वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

'AI Impact Summit' में हिस्सा लेने के लिए, यूएन प्रमुख करेंगे भारत यात्रा

भारत सरकार द्वारा आयोजित एआई सम्मेलन, 16 से 20 फ़रवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपन मे आयोजित किया जा रहा है.
© UN News/Anshu Sharma
भारत सरकार द्वारा आयोजित एआई सम्मेलन, 16 से 20 फ़रवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपन मे आयोजित किया जा रहा है.

'AI Impact Summit' में हिस्सा लेने के लिए, यूएन प्रमुख करेंगे भारत यात्रा

एसडीजी

कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) समाधानों के ज़रिए आर्थिक प्रगति को मज़बूत करने, सार्वजनिक सेवाओं में बेहतरी लाने और सतत विकास को बढ़ावा देने के इरादे से, भारत की राजधानी नई दिल्ली में 16 से 20 फ़रवरी तक 'कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रभाव शिखर सम्मेलन' (AI Impact Summit-2026) आयोजित हो रहा है, जिसमें संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश भी शिरकत करेंगे.

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर केन्द्रित यह सम्मेलन, पहली बार वैश्विक दक्षिण में स्थित किसी देश की मेज़बानी में हो रहा है, जिसमें 16 से 20 फ़रवरी के सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों, चर्चाओं व प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया जाएगा.

Tweet URL

पाँच दिन चलने वाले इस सम्मेलन में देशों की सरकारों, अन्तरराष्ट्रीय संगठनों, उद्योग, शिक्षाविदों और नागरिक समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे. 

यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश, इस सम्मेलन में शिरकत करने के लिए, 19 और 20 फ़रवरी को भारत में होंगे.

सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के समझदारी व ज़िम्मेदारी भरे उपयोग के ज़रिए, सतत विकास को आगे बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी.

एआई और सतत विकास लक्ष्य

सम्मेलन के दौरान संयुक्त राष्ट्र प्रणाली की ओर से 30 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे. इनमें कृषि व खाद्य सुरक्षा, लैंगिक समानता, सार्वजनिक स्वास्थ्य, डिजिटल ढाँचा, आपदा जोखिम न्यूनीकरण और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा.

यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने इस सम्मेलन के सन्दर्भ में कहा, “हमें साझा समझ बनानी होगी ताकि मज़बूत सुरक्षा ढाँचे तैयार हों, जनहित में नवाचार को बढ़ावा मिले और सहयोग मज़बूत हो.”

संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों के अनुसार, चर्चाओं का केन्द्र इस बात पर रहेगा कि सतत विकास लक्ष्यों की ओर प्रगति तेज़ करने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग किस तरह किया जा सकता है, साथ ही मानवाधिकारों की सुरक्षा और सम्भावित जोखिमों से निपटने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा.

उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल

महासचिव के साथ-साथ, संयुक्त राष्ट्र के अनेक शीर्ष अधिकारी भी सम्मेलन में शामिल होंगे, जिनमें मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क, डिजिटल व उभरती प्रौद्योगिकियों के विशेष दूत व अवर महासचिव अमनदीप सिंह गिल, और आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए महासचिव के विशेष प्रतिनिधि कमल किशोर शामिल हैं.

इसके अलावा अन्तरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की प्रबन्ध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा, अन्तरराष्ट्रीय श्रम संगठन के महानिदेशक गिल्बर्ट एफ़ होंगबो और अन्तरराष्ट्रीय दूरसंचार संघ की महासचिव डॉरीन बॉगडन-मार्टिन भी भाग लेंगी.

कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर केन्द्रित एआई सम्मेलन, पहली बार इतने बड़े स्तर पर वैश्विक दक्षिण में आयोजित किया जा रहा है.
© UN News/Anshu Sharma
कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर केन्द्रित एआई सम्मेलन, पहली बार इतने बड़े स्तर पर वैश्विक दक्षिण में आयोजित किया जा रहा है.

संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP), महिला सशक्तिकरण के लिए यूएन संस्थान (UN Women), खाद्य व कृषि संगठन (FAO), विश्व बौद्धिक सम्पदा संगठन (WIPO), संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) तथा संयुक्त राष्ट्र अन्तरक्षेत्रीय अपराध व न्याय अनुसन्धान संस्थान के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी विभिन्न सत्रों में शिरकत करेंगे.

सम्मेलन के दौरान संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व में एआई और सहनसक्षम कृषि, स्वास्थ्य प्रणालियों में नवाचार, सत्यनिष्ठ एआई संचालन व्यवस्था, प्रौद्योगिकी में महिलाओं की भूमिका, वैश्विक दक्षिण में डिजिटल क्षमता निर्माण और ज़िम्मेदार कारोबारी व्यवहार जैसे विषयों पर चर्चा होगी.

अधिकारियों के अनुसार यह सम्मेलन उभरती प्रौद्योगिकियों पर अन्तरराष्ट्रीय सहयोग को मज़बूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसमें विशेष रूप से विकासशील देशों के दृष्टिकोण को वैश्विक एआई विमर्श के केन्द्र में रखा जाएगा.