महासचिव पद के लिए उम्मीदवार, 'मुक्त संवाद' में रूबरू
संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव बनने की दौड़ में अभी तक शामिल चार उम्मीदवारों में से प्रत्येक को इस सप्ताह न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित मुक्त संवाद - "Interactive Dialogues" यानि सवाल-जवाब की श्रृंखला के दौरान यह दिखाने का अवसर मिला है कि वे सबसे बेहतर उम्मीदवार क्यों हैं? इस संवाद का सीधा प्रसारण यहाँ देखा जा सकता है...
1 जनवरी 2027 से, संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की 38वीं मंज़िल पर एक नए व्यक्ति कार्यभार सम्भालेंगे. मौजूदा महासचिव, 10 वर्षों के बाद, अपने दो कार्यकाल (अधिकतम) पूरे करने के बाद, 31 दिसम्बर (2026) को रिटायर हो रहे हैं.
उनके उत्तराधिकारी को न केवल गहरी राजनैतिक और वित्तीय चुनौतियों का सामना करना होगा, बल्कि संयुक्त राष्ट्र को भविष्य के लिए उपयुक्त बनाने हेतु, आवश्यक सुधारों को आगे बढ़ाने का कार्य भी सौंपा जाएगा, एक ऐसे समय में जब संयुक्त राष्ट्र और अन्तरराष्ट्रीय क़ानून सीधे हमले के दायरे में हैं.
इस पद के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे दो पुरुष और तीन महिलाओं ने अभी तक महासभा की बैठकों में भाग लिया है, जिनके दौरान उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के लिए अपना दृष्टिकोण (Vision) प्रस्तुत किया.
इन उम्मीदवारों ने, सदस्य देशों व नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के उन सवालों के जवाब दिए जो उनके नेतृत्व अनुभव, योग्यता, यूएन सुधार और संगठन के तीन स्तम्भों - शान्ति व सुरक्षा, विकास और मानवाधिकार - से सम्बन्धित थे.
इन उम्मीदवारों में शामिल हैं: मारिया फ़र्नांडा ऐस्पिनोसा कार्शेस(इक्वैडोर की पूर्व विदेश मंत्री), मिशेल बाशेलेट (पूर्व यूएन मानवाधिकार उच्चायुक्त और चिले की पूर्व राष्ट्रपति); रफ़ाएल ग्रॉस्सी (अन्तरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी - IAEA के वर्तमान प्रमुख); रिबेका ग्रीनस्पैन (संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास एजेंसी - UNCTAD की वर्तमान प्रमुख); और मैकी सॉल (सेनेगल के पूर्व राष्ट्रपति).
इन संवादों का आयोजन यूएन महासभा की अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने किया है, जिन्होंने प्रथम सत्र का आरम्भ होने से कुछ समय पहले, पत्रकारों से कहा कि ये संवाद, चयन प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण क़दम हैं, जो उनके अनुसार संयुक्त राष्ट्र के लिए एक निर्णायक मोड़ पर आया है.
'दुनिया का सबसे कठिन काम'
महासभा अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने कहा है, "महासचिव पद के लिए चयन प्रक्रिया, बहुत विशाल परिणामों वाली होती है, इस इमारत से बहुत दूर तक गूंजती है. इस पद के लिए चयन, दुनिया के इस अद्वितीय बहुपक्षीय संगठन की दिशा तय करेगा और यह दिखाएगा कि क्या संयुक्त राष्ट्र वास्तव में दुनिया भर के उन आठ अरब से अधिक लोगों का प्रतिनिधित्व करता है जिनकी हम सेवा करते हैं, जिनमें से आधी महिलाएँ और लड़कियाँ हैं"
उन्होंने अगले महासचिव के चयन को केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि 'इरादे की घोषणा' बताया. "यह चयन एक शक्तिशाली सन्देश देगा कि संयुक्त राष्ट्र किस लिए अस्तित्व में है और यह आज की आपस में जुड़ी दुनिया की चुनौतियों का समाधान किस तरह करना चाहता है."
ऐनालेना बेयरबॉक ने कहा, "संक्षेप में, यह चयन दुनिया के सबसे कठिन कामों में से एक है, लेकिन यह सबसे महत्वपूर्ण भी है, क्योंकि अगले महासचिव, न केवल इस संस्थान के भविष्य को आकार देंगे, बल्कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सबसे मज़बूत रक्षक के रूप में अन्तरराष्ट्रीय नियम-आधारित व्यवस्था के भविष्य को भी आकार देंगे."
पाँचों उम्मीदवारों की प्रस्तुति यहाँ देखी जा सकती है...
मारिया फ़र्नांडा ऐस्पिनोसा कार्शेस (इक्वैडोर, ऐंटीगुआ और बरबूडा द्वारा मनोनीत)
मिशेल बाशेलेट (चिले, ब्राज़ील, चिले और मैक्सिको द्वारा मनोनीत)
रफ़ाएल ग्रॉस्सी (अर्जेंटीना)
रिबेका ग्रिनस्पैन (कोस्टा रीका)
मैकी सॉल (सेनेगल)
'Interactive Dialogues' किस तरह काम करते हैं
- तीन घंटे के इन संवादों के दौरान, उम्मीदवारों को 10 मिनट तक का शुरुआती वक्तव्य देने के लिए आमंत्रित किया जाता है, जिसके बाद संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों और नागरिक समाज के प्रतिनिधि, उम्मीदवारों के नेतृत्व कौशल और अनुभव को और अधिक जानने के लिए प्रश्न पूछते हैं.
- सवाल-जवाब वाले इस संवाद में दो प्रमुख विषय शामिल होते हैं: एक मज़बूत व भविष्य के लिए उपयुक्त संगठन के लिए उम्मीदवारों की सिद्ध नेतृत्व क्षमता, अनुभव और कौशल; और संयुक्त राष्ट्र के तीन स्तम्भों (शान्ति और सुरक्षा, विकास और मानवाधिकार).
- उम्मीदवार, विभिन्न प्रकार के प्रश्नों का उत्तर किस तरह देते हैं, उससे, चयन प्रक्रिया में एक निर्णायक क्षण तय होगा.
- उम्मीदवारों के साथ इन संवादों का सीधा प्रसारण UN WebTV पर किया जा रहा है.