वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

यूएन80 पहल की कार्य योजना, सुधारों के लिए समन्वित मार्ग

लकड़ी के पैनल से सुसज्जित एक विशाल सम्मेलन कक्ष में आयोजित एक औपचारिक बैठक का विस्तृत दृश्य, जिसमें प्रतिनिधि घुमावदार मेजों पर बैठे हैं। सामने लगी एक बड़ी स्क्रीन पर प्रस्तुति दिखाई जा रही है।
UN Photo/Manuel Elias यूएन80 पहल पर महासभा की एक अनौपचारिक बैठक का दृश्य.

यूएन80 पहल की कार्य योजना, सुधारों के लिए समन्वित मार्ग

यूएन मामले

संयुक्त राष्ट्र ने अपनी व्यवस्था-व्यापी सुधार पहल को आगे बढ़ाने की दिशा स्पष्ट कर दी है, जिसे कई दशकों में सबसे व्यापक माना जा रहा है. नीति मामलों के अवर महासचिव गाय राइडर ने UN80 पहल की कार्य योजना प्रस्तुत की है, जिसमें महासचिव के सभी प्रमुख सुधार प्रस्तावों को एक ही सुव्यवस्थित ढाँचे में रखा गया है, ताकि पूरा तंत्र अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सके.

इस कार्य योजना में कोई नया प्रस्ताव नहीं किया गया है. इसका उद्देश्य केवल यह तय करना है कि पहले से मौजूद प्रस्तावों को किस क्रम में और किस तरीके़ से लागू किया जाएगा. 

इसके तहत 87 कार्रवाइयाँ (actions) तय की गई हैं, जिन्हें 31 कार्य पैकेजों में बाँटा गया है. ये पैकेज तीन प्रमुख कार्य धाराओं में व्यवस्थित हैं: शान्तिरक्षा और मानवीय सहायता, तकनीक व साझा सेवाएँ, और संस्थागत एकीकरण.

अवर महासचिव राइडर ने महासभा की अनौपचारिक बैठक में सदस्य देशों से कहा है, “इसका उद्देश्य संरचना, पारदर्शिता व एकरूपता लाना और एक ऐसा कार्यान्वयन ढाँचा तैयार करना है, जिसके ज़रिये, यूएन80 पहल के सभी पहलुओं पर आगे बढ़ा जा सके. साथ ही, इसके ज़रिए यह भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा कि हर घटक (element) कैसे आगे बढ़ेगा, किसकी क्या ज़िम्मेदारी है और किस समय-सीमा में काम पूरा किया जाएगा.”

यूएन में होने वाले बदलावों का ख़ाक़ा

यह कार्य योजना, यूएन80 पहल का केन्द्रीय हिस्सा है. यूएन80 पहल, संयुक्त राष्ट्र के पूरे तंत्र में एक साहसिक और व्यापक परिवर्तन है, जिसका उद्देश्य है कि संयुक्त राष्ट्र पहले से कहीं अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सके, ताकि संयुक्त राष्ट्र का हर डॉलर, हर निर्णय और हर दायित्व, लोगों और पूरे ग्रह के लिए अधिक ठोस और बेहतर परिणाम दे.

यह पहल मार्च 2025 में शुरू की गई थी और महासभा ने अपने प्रस्ताव 79/318 के ज़रिए इसका स्वागत किया था. 

यह पहल संयुक्त राष्ट्र तंत्र के कामकाज को फिर से परिभाषित किए जाने के बारे में नहीं है, बल्कि यह इस मुद्दे पर केन्द्रित है कि इस संस्थान का ढाँचा कैसा हो और इसका प्रबन्धन में समन्वय किस तरह हो. 

यह पहल पुरानी पड़ चुकी व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने, नौकरशाही व प्रशासन में दोहराव और बिखराव को कम करने और प्रभाव को मज़बूत बनाने पर ध्यान केन्द्रित करती है.

यूएन80 पहल तीन कार्य धाराओं के माध्यम से आगे बढ़ती है, जिन्हें इस कार्य योजना में शामिल किया गया है. 

इसमें संयुक्त राष्ट्र तंत्र में दक्षता बढ़ाने के प्रस्ताव शामिल हैं, जिनके आरम्भिक प्रस्ताव, सचिवालय द्वारा प्रस्तावित 2026 के कार्यक्रम बजट के संशोधित अनुमानों में परिलक्षित हैं. 

इसमें शासनादेश कार्यान्वयन समीक्षा की रिपोर्ट शामिल है, जो सदस्य देशों द्वारा विचाराधीन है.

साथ ही इसमें, महासचिव की - “परिप्रेक्ष्य परिवर्तन: परिणामों के लिए एकजुटता” नामक रिपोर्ट भी है, जिसमें सम्भावित संरचनात्मक और कार्यक्रमों की सटीकता का ख़ाक़ा प्रस्तुत किया गया है.

अवर महासचिव राइडर ने सदस्य देशों से कहा, “यदि हम इस पहल की गति बनाए रखें और इसे सही भावना के साथ आगे बढ़ाएँ, तो आने वाले महीने वास्तव में परिवर्तन का क्षण बन सकते हैं.”

3 रिपोर्ट से 31 कार्य समूहों तक

असल में, यह कार्य योजना एक रोडमैप है. यह यूएन80 पहल की जटिल बनावट को समेटती है और उसे कार्य समूहों में विभाजित करती है, जिसमें सूक्ष्म तकनीकी बदलावों से लेकर व्यापक प्रणालीगत परिवर्तन शामिल हैं.

कुछ सबसे महत्वपूर्ण पैकेज समूह उन पहलुओं पर केन्द्रित हैं जिन्हें वरिष्ठ यूएन अधिकारी कहीं अधिक समरसता वाली यूएन प्रणाली के लिए “बड़े टिकटों” के रूप में देखते हैं. 

शान्ति और सुरक्षा के क्षेत्र में इसका मतलब है - शान्ति अभियानों के लिए नए मॉडल तैयार करना, जिसमें यह तय किया जाए कि कार्य और संसाधन उन संस्थाओं को कैसे सौंपे जाएँ, जो उन्हें सबसे प्रभावी ढंग से लागू कर सकें.

मानवीय सहायता के क्षेत्र में, यह नई मानवीय सन्धि (New Humanitarian Compact) को आगे बढ़ाता है, जिसका उद्देश्य आपातकालीन प्रतिक्रिया योजनाओं को सरल बनाना, आपूर्ति श्रृंखलाओं को एकीकृत करना और साझा सेवाओं का विस्तार करना है, ताकि ख़र्च़ होने वाला हर डॉलर अधिक परिणाम दे सके.

यह योजना UNDP और UNOPS, तथा UNFPA और यूएन महिला संगठन के बीच सम्भावित विलय के मूल्यांकन को आगे बढ़ाएगी. साथ ही UNAIDS के लिए भी आगे का मार्ग तय करेगी.

संचालन समिति और कार्यबल

एक नई संचालन समिति की अध्यक्षता हर महीने महासचिव करेंगे, जो यूएन नेताओं के बीच रणनैतिक दिशा और समरसता सुनिश्चित करेगी.

इसके अन्तर्गत, यूएन80 कार्यबल है, जिसके अध्यक्ष गाय राइडर हैं. यह कार्यबल अपनी साप्ताहिक बैठकों के ज़रिए, कार्यान्वयन में समन्वय करेगा, समय-सीमाओं की निगरानी करेगा और संचालन समिति द्वारा समीक्षा के लिए सिफ़ारिशें प्रस्तुत करेगा.

...जवाब का हिस्सा

यह योजना ऐसे समय में लागू की जा रही है जब संयुक्त राष्ट्र व्यवस्था, गम्भीर वित्तीय कटौतियों का सामना कर रही है. 

2024 की तुलना में, 2026 में प्रणालीगत संसाधनों में 25 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान है. ये संसाधन वर्ष 2024 में 66 अरब डॉलर थे, जो वर्ष 2026 में घटकर 50 अरब डॉलर अनुमानित होंगे.

महासचिव ने स्पष्ट किया है कि यूएन80 पहल, संयुक्त राष्ट्र तंत्र के वित्तीय संकट का समाधान नहीं है, बल्कि यह अधिकतम प्रभाव सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता है, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहाँ स्थितियाँ सबसे कमज़ोर हैं.

'डैशबोर्ड'

संयुक्त राष्ट्र तंत्र के लगभग हर पहलू को प्रभावित करने वाले इन सुधारों को समझने में मदद के लिए, सचिवालय ने UN80 Initiative Actions dashboard शुरू किया है.

यूएन80 पहल के बारे में विस्तृत जानकारी इस डैशबोर्ड पर देखी जा सकती है.