वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

न्याय पर ज़ोर: यूएन की मेज़बानी में, महिला अधिकारों पर विश्व का सबसे बड़ा सम्मेलन

कैबो डेलगाडो से एक विस्थापित महिला Quibibi Faquihe Buana, कैबो डेलगाडो से एक विस्थापित महिला, मोरक्को के पुनर्वास केंद्र में महिला, शांति और सुरक्षा एजेंडे पर जिला सुविधादाता के रूप में कार्य करती है। वह हिंसा की रिपोर्ट करने के लिए मोबाइल उपकरणों का उपयोग करके लिंग-आधारित हिंसा की रोकथाम पर महिलाओं को प्रशिक्षित और जुटाती है।
© UN Women/Alice Ambrucer
उत्तरी मोज़ाम्बीक में हिंसा के कारण विस्थापित हुई महिलाएँ शान्ति और सुरक्षा प्रशिक्षण में भाग ले रही हैं.

न्याय पर ज़ोर: यूएन की मेज़बानी में, महिला अधिकारों पर विश्व का सबसे बड़ा सम्मेलन

महिलाएँ

महिलाएँ, लैंगिक समानता प्राप्त करने के जितनी क़रीब आज हैं, उतनी पहले कभी नहीं थीं, लेकिन इसे खो देने का जोखिम भी पहले कभी इतना नज़दीक नहीं रहा. महिला सशक्तिकरण के लिए यूएन संस्था (UN Women) ने लैंगिक समानता के विषय पर, न्यूयॉर्क में विश्व का सबसे बड़ा आयोजन शुरू होने से ठीक पहले यह बात कही है.

यूएन वीमैन ने 8 मार्च को 'अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस' से पहले जारी अपनी एक रिपोर्ट में आगाह किया कि वैश्विक स्तर पर लैंगिक समानता के विरूद्ध बढ़ते विरोध और बुनियादी अधिकारों के उल्लंघन के कारण, करोड़ों महिलाएँ भेदभाव, हिंसा और अपराधियों को सज़ा नहीं मिलने (दंडहीनता) के चलन (impunity) की शिकार हो रही हैं.

विश्व भर में, पुरुषों की तुलना में महिलाओं को केवल 64 प्रतिशत क़ानूनी अधिकार ही हासिल हैं. भले ही, अनेक देशों में घरेलू हिंसा के विरुद्ध क़ानूनी सुरक्षा बढ़ाई गई है, मगर महिलाओं और लड़कियों के अधिकार खुलेआम पीछे धकेले जा रहे हैं.

यूएन न्यूज़ की टीम ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र और ऑनलाइन माध्यमों पर इस महीने आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों पर जानकारी जुटाई है:

युवा मंच: Voices Without Borders

8 मार्च को, यूएन मुख्यालय में महिलाओं की स्थिति पर आयोग (CSW) पर केन्द्रित युवा मंच आयोजित किया जाएगा, जिसमें सीमाओं से परे (Voices Without Borders) आवाज़ों को जगह मिलेगी.

युवा‑नेतृत्व वाला यह वैश्विक मंच, 200 युवा नारीवादियों और उनके सहयोगियों को एक साथ लाएगा, ताकि वे प्रणालीगत अन्याय और असमानताओं को उजागर करके उनके समाधान खोज सकें और साहसिक, परिवर्तनकारी पहल की दिशा तय कर सकें.

इस मंच में, यूएन की विभिन्न एजेंसियाँ और सदस्य देश भी भाग लेंगे. कार्यक्रम में अनुभवों पर आधारित उदाहरण और रणनैतिक सम्वाद मिलाकर पेश किए जाएंगे, ताकि युवा नेताओं के विचार और अनुभव सीधे नीति-निर्माताओं तक पहुँच सकें और प्रभावी परिवर्तन लाने में मदद मिले.

media:entermedia_image:d3852fca-8e4c-4b58-b5df-d471781dd4a8
UN Photo/Mona Elfateh

महिलाओं की स्थिति पर आयोग (CSW) का 70वाँ सत्र

9 से लेकर 19 मार्च तक विश्व भर से प्रतिनिधि, न्यूयॉर्क स्थित यूएन मुख्यालय में CSW70 के लिए एकजुट होंके. यह लैंगिक समानता और महिलाओं के अधिकारों के लिए समर्पित, यूएन का सबसे बड़ा वार्षिक मंच है.

CSW में होने वाले निर्णय और चर्चाएँ, देशों में क़ानून, नीतियाँ, वित्तीय सहायता और जवाबदेही को प्रभावित करती हैं, और आने वाली पीढ़ियों के लिए महिला अधिकारों को आकार देती हैं.

CSW70, इस बात की परीक्षा है कि क्या दुनिया एक साथ मिलकर सभी महिलाओं और लड़कियों के लिए क़ानूनी समानता सुनिश्चित करेगी.

सम्मेलन के उदघाटन में, CSW अध्यक्ष, यूएन महासचिव, महासभा प्रमुख और आर्थिक एवं सामाजिक परिषद (ECOSOC) के अध्यक्ष समेत नागरिक समाज और युवा प्रतिनिधि अपने विचार रखेंगे.

19 मार्च को समापन बैठक में, प्रतिनिधि विषयगत चर्चाओं में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे, लम्बित एजेंडा पर विचार चर्चा करेंगे, सत्र की रिपोर्ट और सहमति निष्कर्ष अपनाएँगे और अगले वर्ष के सत्र, CSW71 के कार्यों के लिए दिशा-निर्देश तय करेंगे.

CSW70 के बारे में अधिक जानकारी के लिए यहाँ क्लिक करें.

अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस

संयुक्त राष्ट्र, 9 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे यूएन महासभा हॉल में अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाएगा. यह CSW70 के उदघाटन से ठीक पहले आयोजित होगा.

CSW70 के लक्ष्यों के अनुरूप, इस आयोजन का उद्देश्य काग़ज़ पर लिखे अधिकारों और वास्तविक जीवन में अधिकारों के बीच, न्याय को महत्वपूर्ण सेतु के रूप में उजागर करना है.

इस कार्यक्रम में सदस्य राष्ट्रों के प्रतिनिधिमंडल, वैश्विक नेता, पैरोकार, अन्य अन्तरराष्ट्रीय आवाज़ों समेत सदभावना दूत एकजुट होंगे, जिनमें अमेरिकी अभिनेत्री ऐन हैथवे भी शामिल हैं.

पूरा कार्यक्रम UN Web TV पर लाइव देखा जा सकता है.

एक महिला हाथ में अपने सिर के साथ एक कंक्रीट ब्लॉक पर बैठी है, एक युवा लड़की के बगल में एक कम रोशनी वाले कमरे में फर्श पर एक गद्दे पर बैठी एक महिला है, जिसकी दीवारें छिल रही हैं, जो हैती में विस्थापित लोगों की कठिन जीवन स्थितियों का प्रतिनिधित्व करती है।
© UNOCHA/Marvens Compere

यूएन प्रमुख और नागरिक समाज के साथ टाउनहॉल

10 मार्च को, यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश, नागरिक समाज के साथ मुलाक़ात करेंगे, और वैश्विक स्तर पर लैंगिक समानता तथा महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे.

टाउनहॉल शैली की इस बैठक में, विभिन्न सामाजिक पृष्ठभूमियों और पीढ़ियों के नागरिक समाज के प्रतिनिधियों को, यूएन शीर्ष नेतृत्व के साथ सम्वाद करने, सवाल करने और सुझाव साझा करने का अवसर मिलेगा.

यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे न्यूयॉर्क समयानुसार UN Web TV पर सीधा प्रसारित किया जाएगा.

संसदों की भूमिका

11 मार्च को, यूएन मुख्यालय में "निर्णय लेने में समान प्रतिनिधित्व और महिलाओं और लड़कियों के लिए लैंगिक-सम्वेदनशील न्याय तक पहुँच सुनिश्चित करने में संसदों की भूमिका" विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.

यह CSW70 के प्राथमिक और समीक्षा विषयों पर चर्चाओं में संसदीय दृष्टिकोण पेश करने का अवसर देगा. 

इसी अवसर पर 'राजनीति में महिलाएँ मैप' (Women in Politics Map) भी पेश किया जाएगा, जिसमें 1 जनवरी 2026 तक कार्यकारी पदों और राष्ट्रीय संसदों में महिलाओं की मौजूदगी के बारे में नए आँकड़े शामिल होंगे.

दुनिया भर से आए सांसद, इस अवसर पर:

  • निर्णय लेने में समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए पहल साझा करेंगे.
  • भेदभावपूर्ण क़ानूनों को समाप्त करने पर बल दिया जाएगा.
  • क़ानूनी ढाँचे और उनके कार्यान्वयन के बीच की ख़ामियों को पूरा करने का प्रयास होगा.
  • महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के मामलों में अपराधियों को दंडित करने के उपायों पर चर्चा होगी.
  • न्याय प्रणालियों में जवाबदेही और प्रवर्तन को मज़बूत करने के रास्ते खोजे जाएंगे.

पूरा कार्यक्रम UN Web TV पर लाइव देखा जा सकता है.

महिलाओं और लड़कियों के विरुद्ध हिंसा पर बैठक

12 मार्च को सुबह 10 बजे, यूएन मुख्यालय में सदस्य देश, महिलाओं और लड़कियों के विरुद्ध हिंसा पर CSW आयोग की एक उच्च स्तरीय बैठक में एकजुट होंगे.

यह CSW के दौरान आयोजित पहली वार्षिक उच्च स्तरीय बैठक होगी, जो इस बात पर प्रकाश डालेगी कि हिंसा को रोकने और पीड़ित-केन्द्रित उपायों को मज़बूत करने के लिए क्या कारगर है. 

पूरा कार्यक्रम UN Web TV पर देखा जा सकता है.