वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

सूडान: यूएन शान्तिरक्षकों पर ड्रोन हमले में 14 हताहत, कड़ी निन्दा

नीले टोपों में संयुक्‍त राष्ट्र के शांतिदार लोग आंगी, दक्षिण सूडान की गाड़ियों के पास, एक धूलदार सड़क पर तैनात हैं ।
© UNISFA
UNISFA मिशन की ज़िम्मेदारी, आबिये में पुलिस बल को मज़बूत बनाना है और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.

सूडान: यूएन शान्तिरक्षकों पर ड्रोन हमले में 14 हताहत, कड़ी निन्दा

शान्ति और सुरक्षा

सूडान में सेवारत यूएन शान्तिरक्षकों के एक ठिकाने को निशाना बनाकर एक ड्रोन हमला किया गया है जिसमें 6 शान्तिरक्षकों की मौत हो गई और 8 अन्य घायल हो गए. ये सभी बांग्लादेशी बटालियन में सेवारत थे.

यह हमला कडूग्ली में स्थित एक यूएन भंडारग्रह व संचालन केन्द्र को निशाना बनाकर शनिवार को किया गया.

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने, इस भयावह ड्रोन हमले की तीखी निन्दा की है.

Tweet URL

कडूग्ली, सूडान के दक्षिण कोर्दोफ़ान प्रान्त की राजधानी है जहाँ सूडानी सेनाओं (SAF) और त्वरित समर्थन बलों (RSF) के बीच हिंसक लड़ाई तेज़ हुई है. इन दोनों सेनाओं के बीच लगभग तीन वर्ष पहले युद्ध भड़क उठा था.

इस ड्रोन हमले में हताहत हुए सभी शान्तिरक्षक बांग्लादेशी बटालियन के हैं जो आबिये में यूएन अन्तरिम सुरक्षा बल – UNISFA में अपनी सेवाएँ दे रहे थे.

आबिये एक तेल समृद्ध इलाक़ा है जिसके स्वामित्व को लेकर, सूडान और दक्षिण सूडान दोनों के बीच, 2011 से विवाद जारी है, जब इन दोनों देशों के बीच विभाजन हुआ था.

यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने बांग्लादेश की सरकार और वहाँ के लोगों व अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शान्तिरक्षकों के परिवारों के साथ, अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है. 

साथ ही घायल शान्तिरक्षकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है.

यूएन शान्तिरक्षकों पर हमला युद्धापराध

यूएन प्रमुख ने एक वक्तव्य में कहा है, “यूएन शान्तिरक्षकों को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमले, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत युद्ध अपराध हैं. और मैं युद्ध में शामिल सभी पक्षों को याद दिलाता हूँ कि यूएन कर्मचारियों व आम लोगों को संरक्षण मुहैया कराना उनकी ज़िम्मेदारी है.”

उन्होंने कहा है, “जैसा हमला आज दक्षिण कोर्दोफ़ान में किया गया है, इस तरह के हमलों का कोई आधार नहीं है. इनके लिए जवाबदेही निर्धारित किए जाने की ज़रूरत है.”

यूएन महासचिव ने उन सभी हज़ारों यूएन शान्तिरक्षकों के साथ एकजुटता व्यक्त की है जो बेहद ख़तरनाक हालात में भी, यूएन ध्वज के नीचे, अपनी सेवाएँ देना जारी रखे हुए हैं.

यूएन प्रमुख ने साथ ही युद्धक गतिविधियों को तत्काल रोके जाने की अपनी पुकार दोहराई है और युद्धविराम लागू करने व एक समावेशी राजनैतिक प्रक्रिया शुरू किए जाने के लिए बातचीत शुरू किए जाने का आहवान भी दोहराया है.

यूएन शान्तिरक्षा विभाग के मुखिया जियाँ पियर लैक्रोआ ने, इस ड्रोन हमले पर गम्भीर क्षोभ व्यक्त किया है.

उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि यूएन शान्तिरक्षकों कोई निशाना नहीं हैं, और ये हमला, युद्धापराध माना जा सकता है.

संयुक्‍त राष्ट्र के शांतिवादी अबी के माध्यम से जा रहे हैं, जो सूडान और दक्षिण सूडान के बीच एक वाद - विवाद - विषय है, जहाँ हाल ही में हिंसा के बाद ले जाया जा रहा है ।
UN Photo/Stuart Price

UNISFA वर्ष 2011 में शुरू किया गया था. इसका शासनादेश, आबिये पुलिस सेवा की क्षमता को मज़बूत करना, मानवीय सहायता उपलब्ध कराए जाने में मदद करना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.

इस मिशन की अवधि हाल ही में एक साल के लिए और बढ़ाई गई है.

इस यूएन मिशन में कुल 4 हज़ार सैन्य व पुलिस कर्मचारी अपनी सेवाएँ दे रहे हैं. इनके अलावा इस मिशन में सिविल स्टाफ़ भी सेवारत है.