वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

दुनिया भर में 1.2 अरब लोगों को तम्बाकू सेवन की लत, WHO

एक युवा अफ्रीकी लड़का कैमरे की ओर देख रहा है, जिसके सामने सिगरेट और तंबाकू की एक टोकरी रखी है।
© WHO डब्ल्यूएचओ का कहना है कि वैश्विक स्तर पर लगभग आधे बच्चे, तम्बाकू के धुएँ से प्रदूषित हवा में साँस लेते हैं.

दुनिया भर में 1.2 अरब लोगों को तम्बाकू सेवन की लत, WHO

स्वास्थ्य

दुनिया में धूम्रपान के सेवन में वैसे तो कमी आई है, लेकिन तम्बाकू सेवन की लत की महामारी अब भी ख़त्म होती नज़र नहीं आ रही है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की हालिया रिपोर्ट कुछ ऐसे ही चिन्ताजनक आँकड़े दिखाती है, जिनके अनुसार, दुनिया भर में, हर पाँच में से एक वयस्क, तम्बाकू का सेवन करते हैं, जिससे हर साल लाखों लोगों की मृत्यु हो जाती है, जबकि इन मौतों को टाला जा सकता है.

हालाँकि ये एक अच्छी ख़बर है कि तम्बाकू का सेवन करने वालों की संख्या, वर्ष 2000 में 1 अरब 38 करोड़ से घटकर वर्ष 2024 में लगभग एक अरब 20 करोड़ हो गई है.

वर्ष 2010 के बाद, तम्बाकू सेवन करने वाले लोगों की संख्या में, 12 करोड़ की कमी आई है, जो 27 प्रतिशत तक की गिरावट है. 

विश्व स्वास्थ्य संगठन - WHO के महानिदेशक डॉक्टर टैड्रॉस ऐडहेनॉम घेब्रेयेसस ने कहा है, “लाखों लोग तम्बाकू सेवन छोड़ रहे हैं, लेकिन तम्बाकू उद्योग, नए निकोटीन उत्पादों से युवाओं को आकर्षित कर रहा है. सरकारों को तम्बाकू नियंत्रण नीतियाँ तेज़ी से और प्रभावी ढंग से लागू करनी होंगी.”

ई-सिगरेट एक नई चुनौती 

WHO ने, पहली बार, वैश्विक स्तर पर ई-सिगरेट के सेवन का अनुमान प्रस्तुत किया है, और परिणाम चिन्ताजनक हैं.

इस समय दुनिया भर में, 10 करोड़ से अधिक लोग वेपिंग के ज़रिए धूम्रपान कर रहे हैं. इसमें वयस्कों की संख्या क़रीब 8 करोड़ 60 लाख है, जो मुख्य रूप से उच्च-आय वाले देशों में रहते हैं.

वहीं, किशोरों में भी यह चिन्ता की बात है क्योंकि 13 से 15 वर्ष की उम्र के लगभग 1 करोड़ 50 लाख किशोर, पहले से ही ई-सिगरेट का सेवन कर रहे हैं. 

तम्बाकू उद्योग लगातार नए उत्पाद और तकनीकें बाज़ार में ला रहा है, जैसे ई-सिगरेट, निकोटीन पाउच, गर्म तम्बाकू. ये उत्पाद, इनका सेवन करने वाले हर आयु के लोगों के स्वास्थ्य को नुक़सान पहुँचाते हैं.

WHO के स्वास्थ्य निर्धारक, प्रचार और रोकथाम विभाग के निदेशक एटिएन क्रुग कहते हैं, “ई-सिगरेट नई निकोटीन लत बढ़ा रही हैं. इन्हें ‘हानि कम करने वाले’ के रूप में पेश किया जाता है, लेकिन यह बच्चों को पहले ही निकोटीन की लत में फँसा देता है...”

धूम्रपान विरोधी जागरूकता अभियान के तहत एक लड़का सिगरेट को दो टुकड़ों में तोड़ता है।
WHO

महिलाएँ तम्बाकू छोड़ने में पुरुषों से आगे

वर्ष 2000–2024 के बीच सभी आयु समूहों में तम्बाकू सेवन कम हुआ है, लेकिन महिलाओं की संख्या पुरुषों की अपेक्षा बेहतर रही है.

महिलाओं ने 2025 का वैश्विक लक्ष्य पाँच साल पहले ही हासिल कर लिया, जबकि पुरुषों के लिए, यह लक्ष्य वर्ष 2031 तक पूरा होने के अनुमान हैं. 

आज, दुनिया भर में तम्बाकू का सेवन करने वाले, हर पाँचवें में से चौथा व्यक्ति, पुरुष हैं. लगभग 1 अरब पुरुष अब भी तम्बाकू का सेवन कर रहे हैं.

क्षेत्र के अनुसार हालात

  •  दक्षिण-पूर्व एशिया: कभी दुनिया का सबसे प्रभावित क्षेत्र था. यहाँ पुरुषों में तम्बाकू सेवन, वर्ष 2000 में 70 प्रतिशत से घटकर वर्ष 2024 में 37 प्रतिशत पहुँच गया. वैश्विक गिरावट का आधा हिस्सा अकेले इस क्षेत्र में है.

  • अफ़्रीका: 2024 में 9.5 प्रतिशत के साथ तम्बाकू का चलन सबसे कम रहा, जो 30 फ़ीसदी के लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में है. जनसंख्या बढ़ने के कारण, तम्बाकू सेवन करने वाले लोगों की कुल संख्या भी बढ़ी है.

  • अमेरिका: 36 फ़ीसदी की स्पष्ट कमी दर्ज की गई, हालाँकि कई देशों के आँकड़े उपलब्ध नहीं हैं.

  • योरोप: अब सबसे अधिक प्रचलन वाला क्षेत्र है.  2024 में वयस्कों में सेवन 24.1 प्रतिशत दर्ज किया गया. योरोपीय महिलाओं में 17.4 फ़ीसदी के साथ, यह विश्व में सबसे अधिक है.

  • पश्चिमी प्रशान्त: सबसे धीमी प्रगति रही. 2024 में वयस्क सेवन, 22.9 प्रतिशत (2010 में 25.8 प्रतिशत), महिलाओं में 2.5 फ़ीसदी, पुरुषों में 43.3 प्रतिशत है. यह सभी क्षेत्रों में सबसे अधिक है.

  • बहुरंगी बालों वाली युवा महिला और एक पैटर्न वाली बाल्टी टोपी एक ग्राफिटी से ढकी दीवार के सामने धुएं का एक बड़ा बादल छोड़ती है।
    © Unsplash/Zaya Odeesho

ज़रूरी कदम

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) सभी देशों की सरकारों से तम्बाकू नियंत्रण के प्रयासों को तेज़ करने का आग्रह कर रहा है.

इसके लिए MPOWER पैकेज और WHO तम्बाकू नियंत्रण ढाँचे को पूरी तरह लागू करना और ई-सिगरेट जैसे नए उत्पादों को नियंत्रित करना ज़रूरी है.

साथ ही तम्बाकू पर कर (Tax) बढ़ाना, विज्ञापन बन्द करना और नशा छोड़ने में मदद करने की सेवाओं का विस्तार करना भी आवश्यक है.