यूएन हवाई सेवा - UNHAS पहुँचे वहाँ, जहाँ नहीं पहुँच सके कोई
अभिनेता, मीडिया हस्ती और निर्माता जॉर्ज स्ट्रॉम्बूलोपोलस, वर्ष 2004 में चाड की सीमा के पास एक दुर्गम इलाक़े तक पहुँचना चाहते थे, मगर कोई तरीक़ा नहीं सुझाई दे रहा था. तभी संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सेवा (UNHAS) के एक विमान ने उनकी मुश्किल आसान कर दी. यह पहला मौक़ा था जब जॉर्ज ने UNHAS के बारे में सुना.
जॉर्ज स्ट्रॉम्बूलोपोलस अब विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के सदभावना दूत हैं. जॉर्ज याद करते हुए बताते हैं, “मैंने देखा कि यह विमान सेवा, केवल संयुक्त राष्ट्र नहीं, बल्कि दुनिया भर की मानवीय एजेंसियों के लिए भी केन्द्रीय सहारा थी - और ऐसा कर पाने वाली एकमात्र सेवा.”
जॉर्ज स्ट्रॉम्बूलोपोलस अब विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के विशेष दूत हैं; यही संस्था इस जीवनरक्षक सेवा - UNHAS का संचालन करती है.
UNHAS पिछले बीस वर्षों से, दुनिया के दूर-दराज़ क्षेत्रों तक मानवीय कार्यकर्ताओं और राहत सहायता पहुँचाने की महत्वपूर्ण हवाई कड़ी बनी हुई है.
चाहे कोविड महामारी का समय रहा हो - जब व्यावसायिक उड़ानें ठप हो गई थीं - या 2010 का हेती भूकम्प, इस सेवा ने हर बार सबसे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी अपना काम जारी रखा.
लेकिन UNHAS की विमान उड़ानें और उनके ज़रिए पहुँचाई जाने वाली ज़रूरी सहायता सामग्री, घटती वित्तीय सहायता के कारण बीच में ही रुक जाने के ख़तरे का सामना कर रही है.
न्यूयॉर्क में यूएन महासभा के के वार्षिक उच्च-स्तरीय सप्ताह के दौरान लगी UNHAS की अस्थाई प्रदर्शनी में, इस सेवा के बाहरी सम्बन्ध प्रमुख हेडली टाह ने कहा, “हम सदस्य देशों से राजनैतिक समर्थन प्राप्त करना चाहते हैं, उन्हें याद दिलाना चाहते हैं कि हमारा वादा है - किसी को पीछे नहीं छोड़ना. इसलिए UNHAS के लिए वित्तीय सहायता जारी रखना अत्यन्त आवश्यक है.”
एक बेहद कुशल प्रणाली
अकुशलताओं की पहचान और सुधार, यूएन80 पहल का प्रमुख उद्देश्य है. महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने संयुक्त राष्ट्र प्रणाली में सुधार के लिए, इस वर्ष यह पहल शुरू की है.
हेडली टाह के अनुसार, UNHAS एक केन्द्रीकृत, कुशल प्रणाली है जिसका उपयोग संयुक्त राष्ट्र के 600 से अधिक संगठन करते हैं. इससे उनके लिए अलग-अलग व्यवस्थाएँ बनाने और अतिरिक्त ख़र्च से बचत होती है.
उन्होंने कहा, “हम पूरे मानवीय समुदाय की सेवा करते हैं. अन्य संगठन अपने कार्यक्रम पर ध्यान दें, इसके लिए हम उनकी आपूर्ति श्रृंखला चलाते हैं और उनकी कार्य कुशलता बढ़ाने में मदद करते हैं.”
उन्होंने बताया कि मानवीय सहायता की कुल लागत का लगभग 70 प्रतिशत आपूर्ति श्रृँखला (Supply Chain) से आता है, जिसमें विमान उड़ानें और वितरण शामिल हैं.
“आपूर्ति श्रृंखला की लागत में थोड़ी-सी भी बचत, सैकड़ों मिलियन डॉलर की बचत बन सकती है.” यही वह क्षेत्र है जहाँ UNHASकी भूमिका बहुत अहम हो जाती है.
‘कम साधनों में ज़्यादा काम’
UNHAS के पास, इस वर्ष अपने कार्य के लिए, पहले की तुलना में केवल 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता ही उपलब्ध है.
हेडली टाह कहते हैं, “इससे मानवीय समुदाय के लिए हमारी सहायता कार्रवाई प्रभावित होती है. फिर भी हम कम साधनों में अधिक से अधिक काम करने का प्रयास कर रहे हैं.”
इस सेवा ने, वित्तीय चुनौतियों के बावजूद प्रभावी संचालन जारी रखने के लिए, विमानों की संख्या घटाई है और अनुबन्ध फिर निर्धारित किए हैं. कुछ गन्तव्यों के लिए विमान उड़ानें बन्द हैं, फिर भी यह सेवा 21 देशों तक पहुँच रही है.
WFP - UNHAS की पिछली समीक्षा के मुताबिक़, 2028 तक, बेड़ा तत्परता, आपात तैनाती और डिजिटल बुकिंग को बेहतर बनाया जाएगा.
जॉर्ज स्ट्रॉम्बूलोपोलस ने 2024 के दौरान सीरिया में इस सेवा के साथ उड़ान भरी थी. उन्होंने कहा, “UNHAS जिस स्तर का काम करती है, उसके लिए जिस तरह की विशेषज्ञता चाहिए, वे बेजोड़ है.”
उन्होंने कहा, “यदि UNHAS जैसी सेवा न हो तो पीड़ा, जान-माल और गरिमा की कितनी भारी हानि होगी – इसकी कल्पना करना भी कठिन है.”
ये उड़ानें ख़ास क्यों हैं?
- पिछले एक दशक में UNHAS से 38 लाख से अधिक मानवीय कार्यकर्ताओं ने उड़ान भरी, जिससे ज़रूरतमन्द समुदायों तक उम्मीद एवं जीवनरक्षक सहायता पहुँची.
- वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, केवल 2024 में ही हज़ारों मीट्रिक टन सामाग्री, 21 देशों तक पहुँचाई गई.
- एक छोटा और बहुउद्देशीय जैट, सेसना 208 कैरावैन, सबसे ज़्यादा इस्तेमाल किए जाने वाले विमानों में से एक है. यह छोटे और कच्चे रनवे पर भी उड़ान भरने व उतरने में सक्षम है, इसलिए जहाँ सड़कें या हवाई अड्डा ढाँचा नहीं होता, वहाँ यह विमान उपयुक्त साबित होता है.
- यह मज़बूत विमान, उच्च तापमान सहने में सक्षम होता है और पारम्परिक जैट इंजनों की तुलना में इसमें ईंधन की कम खपत होती है.
- यह विमान प्रति उड़ान में, अधिकतम 12 मानवीय कार्यकर्ताओं को ले जा सकता है. UNHAS के बेड़े में एयरबस सुपर प्यूमा H215 हेलीकॉप्टर और डे हैविलैंड कैनेडा डैश-8 जैसे विमान भी शामिल हैं.