वेनेज़ुएला भूकम्प: पीड़ितों की मदद के लिए सामूहिक प्रयास की अपील
वेनेज़ुएला में आए दो विनाशकारी भूकम्पों के बाद, संयुक्त राष्ट्र की टीमें तेज़ी से राहत प्रयासों में जुट गई हैं. भूकम्पों में, राजधानी कराकस में कई इमारतें ढह गई हैं और ऐसी आशंका है कि अनेक लोग मलबे में दबे हो सकते हैं.
वेनेज़ुएला के उत्तरी इलाक़ों में बुधवार रात को एक मिनट से भी कम समय के अन्तराल पर दो शक्तिशाली भूकम्प आए. इनमें कम से कम 164 लोगों की मौत हो गई और 971 लोग घायल हुए हैं.
सबसे अधिक प्रभावित ला गुआइरा प्रान्त में नुक़सान की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, पहले भूकम्प की तीव्रता 7.2 थी और इसका केन्द्र लगभग दो लाख 20 हज़ार की आबादी वाले सैन फ़ेलिपे शहर के पास था.
दूसरे भूकम्प की तीव्रता 7.5 दर्ज की गई. ख़बरों के अनुसार, यह पिछले 125 वर्षों से अधिक समय में देश में आया सबसे शक्तिशाली भूकम्प था.
यूएन मानवीय सहायता समन्वय एजेंसी (OCHA) ने बताया कि अन्तरराष्ट्रीय खोज एवं बचाव सलाहकार समूह के माध्यम से विभिन्न देशों की शहरी खोज एवं बचाव टीमों को तेज़ी से तैनात किया जा रहा है.
संयुक्त राष्ट्र के आपात राहत समन्वयक टॉम फ़्लैचर ने कहा है कि वह तेज़ और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए, कराकस में मानवीय समन्वयक जियानलुका रामपोला के नेतृत्व वाली हमारी टीम के लगातार सम्पर्क में हैं.
उन्होंने कहा, “आज सुबह जियानलुका रामपोला की अन्तरिम राष्ट्रपति से बातचीत हुई. हम तात्कालिक ज़रूरतों का आकलन कर रहे हैं और वेनेज़ुएला में हमारी टीम प्राथमिकताएँ तय करने के लिए अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है.”
विभिन्न यूएन एजेंसियाँ जुटीं
संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के कार्यवाहक कार्यकारी निदेशक कार्ल स्काउ ने कहा है, “मेरी संवेदनाएँ वेनेज़ुएला में भूकम्प से प्रभावित लोगों के साथ हैं. हम वेनेज़ुएला की जनता के साथ एकजुट हैं. विश्व खाद्य कार्यक्रम प्रभावित समुदायों तक जल्द सहायता पहुँचाने और राहत प्रयासों में सहयोग के लिए तैयार है.”
अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) की महानिदेशक एमी पोप ने कहा है, “वेनेज़ुएला से दिल दहला देने वाली ख़बरें आई हैं. कुछ ही पलों के अन्तराल पर आए दो शक्तिशाली भूकम्पों में लोगों की जान गई, अनेक लोग घायल हुए और कई समुदाय प्रभावित हुए हैं. IOM साझीदारों के साथ मिलकर ज़रूरतों का आकलन कर रहा है और प्रभावित लोगों की मदद के लिए जुटा है. इस आपदा से निपटने के लिए तत्काल अन्तरराष्ट्रीय सहायता बेहद ज़रूरी है.”
संयुक्त राष्ट्र परियोजना सेवा कार्यालय (UNOPS) के कार्यकारी निदेशक जॉर्ज मोरेरा दा सिल्वा ने कहा, “UNOPS वेनेज़ुएला की जनता के साथ खड़ा है. जहाँ भी ज़रूरत होगी, हम त्वरित राहत प्रयासों में सहयोग देने के लिए तैयार हैं.”
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) के प्रमुख बरहम सालेह (@BarhamSalih) ने कहा, “कराकस में आए भूकम्प से मैं बेहद दुखी हूँ. अपनों को खोने, घायल होने और घरों व समुदायों को हुए नुक़सान से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी पूरी एकजुटता है. यूएनएचसीआर अधिकारियों और साझीदारों के साथ मिलकर राहत प्रयासों में सहयोग देने के लिए तैयार है.”