वेनेज़ुएला भूकम्प: 37 अरब डॉलर का नुक़सान, यूएन सहायता प्रयास तेज़
वेनेज़ुएला में भूकम्पों से प्रभावित लोगों की मदद के लिए संयुक्त राष्ट्र और उसके साझीदार सहायता प्रयास तेज़ कर रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र के नए आकलन के अनुसार, घरों और बुनियादी ढाँचे को हुआ प्रत्यक्ष नुक़सान 37 अरब डॉलर तक पहुँच गया है.
यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने सोमवार को न्यूयॉर्क में पत्रकारों से कहा, “हम और हमारे साझीदार, सरकार के साथ समन्वय में, भूकम्पों से प्रभावित लोगों के लिए सहायता लगातार बढ़ा रहे हैं.”
24 जून को वेनेज़ुएला के उत्तर-मध्य क्षेत्र में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकम्प आए थे. दोनों भूकम्पों के बीच केवल 39 सेकंड का अन्तर था.
आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (UNDRR) के पहले आकलन के अनुसार, आवासों व बुनियादी ढाँचे को हुए प्रत्यक्ष भौतिक नुक़सान का अनुमान लगभग 37 अरब डॉलर है.
इसमें घरों, व्यवसायों, स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक सुविधाओं जैसी इमारतों को हुआ लगभग 24 अरब डॉलर का नुक़सान शामिल है. बुनियादी ढाँचे को लगभग 13 अरब डॉलर की क्षति हुई है.
बुनियादी ढाँचे में सबसे अधिक नुक़सान दूरसंचार क्षेत्र को हुआ, जो लगभग 5 अरब डॉलर आँका गया है. इसके बाद ऊर्जा उत्पादन और सड़कों को क्षति पहुँची.
यह अनुमान जोखिम मॉडलिंग पर आधारित है, ज़मीनी निरीक्षणों पर नहीं. इसमें सेवाओं और आर्थिक गतिविधियों में रुकावट से हुए नुक़सान, आपात राहत कार्रवाई की लागत, आपूर्ति श्रृँखला पर असर या पुनर्निर्माण की लागत शामिल नहीं है.
इसलिए कुल आर्थिक प्रभाव इससे कहीं अधिक हो सकता है.
बच्चों पर गहरा असर
संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) ने चेतावनी दी है कि बच्चे इस आपदा से सबसे अधिक प्रभावित समूहों में शामिल हैं. एजेंसी के अनुसार, 6 लाख 50 हज़ार लोगों को मानवीय सहायता की ज़रूरत होगी, जिनमें 2 लाख 34 हज़ार बच्चे हैं.
कराकस सहित राजधानी ज़िले में लगभग एक-तिहाई स्कूल क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे हज़ारों बच्चों की पढ़ाई बाधित हुई है.
UNICEF ने आपात टीमें तैनात की हैं और 68 टन राहत सामग्री भेजी है. इनमें चिकित्सा सामग्री, पानी और स्वच्छता उपकरण, तथा ज़रूरी घरेलू सामान शामिल हैं.
एजेंसी ने प्रभावित परिवारों के लिए स्वास्थ्य देखभाल, पोषण, सुरक्षित पानी, बाल संरक्षण और शिक्षा सहायता बढ़ाने के लिए 5 करोड़ 20 लाख डॉलर की अपील की है.
ज़मीनी कार्रवाई
संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता समन्वय कार्यालय (OCHA) के अनुसार, प्रभावित इलाक़ों में खोज और बचाव टीमें अब भी तैनात हैं. चिकित्सा कर्मियों से लेकर इंजीनियरों तक, विशेषज्ञ टीमें लगातार पहुँच रही हैं.
इस बीच, मानवीय ज़रूरतों का एक अलग आकलन पूरा होने के क़रीब है. इसके आधार पर संशोधित कार्रवाई योजना और आवश्यक संसाधनों की माँग तैयार की जाएगी.
सरकार ने बताया कि मृतकों की संख्या 3,340 से अधिक हो गई है, जबकि 16,740 से अधिक लोग घायल हुए हैं और लगभग 17 हज़ार लोग बेघर हो गए हैं.
स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा कि कराकस में अधिकारी राहत प्रयासों का नेतृत्व कर रहे हैं. उनका ध्यान विस्थापित लोगों की मदद और तात्कालिक मानवीय ज़रूरतों को पूरा करने पर है.
कम से कम 79 अस्थाई शिविर, स्टेडियमों और खेल परिसरों में खोले गए हैं, जहाँ विस्थापित लोगों को आश्रय और सहायता दी जा रही है.
राहत सहायता जारी
संयुक्त राष्ट्र एजेंसियाँ तीन शिविरों में पहले से ही सेवाएँ दे रही हैं और सहायता पहुँचाने के लिए अन्य स्थलों का भी आकलन कर रही हैं.
स्वास्थ्य साझीदार, ज़रूरत के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल, मानसिक स्वास्थ्य व मनोसामाजिक सहायता, और यौन व प्रजनन स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं.
मानवीय अधिकारियों के अनुसार, शिविरों में सुरक्षित पानी और स्वच्छता तक पहुँच में सुधार हो रहा है. अस्थाई आवास स्थलों पर स्वच्छता किट बाँटी जा रही हैं और स्वच्छता ढाँचे का विस्तार किया जा रहा है.
वेनेज़ुएला के लिए मानवीय कार्रवाई योजना को अब तक 27 करोड़ 40 लाख डॉलर प्राप्त हुए हैं. इसके अलावा, निजी क्षेत्र के दानदाताओं से 3 करोड़ 20 लाख डॉलर से अधिक की राशि और वस्तुओं व सेवाओं के रूप में अतिरिक्त योगदान भी मिला है.