जब अफ़ग़ान महिलाओं, लड़कियों से इंटरनैट छीन लिया जाए तो...
अफ़ग़ानिस्तान में लगभग 70 हज़ार महिलाएँ ‘रेडियो फ़ेमे’ को सुनती हैं. यह पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित एक ऑनलाइन और पारम्परिक रूप से प्रसारित रेडियो स्टेशन है जो पूरे क्षेत्र में महिलाओं व लड़कियों में शिक्षा और उनके अधिकारों के बारे में जागरूकता फैलाता है. मगर सीखने के इस सफ़र में एक भारी रुकावट उत्पन्न हो गई...
ऐसे समय में जब महिलाओं पर स्कूलों और विश्वविद्यालयों में जाने पर पहले से ही प्रतिबन्ध लगा हुआ था, रेडियो फ़ेमे ने, अन्य तरीक़ों से शिक्षा मुहैया कराने में अहम भूमिका निभाई है.
यह रेडियो केन्द्र, महिलाओं और लड़कियों को सीखने व अपनी शिक्षा जारी रखने के लिए एक बहुत अहम मंच प्रदान करता है, जहाँ आठ शिक्षक, गणित से लेकर विज्ञान तक के विषयों में पाठ पढ़ाते हैं.
लेकिन फिर सत्तारूढ़ तालेबान अधिकारियों ने, अचानक 30 सितम्बर (2025) को, बिना किसी तत्काल स्पष्टीकरण के, पूरे देश में इंटरनैट व फ़ोन नैटवर्क काट दिए, जिससे रेडियो फ़ेमे का प्रसारण बन्द हो गया.
इस रेडियो स्टेशन का अस्थाई रूप से बन्द होना इस बात का एक छोटा सा उदाहरण है कि देशव्यापी इंटरनैट पर पाबन्दी से महिलाएँ किस तरह प्रभावित हुई हैं.
अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी क्षेत्र में आए भूकम्प, उत्तरी इलाक़े में जारी सूखे और पड़ोसी देशों से निकाले गए लाखों शरणार्थियों की वापसी के साथ-साथ, इंटरनैट पर पाबन्दी ने, देश में महिलाओं और लड़कियों के लिए जीवन को और भी कठिन बना दिया है.
अफ़ग़ानिस्तान में, यूएन शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) के देश प्रतिनिधि अराफ़ात जमाल कहते हैं, "यह, मौजूदा संकट के ऊपर एक और संकट है. इस तरह की रुकावट बिल्कुल ज़रूरी नहीं है, और इसका असर अफ़ग़ान लोगों के जीवन पर पड़ेगा."
महिलाओं के लिए इंटरनैट इतना महत्वपूर्ण क्यों है?
समा जैसी महिलाओं ने यूएन वीमेन के साथ एक बातचीत में बताया कि इंटरनैट, किस तरह से काम करने, छोटे व्यवसाय शुरू करने और उत्पाद बेचने के लिए एक दुर्लभ अवसर प्रदान करता है.
उन्होंने कहा, "मैं, अपनी ऑनलाइन दुकान के ज़रिए, प्रसिद्ध हो गई. मैं धन अर्जित कर रही हूँ, अपनी आर्थिक समस्याओं का समाधान कर रही हूँ और आत्मनिर्भर बन रही हूँ."
फिर भी, जब इंटरनैट पर पाबन्दी लगी तो, समा से भी, कई अन्य महिलाओं की तरह, रातोंरात अपनी आय का एकमात्र स्रोत छूट गया.
UN Women की रिपोर्ट के अनुसार, अफ़ग़ानिस्तान में इंटरनैट और फ़ोन पर पाबन्दी का असर महिलाओं व लड़कियों पर ज़्यादा पड़ता है.
"यह (प्रतिबन्ध) बहुत से लोगों के लिए सीखने, आय अर्जित करने और अन्य लोगों के साथ सम्पर्क जोड़ने के अन्तिम साधन को ख़त्म कर देता है."
अफ़ग़ानिस्तान में वैसे तो इंटरनैट की पहुँच काफ़ी हद तक बहाल हो गई है, लेकिन सन्देश स्पष्ट है: महिलाओं और लड़कियों के लिए सीखने, अभिव्यक्ति व सेवाओं का यह मूल्यवान प्रवेश द्वार, किसी भी समय बन्द हो सकता है.
यूएन महिला संस्था के अनुसार, यह एक स्पष्ट चेतावनी है कि डिजिटल दुनिया तटस्थ नहीं है.
एजेंसी का कहना है कि महिलाओं की शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और आजीविका, सभी दाँव पर हैं.