वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

वेनेज़ुएला भूकम्प: बेहद कठिन हालात में जीवित लोगों की तलाश जारी

24 जून, 2026 को आए भूकंप के बाद, विश्व खाद्य एवं परिवार कल्याण WFP) और नागरिक सुरक्षा दल वेनेजुएला के काराकास शहर की एक सड़क पर एक ट्रक से सहायता सामग्री के बक्से वितरित कर रहे हैं।
© WFP/Gustavo Vera वेनेज़ुएला में भूकम्प से प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुँचाई जा रही है.

वेनेज़ुएला भूकम्प: बेहद कठिन हालात में जीवित लोगों की तलाश जारी

मानवीय सहायता

वेनेज़ुएला में दोहरे भूकम्प के पाँच दिन बाद सोमवार को भी राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा. स्थानीय बचावकर्मी और परिवार बेहद कठिन परिस्थितियों में अपने लापता परिजनों की तलाश में जुटे हैं.

वेनेज़ुएला में संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) की देश निदेशक स्टेफ़नी होचेस्टेटर ने भूकम्प प्रभावित ला गुएरा से कहा, “चारों ओर तबाही का मंजर है.” यह तटीय राज्य राजधानी कराकस से उत्तर में लगभग 40 मिनट की दूरी पर स्थित है.

उन्होंने कहा, “बहुत से लोगों की जान गई है. हज़ारों लोग घायल हुए हैं और सैकड़ों इमारतें नष्ट हो गई हैं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं. लोगों को भोजन की भारी ज़रूरत होगी.”

अब तक कम से कम 1,450 लोगों की मौत और 3,200 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है. मगर मृतकों की वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक होने की आशंका है, क्योंकि अब भी हज़ारों लोग लापता हैं और घायलों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

सबसे अधिक प्रभावित इलाक़ों में शामिल ला गुएरा में मिरेया केसादा सोहो ने स्थानीय बचावकर्मियों के सामने मौजूद कठिन चुनौतियों के बारे में बताया. जब 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकम्प एक मिनट से भी कम समय के अन्तराल पर आए, तब उनके रिश्तेदार भी वहीं रह रहे थे. अब वहाँ चारों ओर ढही हुई इमारतें और मलबे के विशाल ढेर दिखाई दे रहे हैं.

Tweet URL

धूल से सनी जीन्स और टी-शर्ट पहने, सफ़ेद होते बालों पर बेसबॉल टोपी और आँखों पर चश्मा लगाए मिरेया केसादा सोहो ने कहा, “शुरुआत में हमने अपने परिजनों को निकालने के लिए नंगे हाथों से मलबा खोदना शुरू किया.”

उन्होंने कहा, “हम जानते हैं कि वे अब जीवित नहीं हैं, लेकिन हम उन्हें एक बार फिर देखना चाहते हैं. इसलिए उन्हें मलबे से निकालने के लिए सहायता माँग रहे हैं. हमारी मदद के लिए आए लोगों के हम बेहद आभारी हैं.”

संकट के शुरुआती घंटों से ही संयुक्त राष्ट्र मानवीय सहायता समन्वय कार्यालय (OCHA) 27 देशों के अन्तरराष्ट्रीय राहत अभियान के समन्वय में सहयोग कर रहा है. इसमें 2,200 से अधिक बचावकर्मी और 140 खोजी कुत्ते शामिल हैं.

एजेंसी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि “ख़तरनाक मलबे और बेहद कठिन परिस्थितियों के बीच” परिवार अपने प्रियजनों की तलाश कर रहे हैं.

खोज एवं बचाव कार्यों के अलावा OCHA सूचना प्रबन्धन, परिवहन और संचार में भी सहयोग दे रहा है. ग़ैर-सरकारी संगठन और निजी क्षेत्र के साझीदार, घटनास्थल पर आश्रय, पानी, भोजन, दवाएँ और संरक्षण सेवाएँ उपलब्ध करा रहे हैं.

OCHA के कर्मी, सरकार, सेना और नागरिक सुरक्षा एजेंसियों के साथ भी मिलकर काम कर रहे हैं. ला गुएरा में संयुक्त राष्ट्र ने तीन फ़ील्ड अस्पताल स्थापित किए हैं और टीमें उन लोगों की सहायता की तैयारी कर रही हैं, जो अपने घरों में वापस नहीं लौट सकते.

भोजन की उपलब्धता बड़ी चिन्ता

विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने बताया कि वेनेज़ुएला में उसके पास 3,000 मीट्रिक टन से अधिक खाद्य सामग्री मौजूद है. यह 10,000 से अधिक परिवारों को दो महीने तक भोजन उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त है.

एजेंसी ने सोमवार को कहा, “हम जल्द से जल्द अतिरिक्त खाद्य सहायता जुटाने के तरीक़ों पर काम कर रहे हैं और प्रभावित राज्यों में राहत कार्यों की प्राथमिकताएँ तय कर रहे हैं.”

WFP के अनुसार, भूकम्प ने पहले से ही कई संकटों से जूझ रहे इस देश की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. देश की 80 प्रतिशत आबादी के लिए पर्याप्त भोजन की उपलब्धता अभी भी एक बड़ी चिन्ता बनी हुई है.

संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) के अनुसार, लगभग 18 लाख लोगों को मानवीय सहायता की ज़रूरत है, जिनमें 6 लाख 80 हज़ार बच्चे शामिल हैं.

सप्ताहान्त में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संयुक्त राष्ट्र के आपात राहत प्रमुख टॉम फ़्लैचर ने सड़कों, हवाई अड्डों और इमारतों को हुई क्षति को “अत्यन्त व्यापक” बताया.

उन्होंने कहा कि 50,000 लोगों के लापता होने का शुरुआती अनुमान अब भी “भयावह रूप से सम्भव” है. हालाँकि, सभी लापता लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका नहीं है.

ताश के पत्तों की तरह ढहीं इमारतें

संयुक्त राष्ट्र प्रवासन एजेंसी (IOM) ने चेतावनी दी है कि दोहरे भूकम्पों से लगभग 67 लाख 60 हज़ार लोग प्रभावित हो सकते हैं. इनमें अकेले कराकस के लगभग 20 लाख लोग शामिल हैं.

आपदा की व्यापकता उजागर करते हुए एजेंसी ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट के उपग्रह विश्लेषण के अनुसार, उत्तरी वेनेज़ुएला के प्रमुख बन्दरगाह शहर कैटिया ला मार में 31.5 प्रतिशत इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं.

ऐसे शुरुआती आकलनों से राहतकर्मियों को यह पता लगाने में मदद मिलती है कि किन समुदायों को जीवनरक्षक सहायता की सबसे अधिक और तत्काल ज़रूरत है.

नवीनतम आधिकारिक आकलन के अनुसार, 24 जून को आए भूकम्पों में लगभग 190 इमारतें ढह गईं और कुल 770 से अधिक इमारतें प्रभावित हुईं. प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि इमारतें “ताश के पत्तों के घर” और “परतदार पेस्ट्री” की तरह ढह गईं, जिससे हज़ारों लोग बेघर हो गए और कई मलबे में फँस गए.