं. राहत सामग्री के गोदामों को नुक़सान पहुँचने और राहतकर्मियों पर हमलों के कारण युद्ध से प्रभावित बच्चों और परिवारों तक जीवनरक्षक सहायता पहुँचाना मुश्किल हो रहा है.

यूनीसेफ़ ने कहा, “ये हमले बन्द होने चाहिए. बच्चों और मानवीय सहायता केन्द्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए. सबसे बढ़कर, यूक्रेन के बच्चों को स्थाई शान्ति की आवश्यकता है.”