वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

यूक्रेन: कड़ाके की ठंड में दोहरी मार, लाखों नागरिकों के फिर विस्थापित होने की आशंका

कीव क्षेत्र, यूक्रेन में कीव क्षेत्र, यूक्रेन में एक घर के बाहर बर्फ की स्थिति में चार वर्षीय लड़की अलीका नाम की एक लड़की लकड़ी ले जा रही है, मिसाइल हमले से विस्थापित होने के बाद गर्मी के लिए लकड़ी से जलने वाले स्टोव को जलाने में मदद करने के लिए।
© UNICEF/Dmytrii Bortkevych
यूक्रेन की राजधानी कीव में एक बच्चे अपने घर में एक गर्म स्टोव के लिए लकड़ी ले जा रही है.

यूक्रेन: कड़ाके की ठंड में दोहरी मार, लाखों नागरिकों के फिर विस्थापित होने की आशंका

प्रवासी और शरणार्थी

अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने युद्धग्रस्त यूक्रेन में आगामी महीनों में उन 3.25 लाख यूक्रेनी नागरिकों के फिर से विस्थापित होने की आशंका जताई है, जिन्होंने कुछ समय पहले ही अपने घरों, शहरों में वापसी की थी. 

रूसी सैन्य बलों द्वारा 24 फ़रवरी 2022 में यूक्रेन पर पूर्ण स्तर पर आक्रमण किए जाने से शुरू हुआ युद्ध जल्द ही अपने पाँचवे वर्ष में प्रवेश कर रहा है.

पिछले कुछ महीनों में, कठोर सर्दी के मौसम में यूक्रेन के ऊर्जा प्रतिष्ठानों को सिलसिलेवार हमलों में निशाना बनाया गया है, जिससे लाखों बेहद कठिन परिस्थितियों में बिना तापन व्यवस्था (heating), बिजली आपूर्ति के ही जीवन गुज़ारने के लिए मजबूर हैं.  

Tweet URL

जनवरी 2026 तक के आँकड़ों के अनुसार, यूक्रेन में फ़िलहाल 37 लाख लोग देश की सीमाओं के भीतर विस्थापित हैं. पहले विस्थापन का शिकार रहे 44 लाख से अधिक लोगों ने यूक्रेन के दूसरे हिस्सों से अपने घरों या अन्य देशों से यूक्रेन में वापसी की है.

मगर, यूक्रेन में वापसी करने वाले सभी लोग अनुकूल व्यवस्था न होने की वजह से अपने घर लौट पाने में समर्थ नहीं हैं और अब भी विस्थापित हैं.

यूएन प्रवासन संगठन की महानिदेशक ऐमी पोप ने बताया कि चार वर्षों के युद्ध के बाद, केवल सहनसक्षमता से ही परिवारों का गुज़ारा नहीं चल सकता है, जब उन्हें ठप बिजली आपूर्ति, जमा देने वाले तापमान से भी जूझना पड़ रहा है.

“सुरक्षित घर, भरोसेमन्द बिजली और अति-आवश्यक सेवाएँ कोई विलास सुविधाएँ नहीं हैं, वे लोगों की सुरक्षा, गुज़र-बसर और गरिमा की बुनियाद में हैं.”

“निरन्तर समर्थन के अभाव में, ऊर्जा व्यवधान से परिवारों के एक बार फिर जबरन बेघर होने का जोखिम है और बड़ी मुश्किल से लौटने वाले लोगों के लिए कठिनाई उपजने का भी.”

फिर विस्थापन का जोखिम

यूएन एजेंसी के अनुसार, इन परिस्थितियों में आने वाले महीनों में 3.25 लाख लोगों के फिर से विस्थापित होने का जोखिम है, जिनमें से 1 लाख लोग अन्य देशों में जाने पर विचार कर रहे हैं. 

IOM ने बताया कि ये इरादा दर्शाता है कि विकट परिस्थितियों, असुरक्षा, क्षतिग्रस्त घर और बिजली व हीटिंग की सीमित उपलब्धता में इन परिवारों पर कितना दबाव है.

यूएन प्रवासन एजेंसी ने विस्थापन रोकने के लिए अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से आग्रह किया है कि सर्दी के मौसम के अनुरूप राहत का स्तर बढ़ाय जाना होगा, घरों की मरम्मत, आजीविका के लिए समर्थन के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य व मनोसामाजिक सेवाओं की व्यवस्था की जानी होगी. 

यह विशेष रूप से लड़ाई के अग्रिम मोर्चे वाले या उन इलाक़ों के लिए अहम है, जहाँ बड़ी संख्या में यूक्रेनी नागरिकों ने वापसी की है. संगठन ने चेतावनी दी है कि समय पर पर्याप्त सहायता के अभाव में बिजली व ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान से विस्थापन मामले बढ़ेंगे और पुनर्बहाली प्रयास कमज़ोर होंगे.

सर्दी ने बढ़ाई मुश्किलें

यूक्रेन में सर्दी के मौसम में तापमान शून्य से 20 डिग्री तक नीचे (-20°C) लुढ़क रहा है और देश भर में बिजली आपूर्ति ठप होने से आपात स्थिति है. 

यूक्रेन में सर्दी के मौसम के दौरान विशाल आवश्यकताएँ उपजी हैं: उपकरण चार्ज करने के लिए पावर बैंक, जनरेटर, घर की मरम्मत के लिए सामान की क़िल्लत है. 

लड़ाई के अग्रिम मोर्चे वाले इलाक़ों में 90 प्रतिशत से अधिक लोगों की आवश्यकताएँ पूरी नहीं हो पा रही हैं. हाल के दिनों में वापसी करने वाले लोग सबसे अधिक प्रभावित बताए गए हैं, जिनमें गम्भीर मनोसामाजिक दबाव और संकट जैसी स्थिति से जूझना पड़ रहा है.

वर्ष 2022 के बाद से अब तक, IOM ने यूक्रेन संकट के दौरान देश भर में 69 लाख ज़रूरतमन्द लोगों तक किसी न किसी रूप में मदद पहुँचाई है. पड़ोसी देशों में भी लाखों लोगों को सहायता प्रदान की गई है. 

यूक्रेन में मौजूदगी, डेटा व विश्लेषण और 120 से अधिक राष्ट्रीय व क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर, लाखों यूक्रेनी नागरिकों के लिए जीवनरक्षक सहायता के साथ-साथ दीर्घकालिक जीवन-व्यापन के लिए भी समाधान मुहैया कराए जा रहे हैं.