UNGA80: किसका भाषण सबसे लम्बा, कितनी थी महिलाएँ, कौन रहे अनुपस्थित
छह दिनों तक, न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के जाने-पहचाने हरे संगमरमर के मंच से विश्व नेताओं ने बारी-बारी से, वार्षिक जनरल डिबेट को सम्बोधनकिया. कुल 194 नेताओं में से केवल 24 महिलाएँ थीं. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के सम्बोधन की अवधि सबसे अधिक थी. ऐसे ही कुछ दिलचस्प आँकड़ों पर एक नज़र...
ग़ाज़ा, यूक्रेन, सूडान में जारी हिंसक टकरावों, जलवायु संकट, संयुक्त राष्ट्र में सुधारों की मांग समेत कई अन्य अहम मुद्दों की पृष्ठभूमि में, यूएन महासभा का ऐतिहासिक 80वाँ सत्र आयोजित हुआ.
एक सप्ताह तक उच्चस्तरीय बैठकों, भाषणों, मुलाक़ातों का दौर चलता रहा और न्यूयॉर्क मुख्यालय के आस-पास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण यातायात में भी मशक़्कत करनी पड़ी. यह उच्चस्तरीय सत्र, सोमवार, 29 सितम्बर को सम्पन्न हो गया.
महासभा सत्र: 80
संयुक्त राष्ट्र, वर्ष 2025 में, अपनी स्थापना के आठ दशक पूरे कर रहा है. महासभा अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने इस ऐतिहासिक सत्र की बागडोर सम्भाली है, जोकि सितम्बर में शुरू होकर एक वर्ष तक चलेगा.
इस सत्र की थीम है: एक साथ हैं तो बेहतर हैं. शान्ति, विकास व मानवाधिकारों के लिए 80 वर्ष और उससे अधिक भी.
भागेदारी: 12,296
उच्चस्तरीय सप्ताह के दौरान, विश्व नेताओं के भाषणों के अलावा अनेक महत्वपूर्ण बैठकें भी आयोजित की गईं, जिनमें शामिल होने के लिए प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और यूएन एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी यहाँ उपस्थित थे.
महासभा में वक्ता: 194
इनमें संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के 189 प्रतिनिधि के अलावा, यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश, महासभा अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक शामिल हैं (उनके उदघाटन और समापन सम्बोधनों को एक बार ही गिना गया है). इनमें तीन स्थाई पर्यवेक्षक—फ़लस्तीन, ‘होली सी’, और योरोपीय संघ—भी हैं, जिन्हें 193 सदस्य देशों के साथ आमंत्रित किया जाता है.
अनुपस्थित: 4
अफ़ग़ानिस्तान, ऐल सल्वाडोर, म्याँमार और सेशेल्स के प्रतिनिधियों ने महासभा के उच्चस्तरीय सत्र में शिरकत नहीं की.
अफ़ग़ानिस्तान और म्याँमार के यहाँ न पहुँचने की वजह, उनकी सरकारों के आधिकारिक प्रतिनिधित्व पर विवाद है. वहीं सेशेल्स में राष्ट्रपति चुनाव इन्हीं दिनों आयोजित हो रहा है, जिस वजह से उनके प्रतिनिधि के लिए यह सम्भव नहीं हो पाया.
अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायिब बुकेले ने सोशल मीडिया प्लैटफ़ॉर्म, X, पर पिछले वर्ष के अपने भाषण को साझा करते हुए अपने सन्देश में लिखा: “मैं इस बार संयुक्त राष्ट्र महासभा में नहीं आया; इस वर्ष यह व्यर्थ लगा.”
संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा वीज़ा नकार दिए जाने पर, फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने वीडियो के ज़रिए महासभा को सम्बोधित किया.
पहला वक्ता: ब्राज़ील
वर्ष 1955 में 10वें सत्र के बाद से ही ब्राज़ील, परम्परागत रूप से, जनरल डिबेट में सम्बोधन देने वाला पहला सदस्य देश रहा है. हालांकि 1983 और 1984 में यह नहीं हो पाया था.
इस वर्ष, ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने ब्राज़ील का मत महासभा के मंच से प्रस्तुत किया.
अन्तिम वक्ता: तिमोर-लेस्ते
संयुक्त राष्ट्र में तिमोर-लेस्ते के स्थाई प्रतिनिधि डियोनिसियो दा कोस्टा बाबो सोआरेस ने सोमवार को इस वर्ष महासभा की वार्षिक जनरल डिबेट में अन्तिम भाषण दिया.
वक्ताओं के पद/भूमिका
राष्ट्र अध्यक्ष: 83
उप राष्ट्रपति: 6
युवराज (क्राउन प्रिंस): 1
सरकार प्रमुख: 41
उप प्रधानमंत्री: 4
मंत्री: 45
उप मंत्री: 1
प्रतिनिधिमंडल प्रमुख: 8
वक्ता: 168 पुरुष, 24 महिलाएँ
महिलाओं की हिस्सेदारी अब भी सीमित है, लेकिन यह बढ़ रही है. वर्ष 2024 में 19 महिला नेताओं ने अपना भाषण दिया था, जिनमें केवल 5 राष्ट्राध्यक्ष थीं.
8 महिलाएँ राष्ट्राध्यक्ष: डोमिनिका, मार्शल आइलैंड्स, नामीबिया, नॉर्थ मैसेडोनिया, पेरु, स्लोवेनिया, सूरीनाम, स्विट्ज़रलैंड
2 महिला उप राष्ट्रपति: दक्षिण सूडान, युगांडा
3 महिला सरकार प्रमुख: इटली, बारबेडॉस, त्रिनिडाड एंड टोबैगो
1 महिला उप प्रधानमंत्री: लिष्टेनश्टाइन
8 महिला मंत्री: ऑस्ट्रिया, इक्वाडोर, स्वीडन, आइसलैंड, रोमानिया, फ़िलिपींस, संयुक्त अरब अमीरात, कैनेडा
2 प्रतिनिधिमंडल प्रमुख: डेनमार्क, मलावी
अनेक प्रतिनिधिमंडलों ने अगले यूएन महासचिव के लिए महिला उम्मीदवार का समर्थन किया है. इस सिलसिले में, चिली ने पूर्व राष्ट्रपति मिशेल बाशेलेट की उम्मीदवारी की घोषणा की है.
सबसे लम्बा सम्बोधन: संयुक्त राज्य अमेरिका
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प का भाषण, 57 मिनट 15 सेकेंड लम्बा था.
उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और योरोपीय सहयोगियों की आलोचना की, प्रवासन व ऊर्जा नीतियों को विध्वंसकारी बताया और एकपक्षीय, ‘अमेरिका प्रथम’ दृष्टिकोण की वकालत की.
उन्होंने व्यापार, सुरक्षा और हिंसक टकराव समाधान में उपलब्धियों का बखान किया और ईरान के परमाणु ख़तरे को ख़त्म करने का दावा किया. उन्होंने इसराइल के समन्वय में ग़ाज़ा में शान्ति के लिए एक योजना को भी पेश किया.
संयुक्त राष्ट्र में आधिकारिक नियम के तहत, हर वक्ता को 15 मिनट का समय दिया जाता है, मगर अक्सर प्रतिनिधियों के भाषण इस अवधि से लम्बे खिंचते हैं. महासभा प्रमुख इस विषय में लचीला रुख़ अपनाते हैं.
सबसे छोटा भाषण: बेल्जियम
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डे वेवेर के सम्बोधन की अवधि केवल 6 मिनट 44 सेकेंड थी.. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र की ख़ामियों को माना, मगर यूएन की 80वीं वर्षगाँठ पर पेश किए गए सुधार एजेंडा को अपना समर्थन दिया.
उन्होंने बेल्जियम में प्रतिरक्षा क्षेत्र में बढ़ते निवेश, योरोपीय देशों में सहयोग के साथ-साथ पार-राष्ट्रीय अपराधों से निपटने के लिए वैश्विक साझेदारियों की अहमियत पर बल दिया.
महासचिव की बैठकें: 148
यूएन महासचिव ने इस सप्ताह के दौरान विश्व नेताओं के साथ 148 द्विपक्षीय बैठकें की.
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लैवरोफ़ ने महासचिव के साथ फ़ोटो खिंचवाते समय रूसी ध्वज नहीं दिखाई देने पर मज़ाक किया.
यूएन प्रमुख ने बताया कि प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रीय ध्वज को सरकार प्रमुखों के लिए ही फहराया जाता है, विदेश मंत्रियों के लिए नहीं.
महासचिव के सम्बोधन: 20
यूएन के शीर्षतम अधिकारी ने इस सप्ताह के दौरान 20 भाषण दिए. इनमें यूएन की 80वीं वर्षगाँठ, महासभा सत्र के उच्चस्तरीय खंड के उदघाटन, कृत्रिम बुद्धिमता, जलवायु परिवर्तन समेत अन्य मुद्दों पर हुई बैठकों के दौरान सम्बोधन शामिल हैं.
मीडिया कवरेज: 3,300
संयुक्त राष्ट्र मीडिया सम्पर्क कार्यालय ने इस सत्र की कवरेज के लिए, 150 देशों के पत्रकारों, मीडियाकर्मियों के लिए 3,300 प्रैस पास जारी किए.