वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

रोमानियाई वायु क्षेत्र के उल्लंघन पर गहरी चिन्ता, यूक्रेन में टकराव रोकने का आग्रह

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के बैठक कक्ष का व्यापक दृश्य, जिसमें प्रतिनिधि एक बड़ी, गोल मेज के चारों ओर बैठे हैं।
UN Photo/Eskinder Debebe अन्तरराष्ट्रीय शान्ति व सुरक्षा को उपजते ख़तरों के मुद्दे पर सुरक्षा परिषद की बैठक का दृश्य.

रोमानियाई वायु क्षेत्र के उल्लंघन पर गहरी चिन्ता, यूक्रेन में टकराव रोकने का आग्रह

शान्ति और सुरक्षा

संयुक्त राष्ट्र की एक वरिष्ठ अधिकारी ने यूक्रेन युद्ध में बढ़ते हमलों और रोमानिया के एक शहर की रिहायशी इमारत के रूसी ड्रोन हमले की चपेट में आने गहरी चिन्ता व्यक्त करते हुए, शान्ति स्थापना के लिए सम्वाद व कूटनैतिक प्रयासों पर बल दिया है.

राजनैतिक व शान्तिनिर्माण मामलों के लिए यूएन कार्यालय में निदेशक कायोको गोटोह ने सोमवार को सुरक्षा परिषद की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि रोमानिया के वायु क्षेत्र के उल्लंघन का यह पहला मामला नहीं है. 

मगर, फ़रवरी 2022 में रूसी सैन्य बलों के यूक्रेन पर पूर्ण स्तर के आक्रमण के बाद यह पहली घटना है जब रोमानिया में ऐसे किसी ड्रोन हमले में लोग हताहत हुए हैं. उन्होंने युद्ध में ख़तरनाक तेज़ी आने के प्रति आगाह करते हुए कहा कि यह समय संयम और सम्वाद को बढ़ावा देने का है. 

Tweet URL

एक रूसी ड्रोन ने पिछले शुक्रवार की रात को रोमानिया के वायु क्षेत्र में प्रवेश किया और पूर्वी शहर गलाटी में एक रिहायशी इमारत से जा टकराया, जिसमें एक महिला और एक बच्चा घायल हो गया.

निदेशक गोटोह ने कहा कि इस ख़तरनाक घटना ने युद्ध के प्रभावों के दूसरे हिस्सों में फैल जाने की हमारी आशंका को पुष्ट किया है. 

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी ड्रोन हमलों में यूक्रेन और रूसी महासंघ के पड़ोसी देशों की वायु सीमा के उल्लंघन हुए हैं और यह एक चिन्ताजनक रुझान है.

पिछले 12 महीनों के दौरान, मोलदोवा, लातविया, लिथुएनिया, ऐस्टोनिया, फ़िनलैंड, पोलैंड, कज़ाख़्स्तान, और बेलारूस में ऐसी अनेक घटनाएँ हुई हैं और वृहद क्षेत्र में बुल्गारिया, ग्रीस और तुर्कीये में भी ऐसे मामले सामने आए हैं. 

निदेशक कायोको गोटोह ने कहा कि गलाटी में यह घटना एक ऐसे समय में हुई है जब रूसी महासंघ के सैन्य बलों द्वारा यूक्रेनी शहरों व नगरों में बड़े पैमाने पर ड्रोन व मिसाइल हमले हो रहे हैं, जिनमें नागरिक हताहत हो रहे हैं और बुनियादी प्रतिष्ठान बर्बाद हो रहे हैं. 

“रूसी महासंघ के सैन्य, ऊर्जा व औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर यूक्रेन द्वारा किए जा रहे हमलों में भी वृद्धि हुई है, जिसमें हताहत होने वाले आम नागरिकों की संख्या बढ़ रही है और नागरिक प्रतिष्ठानों को क्षति पहुँच रही है.”

परमाणु सुरक्षा पर चिन्ता

उन्होंने ध्यान दिलाया कि यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने यूक्रेन में बढ़ते टकराव और जोखिम के बेक़ाबू होने का जोखिम व्यक्त करते हुए, मौजूदा रास्ते से पीछे हटने का आग्रह किया था. 

किसी भी ग़लत समीकरण या आकलन का सबसे अधिक जोखिम परमाणु प्रतिष्ठानों की सुरक्षा से है और हाल के दिनों में यह बढ़ा है.

अन्तरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी को 30 मई को सूचित किया गया था कि एक ड्रोन हमले में दक्षिणी यूक्रेन में ज़ैपोरिझझिया परमाणु ऊर्जा प्लांट में एक टरबाइन इमारत क्षतिग्रस्त हो गई थी और दीवार में छेद हो गया था. पिछले दो वर्षों के दौरान, इस प्लांट की परिधि में यह ऐसा पहला हमला बताया गया है.

निदेशक गोटोह ने कहा कि उच्च तनाव के बीच, सभी पक्षों का यह दायित्व है कि ज़िम्मेदारी के साथ बर्ताव किया जाए और स्थिति को बदतर होने से रोका जाए. 

इस क्रम में, उन्होंने यूक्रेन में एक न्यायसंगत, स्थाई व व्यापक शान्ति हासिल करने के लिए सम्वाद पर बल दिया है और भरोसा दिलाया है कि एक स्थिरतापूर्ण क्षेत्रीय व अन्तरराष्ट्रीय माहौल के लिए संयुक्त राष्ट्र समर्थन देने के लिए तत्पर है.