ग़ाज़ा: सभी बन्धकों को रिहा कीजिए, बिना शर्त, तुरन्त - यूएन महासचिव
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने, दक्षिणी इसराइल में हमास व अन्य हथियारबन्द गुटों द्वारा किए गए हमलों के दो वर्ष होने पर, ग़ाज़ा में बन्धक बना कर रखे गए सभी लोगों को बिना शर्त, तत्काल रिहा किए जाने की अपनी अपील दोहराई है.
महासचिव गुटेरेश ने सोमवार को जारी एक वक्तव्य में ध्यान दिलाया कि 7 अक्टूबर 2023 को हमलावरों ने 1,250 इसराइली और विदेशी नागरिकों को बर्बरतापूर्ण ढंग से मार दिया था.
“250 से अधिक लोगों को अगवा कर लिया गया और ग़ाज़ा पट्टी में बन्धक बना लिया गया, जिनमें महिलाएँ, बच्चे और वृद्धजन भी थे.”
“इस दिवस पर, आइए हम उन सभी को याद करें, जिनकी हत्या कर दी गई और जिन्होंने इस भयावह हिंसा को झेला. उस स्याह दिन की भयावहता हम सभी की स्मृतियों को हमेशा बेधती रहेगी.”
एक अनुमान के अनुसार, ग़ाज़ा में फ़िलहाल 48 बन्धक हैं, जिनमें से क़रीब 20 के जीवित होने सम्भावना है. 28 की मौत हो चुकी है.
यूएन प्रमुख ने कहा कि जीवित बचे व्यक्तियों को निन्दनीय परिस्थितियों में रखा गया है. उन्होंने कुछ बन्धकों के परिवारजन और इस हमले में जीवित बचे लोगों से मुलाक़ात करके उनकी व्यथा को सुना था.
“मैंने यह बार-बार कहा है, और आज भी इसे कहीं अधिक तात्कालिकता से दोहरा रहा हूँ: बन्धकों को रिहा कीजिए, बिना शर्त, तत्काल.”
गहरी पीड़ा
इन हमलों के बाद, इसराइली सेना ने बड़े पैमाने पर ग़ाज़ा में सैन्य कार्रवाई शुरू की, जिसमें अब तक 67 हज़ार फ़लस्तीनियों की जान जा चुकी है और 1 लाख 70 हज़ार लोग घायल हुए हैं.
यूएन प्रमुख ने कहा कि सभी के लिए इस पीड़ा का अन्त करना होगा.
“यह एक ऐसे स्तर पर मानवीय विनाश है, जिसका अन्दाज़ा नहीं लगाया जा सकता है.”
उन्होंने सभी युद्धकों से ग़ाज़ा, इसराइल और वृहद क्षेत्र में लड़ाई का अन्त करने की अपील करते हुए कहा कि आम नागरिक इसकी क़ीमत अपने जीवन व भविष्य से चुका रहे हैं और इसे रोका जाना होगा.
इस बीच, मिस्र के शर्म-अल-शेख़ में इसराइल और हमास के वार्ताकारों के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता जारी है, जिसमें संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा सुझाई गई 20 सूत्री शान्ति योजना पर पूर्ण सहमति बनाने के प्रयास हो रहे हैं.
‘हमें उम्मीद को चुनना होगा’
महासचिव ने कहा कि यह क्षण, युद्ध का अन्त करने के इस अवसर का लाभ उठाने का है.
“दो वर्षों के सदमे के बाद, हमें अब उम्मीद को चुनना होगा.” इस त्रासदीपूर्ण टकराव का अन्त करने के लिए, अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के हालिया प्रस्ताव का उपयोग करना होगा.
हमास ने अमेरिकी योजना के कुछ हिस्सों को स्वीकार करने के लिए हामी भरी है, जिसमें सभी बन्धकों की रिहाई भी है. लेकिन पूर्ण रूप से हथियार डालने और युद्ध के बाद हमास की भूमिका पर सवाल बरक़रार हैं.
महासचिव के अनुसार, और अधिक रक्तपात को रोकने और शान्ति का मार्ग प्रशस्त करने के लिए एक स्थाई युद्धविराम और एक विश्वसनीय राजनैतिक प्रक्रिया बहुत आवश्यक हैं.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक स्थाई शान्ति को समर्थन प्रदान करने के लिए संयुक्त राष्ट्र प्रतिबद्ध है. एक ऐसी शान्ति, जिसमें इसराइली, फ़लस्तीनी और क्षेत्र के सभी लोग एक दूसरे के साथ सुरक्षा, गरिमा और पारस्परिक सम्मान के साथ रह सकें.