हेती: गिरोह दमन बल को मंज़ूरी से अन्तरराष्ट्रीय समुदाय का स्पष्ट सन्देश - 'आप अकेले नहीं हैं'
हेती के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिनिधि ने सुरक्षा परिषद को बताया है कि हेती के लोगों ने हार नहीं मानी है. “उनका धैर्य हमें आशा देता है.”
हेती में संयुक्त राष्ट्र के एकीकृत कार्यालय (BINUH) के प्रमुख के रूप में पहली बार राजदूतों को समबोधित करते हुए देश में जारी आपराधिककार्लोस रुइज़ मासिउ ने गिरोहों की हिंसा और मानवीय संकट पर बात की.
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष होने वाले राजनैतिक परिवर्तन और हाल ही में स्वीकृत गिरोह दमन बल (GSF) के ज़रिए राष्ट्रीय सुरक्षा बहाल करने के प्रयास जारी हैं.
‘गम्भीर’ परिस्थितियाँ
बुधवार को सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा, “कोई सन्देह नहीं कि हालात बेहद गम्भीर हैं, लेकिन हेती की जनता ने हार नहीं मानी है.”
कार्लोस रुइज़ मासिउ ने पिछले ढाई महीनों में कई राजनैतिक, अन्तरराष्ट्रीय और नागरिक हितधारकों से मुलाक़ात की है.
उन्होंने कहा कि सशस्त्र समूह जैसे-जैसे राजधानी के बाहरी इलाक़ों और अन्य क्षेत्रों के कृषि समुदायों को निशाना बना रहे हैं, आन्तरिक विस्थापन का आकार और प्रभाव “अभूतपूर्व” होता जा रहा है. इससे 14 लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं.
उन्होंने कहा, “गैंग हमलों से जुड़े व्यापक उल्लंघन, आत्मरक्षा समूहों की हिंसा, और कुछ सुरक्षा अभियानों के दौरान हुई घटनाओं के कारण, मानवाधिकारों की स्थिति गम्भीर चिन्ता का विषय बनी हुई है.”
राजनैतिक संक्रमण जारी
उन्होंने अगले वर्ष 7 फ़रवरी तक निर्वाचित प्रतिनिधियों को सत्ता हस्तांतरण की योजना का ज़िक्र करते हुए कहा, “मुझे चिन्ता है कि लोकतांत्रिक शासन की बहाली की ओर कोई स्थिर राह अभी नहीं नज़र आ रही है.”
उन्होंने फ़रवरी के बाद राजनैतिक शून्यता की स्थिति से बचने के लिए, राजनैतिक प्रतिनिधियों से चुनावों पर परामर्श करने की हेती अधिकारियों की पहल का स्वागत किया.
उन्होंने कहा, “आगे की राह पर नई सहमति बनाने के लिए हेती के भीतर निरन्तर संवाद बनाए रखना अत्यंत महत्वपूर्ण है.”
उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र का हेती एकीकृत कार्यालय (BINUH) चुनाव से पहले तकनीकी एवं बुनियादी सहायता प्रदान करेगा.
नया बल, भरोसे का संकेत
कार्लोस रुइज़ मासिउ ने गिरोह दमन बल (GSF) के लिए सुरक्षा परिषद के समर्थन का स्वागत करते हुए कहा कि सुरक्षा बढ़ाने के लिए ठोस क़दम उठाएँ और हिंसा से सबसे अधिक प्रभावित समुदायों, ख़ासतौर पर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करें.
उन्होंने चेतावनी दी कि प्रतिकूल सुरक्षा माहौल के कारण राजधानी में हेती के अन्तरराष्ट्रीय साझीदार लगातार प्रभावित हो रहे हैं. वे तात्कालिक रूप से “राजधानी में 100 प्रतिशत कर्मियों की उपस्थिति” सुनिश्चित करने के लिए BINUH के प्रयासों का नेतृत्व कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, “इस परिषद की ताज़ा कार्रवाई हेती की जनता के लिए आश्वासन का संकेत थी कि वे अकेले नहीं हैं. अन्तरराष्ट्रीय समुदाय इस नाज़ुक घड़ी में उनके साथ खड़ा है.”
अब समय है कि इस संकेत को तेज़ी से ठोस प्रगति में बदला जाए और हिंसा का रुख़ पलट दिया जाए.