वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां
युवा कला प्रतियोगिता में अफ़ग़ानिस्तान और संयुक्त राष्ट्र के रिश्ते को दर्शाती एक कलाकृति.

उम्मीदों के रंग: अफ़ग़ानिस्तान और संयुक्त राष्ट्र की मज़बूत साझेदारी

© UN Afghanistan
युवा कला प्रतियोगिता में अफ़ग़ानिस्तान और संयुक्त राष्ट्र के रिश्ते को दर्शाती एक कलाकृति.

उम्मीदों के रंग: अफ़ग़ानिस्तान और संयुक्त राष्ट्र की मज़बूत साझेदारी

एसडीजी

संयुक्त राष्ट्र में एक सदस्य देश के तौर पर अफ़ग़ानिस्तान ने अपने 79 वर्ष पूरे किए हैं. उसके लिए यह पड़ाव केवल एक समय रेखा भर नहीं है, बल्कि यह भरोसेसहयोग और साझा सपनों से बनी एक गहरी साझीदारी की कहानी है. इसी उपलक्ष्य में, हाल ही में अफ़ग़ानिस्तान में आयोजित एक कला प्रतियोगिता ने इस रिश्ते को उम्मीदों के रंगों से जीवन्त कर दिया.

संयुक्त राष्ट्र और अफ़ग़ानिस्तान ने पिछले लगभग आठ दशकों के दौरान, साथ मिलकर एक लम्बा और जटिल सफ़र तय किया है. देश की प्रगति के साथ-साथ, कठिन चुनौतियों के दौर में भी संयुक्त राष्ट्र, अफ़ग़ान लोगों के साथ जुड़ा रहा है.

संगठन ने, शान्ति, विकास और मानवीय गरिमा को आगे बढ़ाने के लिए अफ़ग़ानिस्तान के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है.

अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र समर्थन और सहनसक्षमता दर्शाती एक युवा कलाकृति.
© UN Afghanistan

अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ने इस साझा इतिहास को सम्मान देने के लिए देश भर के किशोरों और युवाओं को एक राष्ट्रीय युवा कला प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया. 

इस अवसर पर, युवाओं से अपने जीवन में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका को कला के माध्यम से व्यक्त करने के लिए कहा गया.

जीवन्त साँस्कृतिक दृश्यों के ज़रिए, संयुक्त राष्ट्र के साथ अफ़ग़ानिस्तान की साझेदारी की झलक.
© UN Afghanistan

इस पहल को व्यापक और भावुक प्रतिक्रिया मिली. अफ़ग़ानिस्तान के विभिन्न प्रान्तों से लड़कियों और लड़कों सहित अनेक युवा कलाकारों ने प्रभावशाली रचनाएँ भेजीं. ये रचनाएँ समय के बदलावों का सामना करने की क्षमता, दृढ़ता, उम्मीद और साझीदारी की भावना को दर्शाती हैं.

अफ़ग़ानिस्तान में यूएन रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर कार्यालय की प्रमुख दिलोरो कादिरोवा ने कहा, “हर रचना अपनी अलग कहानी कहती है. इनमें सहनशीलता, सकारात्मकता और अफ़ग़ान लोगों के साथ संयुक्त राष्ट्र के मज़बूत जुड़ाव की झलक मिलती है.”

अफ़ग़ान युवाओं द्वारा बनाई एक कलाकृति.
© UN Afghanistan

विभिन्न क्षेत्रों से चुनी गई ये श्रेष्ठ रचनाएँ यह बयाँ करती हैं कि अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र की उपस्थिति और समर्थन, अफ़ग़ान समुदायों के लिए कितना महत्वपूर्ण है.

ये कलाकृतियाँ, शान्ति की सशक्त छवियों से लेकर एकता और सहयोग के प्रतीकों तक, उस जुड़ाव की प्रतीक हैं, जो कई पीढ़ियों से संयुक्त राष्ट्र और अफ़ग़ानिस्तान के रिश्ते को आकार देती आई है.

सहनसक्षमता और उम्मीद दर्शाती एक कलाकृति.
© UN Afghanistan
सहनसक्षमता और उम्मीद दर्शाती एक कलाकृति.

ये रचनाएँ भविष्य की ओर भी संकेत करती हैं. ये दिखाती हैं कि अफ़ग़ान युवजन, कठिन परिस्थितियों के बावजूद, आगे बढ़ने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं. साथ ही, वे एक अधिक स्थिर, समावेशी और समृद्ध भविष्य की आशा भी रखते हैं.

इन रचनाओं का सन्देश स्पष्ट है. यह यात्रा अभी पूरी नहीं हुई है. ये युवा कलाकार, हर रंग और हर ब्रश स्ट्रोक के ज़रिये याद दिलाते हैं कि अफ़ग़ान लोगों के साथ खड़े रहने के लिए, संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबद्धता मज़बूत व अडिग बनी हुई है.

एक युवा अफगान महिला के चेहरे के एक तरफ ग्रे स्केल और दूसरे तरफ रंग है, संयुक्त राष्ट्र के लोगो के साथ एक पहेली का टुकड़ा पकड़ रही है, जो लचीलापन और अफगानिस्तान और संयुक्त राष्ट्र के बीच संबंधों का प्रतीक है।
© UN Afghanistan
संयुक्त राष्ट्र के प्रतीक वाली पहेली जोड़ती एक युवा अफ़ग़ान महिला, अफ़ग़ानिस्तान व संयुक्त राष्ट्र के बीच मज़बूत साझेदारी दर्शाती है.