यूक्रेन: रूस के ताज़ा हमले में राजधानी कीव में 14 लोगों की मौत
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात यूक्रेन की राजधानी कीव में हुए रूसी हमलों में कम से कम 14 नागरिकों की मौत हो गई और 80 से अधिक लोग घायल हुए.
मिसाइल और ड्रोन हमलों में बहुमंज़िला रिहायशी इमारतों और अन्य नागरिक ढाँचों को भारी नुक़सान पहुँचा. ये हमले कीव में हुए एक अन्य रूसी हमले के केवल चार दिन बाद हुए, जिसमें कम से कम 30 नागरिकों की मौत हुई थी.
यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष सहायता अधिकारी मैथियास श्माले ने कहा, “जब मैं एकजुटता व्यक्त करने के लिए हमलों के स्थलों का दौरा कर रहा हूँ, तो लोगों की पीड़ा का यह स्तर देखना असहनीय हो रहा है.”
मैथियास श्माले ने कहा कि दनिप्रो, ख़ेरसॉन, कीव और ज़पोरिझझिया में हुए हमलों से बुनियादी सेवाओं तक पहुँच बाधित हुई है.
महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने ताज़ा हमलों की कड़ी निन्दा की. उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि नागरिकों या नागरिक ढाँचे को निशाना बनाने वाले हमले, “चाहे कहीं भी हों, अन्तरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून का स्पष्ट उल्लंघन हैं और उन्हें तुरन्त रोका जाना चाहिए.”
उन्होंने तनाव घटाने की अपनी अपील दोहराई, ताकि पूर्ण, तत्काल और बिना शर्त युद्धविराम हो सके.
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन में जुलाई के महीने में अब तक हर दिन औसतन 170 नागरिक मारे गए या घायल हुए हैं. नागरिक हताहतों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में तेज़ी से बढ़ रही है.
सप्ताहान्त में तेज़ हुई लड़ाई
कीव क्षेत्र पर हमलों के अलावा, सोमवार को रूसी मिसाइलों और ड्रोन ने ओडेसा को भी निशाना बनाया. स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में कई घरों को नुक़सान पहुँचा और एक व्यक्ति घायल हुआ.
रूसी सेना ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने यूक्रेनी शहर कोस्तियान्तिनिव्का पर नियंत्रण कर लिया है. मगर यूक्रेनी अधिकारियों ने इसका खंडन करते हुए कहा कि शहर अब भी यूक्रेनी बलों के नियंत्रण में है.
इस बीच, सोमवार रात यूक्रेनी ड्रोन हमलों में रूस के यारोस्लाव्ल शहर में बन्दरगाहों और एक बड़े तेल शोधक कारख़ाने को निशाना बनाया गया. क़ब्ज़े वाले क्रीमिया में बिजली गुल होने की भी ख़बर है. इन हमलों से रूस की घरेलू तेल आपूर्ति पर और अधिक दबाव पड़ सकता है, जिसके कारण वहाँ ईंधन के वितरण पर सख़्त नियंत्रण लागू करना पड़ा है.
सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेन्स्की ने अमेरिका में बनी पैट्रियॉट अवरोधक मिसाइलों की और अधिक आपूर्ति की अपील दोहराई. उन्होंने यह अपील तुर्किये के अंकारा में मंगलवार और बुधवार को होने वाले उत्तरी अटलांटिक सन्धि संगठन (NATO) के शिखर सम्मेलन से पहले की है.
यूक्रेनी सेना ने बताया कि अवरोधक मिसाइलों की कमी के कारण ही राजधानी को निशाना बनाकर दाग़ी गई 23 बैलिस्टिक मिसाइलों में से एक भी गिराई नहीं जा सकी.
इन हमलों के बाद, यूक्रेन ने न्यूयॉर्क में सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाने का अनुरोध किया है.
कीव हमलों के बाद मानवीय कार्रवाई
नागरिक हताहतों की संख्या बढ़ने के बीच, यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र का सहायता कार्यालय 2026 में 41 लाख 20 हज़ार लोगों तक मानवीय सहायता पहुँचाने का लक्ष्य रखता है. इसमें अग्रिम मोर्चे पर कार्रवाई, हमलों से प्रभावित लोगों को आपात सहायता और आन्तरिक रूप से विस्थापित लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी, UNHCR ने सर्दियों की ज़रूरतों, आश्रय स्थलों की मरम्मत, ऊर्जा सहायता और विस्थापित लोगों को सामाजिक सेवाओं से जोड़ने के लिए नक़द सहायता प्रदान की है.
संयुक्त राष्ट्र एजेंसियाँ प्रभावित स्थलों का दौरा कर रही हैं. वे नागरिक हताहतों की पुष्टि करने और नागरिक ढाँचों को हुए नुक़सान का प्रलेखन करने के लिए अधिकारियों व अस्पतालों के सम्पर्क में हैं.
मैथियास श्माले ने कहा, “यह बात बार-बार दोहराई जानी चाहिए कि अन्तरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून के तहत नागरिकों और नागरिक ढाँचों की रक्षा के लिए हर सम्भव उपाय करना आवश्यक है. घरों को तबाह करने और निर्दोष लोगों की जान लेने वाले हमलों को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए.”