वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

हंटावायरस: जहाज़ पर सवार व्यक्तियों में संक्रमण फैलाव की आशंका से इनकार नहीं

नीले महासागर पर चल रहे एक बड़े क्रूज जहाज का साइड व्यू, जिसकी लहरें दिखाई दे रही हैं।
© Unsplash/Nico Smit एक बड़ा क्रूज़ जहाज़ खुले, नीले समुद्र में आगे बढ़ रहा है.

हंटावायरस: जहाज़ पर सवार व्यक्तियों में संक्रमण फैलाव की आशंका से इनकार नहीं

स्वास्थ्य

अंटलाटिक महासागर में एक क्रूज़ जहाज़ पर सवार होने वाले यात्री पहले से ही 'हंटावायरस' से संक्रमित थे और जहाज़ पर एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में यह संक्रमण फैलने की आशंका को ख़ारिज नहीं किया जा सकता है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने हंटावायरस के संक्रमण मामलों से उपजी चिन्ताओं के बीच यह बात कही है, मगर ध्यान दिलाया है कि एक-दूसरे से व्यक्तियों में संक्रमण के मामले कभी-कभार ही सामने आते हैं.

इस यात्री जहाज़ पर घातक संक्रमण के फैलाव की ख़बरों से अन्तरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य के प्रति चिन्ता उभरी है और प्रतिक्रियास्वरूप क़दम उठाए जा रहे हैं.

147 यात्रियों व चालक दल के सदस्यों में से 7 व्यक्तियों के बीमार होने की जानकारी है, जबकि 3 की मौत हो चुकी है.

दो अन्य मरीज़ फ़िलहाल जहाज़ पर ही उपस्थित हैं, जोकि काबो वर्दे के तट के नज़दीक है, और उन्हें उपचार के लिए नैदरलैंड्स ले जाने की तैयारी की जा रही है.

Tweet URL

यूएन स्वास्थ्य एजेंसी में वैश्विक महामारी की तैयारियों व रोकथाम के लिए विभाग की प्रमुख डॉक्टर मारिया वान कर्कहोव ने जिनीवा में पत्रकारों को बताया कि स्थिति अभी पूरी तरह से स्थिर नहीं है.

“एक मरीज़, दक्षिण अफ़्रीका में गहन देखभाल में हैं, हालांकि हमारी समझ में उस मरीज़ की स्थिति में सुधार हो रहा है.”

डॉक्टर वान कर्कहोव ने इस संक्रमण के प्रकोप पर जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती संक्रमितों में पति-पत्नी थे, जो अर्जेंटीना से इस जहाज़ पर सवार हुए थे. हंटावायरस के लक्षण उबरने में 1 से 6 सप्ताह तक का समय लगता है. 

डॉक्टर वान कर्कहोव ने बताया कि हालात की निगरानी की जा रही है. सतर्कता के तौर पर, यात्रियों को उन्हें उनके केबिन में रहने के लिए कहा गया है, चूँकि संक्रमणरोधन (disinfection) के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य उपाय अपनाए जा रहे हैं. काबो वर्दे की मेडिकल टीम, जहाज़ पर सवार लोगों को ज़रूरी समर्थन मुहैया करा रही हैं.

हमारी “योजना और सर्वोच्च प्राथमिकता इस समय इन दो व्यक्तियों को चिकित्सा के लिए यहाँ से बाहर निकालना है,” ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्हें समय पर आवश्यक उपचार मिल सके.

फ़िलहाल, इस यात्री जहाज़ पर किसी अन्य व्यक्ति में हंटावायरस के लक्षण दर्ज नहीं किए गए हैं. एक व्यक्ति को कुछ समय पहले हल्का बुख़ार होने की वजह से संक्रमण का सन्देह था, लेकिन अभी उनका स्वास्थ्य बेहतर बताया गया है.

हंटावायरस संक्रमण

हंटावायरस संक्रमण, चीज़ों को कुतरने वाले जानवरों (कृंतकों) जैसेकि संक्रमित छोटे या बड़े चूहों (rodents) के मल-मूत्र या थूक के सम्पर्क में आने की वजह से फैलता है. 

विश्व भर में, हर वर्ष इसके हज़ारों मामले दर्ज किए जाते हैं. किसी संक्रमित के सम्पर्क में आने के बाद, मनुष्यों में इसके लक्षण 1 से 6 सप्ताह के भीतर दिखाई देते हैं, जिनमें बुख़ार, सिरदर्द, माँसपेशियों में दर्द, और पाचन तंत्र से जुड़ी मुश्किलें जैसेकि पेट दर्द, मितली या उल्टी हैं. 

यह क्रूज़ अफ़्रीकी तट पर स्थित अनेक द्वीपों पर रुका था, जिनमें से कई स्थानों पर बड़ी संख्या में कृंतक (rodents) हैं, और उन द्वीपों पर संक्रमण का स्रोत हो सकता है. लेकिन हमारा मानना है कि बहुत नज़दीकी सम्पर्क होने की स्थिति में एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भी संक्रमण हो सकता है, जैसेकि पति-पत्नी में जो एक ही केबिन में रह रहे थे.

इस क्रूज़ शिप को अपना सफ़र जारी रखते हुए कैनेरी आईलैंड्स पहुँचना है. डॉक्टर वान कर्कहोव ने कहा कि वहाँ आगमन से पहले, WHO, स्पेन सरकार के साथ मिलकर तैयार कर रहा है.

स्पेन ने इस यात्री जहाज़ की पूर्ण जाँच करने का भरोसा दिलाया है, यात्रियों में किसी स्वास्थ्य चिन्ता के जोखिम का आकलन होगा, और साथ ही संक्रमण दूर करने के लिए जहाज़ के सभी हिस्सों में कीटाणुनाशन किया जाएगा.

अतीत के सबक़

व्यक्तियों में संक्रमण का फैलना कोई हैरानी की बात नहीं है, लेकिन हंटावायरस समूह के ही ऐंडेस नामक एक वायरस जब अतीत में फैल रहा था, तो नज़दीकी सम्पर्क होने पर भी एक व्यक्ति से दूसरे में फैलने के सीमित मामले ही सामने आए थे.

संक्रमित मरीज़ को स्वास्थ्य आवश्यकताओं के अनुरूप सेवाएँ मुहैया कराने के अलावा इसका कोई विशिष्ट उपचार नहीं है. 

डॉक्टर वान कर्कहोव ने बताया कि आमतौर पर संक्रमित लोगों में साँस लेने सम्बन्धी परेशानी हो सकती है और इसलिए श्वसन तंत्र को सहारा देने की ज़रूरत होती है. 

कुछ मरीज़ों को वैंटीलेटर पर भी रखा जा सकता है और तबीयत बिगड़ने की स्थिति में गहन देखभाल भी एक उपाय है.

उन्होंने यात्री जहाज़ पर सवार 20 से अधिक देशों के नागरिकों से कहा कि हम आपको बताना चाहते हैं कि हम जहाज़ संचालकों और सम्बद्ध देशों के साथ प्रयास कर रहे हैं. "हम जानते हैं कि आप डरे हुए हैं."

"हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि जहाज़ पर यथासम्भव सूचना मुहैया कराई जाए...कि आपकी देखभाल हो और आप सुरक्षित ढंग से घर पहुँच सकें."