भारत: दैनिक जीवन में डिजिटल भुगतान, तेज़ गति के साथ बदलाव भी
भारत में सड़क किनारे ठेला लगाने वालों से लेकर ऑनलाइन ख़रीदारी और बिजली व अन्य सेवाओं के भुगतान तक, डिजिटल भुगतान प्रणाली का व्यापक तौर पर इस्तेमाल सिर्फ़ तकनीक से जुड़ी एक यात्रा नहीं है. यह लोगों को केन्द्र में रखकर बनाई गई एक व्यवस्था को बयाँ करती है, जिसने धन को समझने व इस्तेमाल करने का नज़रिया बदल दिया है.
कई वर्षों तक तेज़ भुगतान प्रणालियों को मुख्य रूप से बैन्कों का साधन माना गया, जिनका उद्देश्य वित्तीय संस्थानों के बीच बड़ी रक़म को तेज़ी से भेजना था.
भारत ने इससे अलग रास्ता चुना. उसने त्वरित भुगतान को एक सार्वजनिक सुविधा के रूप में देखा, जिसे कोई भी व्यक्ति, कभी भी, रोज़मर्रा के जीवन में इस्तेमाल कर सकता है.
इस सोच ने डिजिटल भुगतान को लेकर दुनिया का नज़रिया बदल दिया.
विश्व बैन्क के लॉरेन्ट गोनट, ग्यनेदी श्रीनिवास और गिलर्मो गालिसिया रबादान के अनुसार, भारत की डिजिटल भुगतान यात्रा यह दिखाती है कि असली बदलाव सिर्फ़ रफ़्तार में नहीं है. बल्कि इस बात में है कि भुगतान प्रणालियाँ घरों, छोटे कारोबारों और पूरी अर्थव्यवस्था में रोज़मर्रा के जीवन को किस तरह से बेहतर बनाती हैं.
व्यक्ति-केन्द्रित तंत्र
पहले के नवाचारों ने यह दिखा दिया था कि क्या सम्भव है. उभरते बाज़ारों में मोबाइल भुगतान मंचों ने साबित किया कि सरल और वास्तविक समय में फ़ोन आधारित भुगतान डिजिटल लेनदेन को तेज़ी से बढ़ा सकते हैं.
ख़ासतौर पर उन जगहों पर, जहाँ पारम्परिक बैन्किग तक पहुँच सीमित थी. इनमें से कई प्रणालियाँ सेवा प्रदाताओं तक सीमित और बन्द थीं, जिससे आपसी जुड़ाव और विस्तार रुक जाता था.
भारत ने इस सोच को बदल दिया.
Unified Payments Interface (UPI) के साथ, त्वरित भुगतान को एक खुले और आपस में जुड़ने वाले ढाँचे के रूप में तैयार किया गया. बैन्कों और ग़ैर-बैन्क संस्थाओं को एक ही प्रणाली में जोड़ा गया.
तीसरे पक्ष के सेवा प्रदाताओं को नवाचार के लिए खुली जगह दी गई. इसके परिणामस्वरूप एक ऐसा तंत्र बना, जो केवल संस्थानों के लिए नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए बेहतर ढंग से काम करता है.
UPI ने डिजिटल भुगतान को नक़द जैसा आसान बना दिया. यह वास्तविक समय में तुरन्त हो जाता है, हर जगह स्वीकार्य है, और इस्तेमाल के समय पूरी तरह निःशुल्क है.
इसके साथ ही नक़दी से जुड़े जोखिम और सीमाएँ भी ख़त्म हो गईं. अब लोगों को एक ही जगह मौजूद रहने की ज़रूरत नहीं है. खुले पैसे की चिन्ता नहीं रहती, और धन के खोने, चोरी होने या बर्बाद होने का डर भी नहीं रहता.
सड़क किनारे ठेले पर भुगतान से लेकर ऑनलाइन ख़रीदारी या शेयर बाज़ार में निवेश तक, भारत ने यह साबित कर दिया है कि तेज़ भुगतान प्रणालियाँ बड़े पैमाने पर हर उपयोगकर्ता और हर ज़रूरत के लिए काम कर सकती हैं.
वह पैमाना जिसने सोच बदल दी
आज दुनिया भर में 100 से अधिक देश और क्षेत्र, तेज़ भुगतान प्रणालियाँ चला रहे हैं, जिनमें से कई ने भारत के अनुभव से सीख ली है. विश्व बैन्क की एक नई रिपोर्ट बताती है कि यह मॉडल दूसरे क्षेत्रों में कितना असरदार साबित हुआ है.
लातिन अमेरिका और कैरीबियाई क्षेत्र में, 2024 तक तेज़ भुगतान, कुल डिजिटल लेनदेन का 45 प्रतिशत हिस्सा हो चुके हैं, जबकि 2017 में यह आँकड़ा सिर्फ़ 2 प्रतिशत था.
फिर भी, भारत का पैमाना इन सभी से कहीं अलग और कहीं बड़ा है.
केवल जुलाई से सितम्बर 2025 के बीच ही UPI के ज़रिये लगभग 59 अरब लेनदेन हुए. यह उसी अवधि में मास्टरकार्ड के वैश्विक लेनदेन से अधिक है और वीज़ा के दुनिया भर के आँकड़ों के क़रीब पहुँचता है.
2024 में, लातिन अमेरिका और कैरीबियाई क्षेत्र के 11 देशों में तेज़ भुगतान प्रणालियों के ज़रिये कुल 79.8 अरब लेनदेन हुए, जबकि उसी साल अकेले UPI के माध्यम से 172.2 अरब लेनदेन दर्ज किए गए.
आज भारत में हर 10 में से 8 से ज़्यादा डिजिटल भुगतान इसी प्रणाली के ज़रिये होते हैं. 50.4 करोड़ से अधिक अलग-अलग उपयोगकर्ता, यानी देश की वयस्क आबादी का लगभग आधा हिस्सा, और 6.5 करोड़ से अधिक व्यापारी UPI पर निर्भर हैं. जो कभी एक साहसिक प्रयोग लगता था, वह आज पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल बन चुका है.
रोज़मर्रा की ज़रूरतों से नवाचार
भारत के मॉडल ने ग़ैर-बैन्क संस्थाओं के लिए प्रणाली को खुला बनाकर और तीसरे पक्ष के ऐप्स को प्रतिस्पर्धा की अनुमति देकर पुराने तरीक़ों को बदल दिया. UPI ने नियंत्रण को केवल संस्थानों से हटाकर सीधे लोगों तक पहुँचा दिया.
असली बदलाव तकनीक के बजाय इस बात में था कि लोग उसे कैसे इस्तेमाल करते और महसूस करते हैं. सरल पहचान. आसान इंटरफ़ेस. क्यूआर कोड. और व्यापारियों के लिए आसान स्वीकार्यता. डिजिटल भुगतान बोझ नहीं रहे. बल्कि रोज़मर्रा की आदत बन गए.
हाल के वर्षों में नई ज़रूरतों ने तेज़ी से इस वृद्धि को आगे बढ़ाया है. एक अनुमान के अनुसार, व्यक्ति-से-व्यापारी लेनदेन अब UPI की कुल मात्रा का 64 प्रतिशत हैं, जिनमें किराना दुकानें, रेस्तरां, पेट्रोल पम्प, कर्ज़ वसूली. और डिजिटल सेवाएँ शामिल हैं.
लगातार हो रहे नवाचारों से उपयोगकर्ताओं के विकल्प भी बढ़े हैं. आसान शुरुआत से लेकर टैप-एंड-पे और बातचीत के ज़रिये भुगतान जैसे नए अनुभवों तक.आज UPI सिर्फ़ पैसे भेजने का ज़रिया नहीं है. यह रोज़मर्रा की आर्थिक ज़िंदगी से जुड़ा एक व्यापक और भरोसेमंद मंच बन चुका है.
अगला अध्याय
जैसे-जैसे लेनदेन बढ़ रहे हैं और नई डिजिटल वित्तीय सेवाएँ उभर रही हैं, भारत के सामने अब एक नई चुनौती है - बड़े पैमाने पर खुलेपन, मज़बूती और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बनाए रखना. विश्व बैन्क के अनुसार, इस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, जोखिमों को सम्भालना, उपयोगकर्ताओं के लिए पारदर्शिता बढ़ाना, और उपभोक्ताओं की सुरक्षा के साथ नवाचार पर केन्द्रित प्रक्रिया विकसित करना, आगे की राह के लिए बेहद अहम है.
इसके साथ ही, नए अवसर भी मौजूद हैं. व्यापक वित्तीय जानकारी को जोड़ने से ज़्यादा समावेशी ऋण सम्भव हो सकता है. बेहतर तंत्रों के ज़रिए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को सशक्त बनाया जा सकता है. भरोसेमन्द डेटा, नई मूल्य-वर्धित सेवाओं (value added services) के रास्ते खोल सकता है.
आधार मज़बूत हैं. असर पहले ही वैश्विक स्तर पर दिखाई दे रहा है.
भारत में तेज़ भुगतान प्रणाली की कहानी अभी ख़त्म नहीं हुई है. दुनिया इसके अगले चरण की प्रतीक्षा में है, और यह कहानी अब भी लिखी जा रही है.
यह लेख विश्व बैन्क के इस ब्लॉग पर आधारित है.