वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

ईरान: विरोध प्रदर्शनों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने का आग्रह

ईरान की राजधानी तेहरान का हवाई दृश्य, जिसमें प्रतिष्ठित मिलाद टॉवर और विशाल शहरी परिदृश्य दिखाई दे रहा है।
© Unsplash/Kamran Gholami ईरान की राजधानी तेहरान का एक दृश्य.

ईरान: विरोध प्रदर्शनों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने का आग्रह

मानवाधिकार

ईरान में, बढ़ती आर्थिक कठिनाइयों और जीवन-व्यापन की क़ीमतों के संकट की वजह से, राजधानी तेहरान में 9वें दिन भी लोगों द्वारा सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किए जाने की ख़बर है. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़पों में लोगों के हताहत होने पर गहरा दुख प्रकट किया है.

यूएन के शीर्षतम अधिकारी के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने सोमवार को न्यूयॉर्क में पत्रकारों के साथ नियमित वार्ता में यह जानकारी दी है. 

समाचार माध्यमों में तेहरान और यसूज शहरों में सोमवार को फिर से प्रदर्शन होने के वीडियो सामने आए हैं. इससे पहले, पिछले सप्ताह मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के अनुसार ईरान के अनेक प्रान्तों व शहरों में लोग सड़कों पर उतरे थे.

मानवाधिकार संगठनों ने बताया है कि सुरक्षा बलों ने इन विरोध प्रदर्शनों को कुचलने की कोशिश की है, जिनमें 3 बच्चों समेत कम से कम 20 लोग मारे गए हैं, और सैकड़ों को गिरफ़्तार कर लिया गया है, जिनमें बच्चे भी हैं. 

संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने बीते शुक्रवार को कहा था कि यदि ईरान की सरकार ने प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध घातक बल प्रयोग जारी रखा, तो उन्हें बचाने के लिए अमेरिका आगे आएगा. 

इसके जवाब में, ईरान ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश को पत्र लिखकर, तेहरान को दी जा रही इन ‘ग़ैरक़ानूनी धमकियों’ की निन्दा किए जाने का आग्रह किया था.

आम नागरिकों की रक्षा

यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने सोमवार को न्यूयॉर्क में एक पत्रकार द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि महासचिव ने विरोध प्रदर्शनों के दौरान आम नागरिकों को हताहत होने से बचाने पर बल दिया है.

“उन्होंने प्रशासनिक एजेंसियों से अभिव्यक्ति की आज़ादी, एक दूसरे से जुड़ने और शान्तिपूर्ण ढंग से एकत्र होने के अधिकारों को बनाए रखने की अपील की है. सभी व्यक्तियों को शान्तिपूर्वक प्रदर्शन करने और अपनी पीड़ा को बयाँ करने की अनुमति होनी चाहिए.”

महासचिव ने सचेत किया है कि ईरान और वृहद क्षेत्र में सभी पक्षों के लिए ऐसे किसी भी क़दम से बचा जाना अहम है, जिससे तनाव बढ़ता हो और अस्थिरता गहराए.