ईरान: प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ हिंसा और अत्यधिक बल प्रयोग पर गम्भीर चिन्ता
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने कहा है कि वह, ईरान में जारी प्रदर्शनों के दौरान सरकार द्वारा प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ हिंसा और अत्यधिक बल प्रयोग की ख़बरों पर हतप्रभ और अत्यन्त चिन्तित हैं. उन्होंने, देश में अस्थिर हालात के तीसरे सप्ताह में प्रवेश करने के बीच, संयम बरतने और संचार सेवाओं को तुरन्त बहाल करने की अपील की है.
यूएन प्रमुख के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने, रविवार को जारी वक्तव्य में कहा, “सभी ईरान के नागरिकों को बिना किसी डर और शान्तिपूर्ण तरीक़े से अपनी शिकायतें व्यक्त करने का अधिकार होना चाहिए.”
उन्होंने कहा, “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, संगठन बनाने और शान्तिपूर्ण सभा करने के अधिकारों का पूर्ण रूप से सम्मान और संरक्षण किया जाना चाहिए, जैसाकि अन्तरराष्ट्रीय क़ानून में प्रावधान है.”
महासचिव ने ईरान अधिकारियों से अधिकतम संयम बरतने और अनावश्यक या असंगत बल प्रयोग से परहेज़ करने की अपील की है.
यूएन प्रमुख ने, सूचना तक पहुँच सुनिश्चित करने के लिए, संचार सेवाओं की बहाली समेत ठोस क़दम उठाने का भी आग्रह किया है.
ग़ौरतलब है कि 8 जनवरी की शाम को इंटरनैट और मोबाइल सम्पर्क बन्द कर दिए गए थे, जिससे सूचना व जानकारी तक लोगों की पहुँच गम्भीर रूप से सीमित हो गई
ये विरोध प्रदर्शन 28 दिसम्बर को, ईरान की राष्ट्रीय मुद्रा के अचानक गिरने के बाद शुरू हुए थे, और तब से देश के कम से कम 46 शहरों तक फैल चुके हैं.
देश में अनेक लोगों के हताहत होने की ख़बरें सामने आई हैं, जिनमें कम से कम 5 बच्चे भी हैं.
वहीं, ईरान की संसद ने सुरक्षा बलों के कुछ सदस्यों की मौत होने की भी पुष्टि की है.