वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

UNGA80: भारत और पाकिस्तान ने किया Right of Reply का प्रयोग

यूएन महासभा हॉल
UN Photo/Loey Felipe
यूएन महासभा हॉल

UNGA80: भारत और पाकिस्तान ने किया Right of Reply का प्रयोग

यूएन मामले

यूएन महासभा के 80वें सत्र की उच्चस्तरीय जनरल डिबेट में, भारत और पाकिस्तान ने, ‘उत्तर के अधिकार’ (Right of Reply) का प्रयोग किया है.

पाकिस्तान के सम्बोधन पर भारत द्वारा FRoR का प्रयोग:

भारतीय प्रतिनिधि ने यूएन महासभा की जनरल डिबेट में, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के भाषण को, 'उत्तर के प्रथम अधिकार' - (First Right of Reply) का प्रयोग करते हुए, "बेतुकी नौटंकी" बताते हुए निन्दा की है कि उन्होंने "एक बार फिर आतंकवाद का महिमामंडन किया, जो उनकी विदेश नीति का केन्द्र बिन्दु है".

भारतीय प्रतिनिधि ने ज़ोर देकर कहा कि "किसी भी स्तर का नाटक और किसी भी स्तर का झूठ, इस तथ्य को नहीं छिपा सकता कि यह वही पाकिस्तान है" जिसने पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवादी संगठन, Resistance Front को "भारतीय केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर में पर्यटकों के बर्बर जनसंहार" की ज़िम्मेदारी से बचाया था.

उन्होंने कहा कि "एक ऐसा देश जो लम्बे समय से आतंकवाद को फैलाने और निर्यात करने की परम्परा में डूबा हुआ है, उसे इस उद्देश्य के लिए सबसे हास्यास्पद आख्यान गढ़ने में कोई शर्म नहीं है".

पाकिस्तान को तुरन्त सभी आतंकवादी शिविरों को बन्द करना होगा और भारत में वांछित लोगों को सौंपना होगा.

पाकिस्तान द्वारा First Right of Reply:

भारत के ‘उत्तर देने के प्रथम अधिकार’ के जवाब में, पाकिस्तान की प्रतिनिधि ने अपने देश के - 'उत्तर देने के प्रथम अधिकार' (First Right of Reply) का प्रयोग करते हुए कहा है, "एक ऐसा देश जो यह तय नहीं कर पा रहा है कि उसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का ढोंग करना चाहिए या ख़ुद को दुनिया में दुष्प्रचार का सबसे बड़ा कारखाना बताना चाहिए".

पाकिस्तानी प्रतिनिधि ने कहा कि भारत एकमात्र ऐसा देश बन गया है जो देश और विदेश में सरकार - प्रायोजित आतंकवाद को अपनी नीति के रूप में अपनाता है.

पाकिस्तानी प्रतिनिधि ने "भारत-अधिकृत जम्मू और कश्मीर में आतंक के राज" की निन्दा करते हुए कहा कि उनका देश "शान्तिपूर्ण सह-अस्तित्व, आपसी सम्मान और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है".

हालांकि, उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि भारत को "हमारी क्षेत्रीय अखंडता और सम्प्रभुता का उल्लंघन करने और निर्दोष नागरिकों की हत्या करने" का कोई अधिकार नहीं है और अगर "हम पर आक्रमण थोपा जाता है, तो हम जवाब देंगे".

भारत के सम्बोधन पर पाकिस्तान द्वारा - SRoR का प्रयोग:

पाकिस्तान ने, यूएन महासभा की उच्चस्तरीय जनरल डिबेट में शनिवार, 27 सितम्बर को, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के सम्बोधन पर, 'उत्तर के द्वितीय अधिकार' - SRoR का प्रयोग किया...(वीडियो)

भारत द्वारा - SRoR का प्रयोग:

इसके जवाब में, भारतीय प्रतिनिधि ने, जनरल डिबेट में, 'उत्तर के द्वितीय अधिकार' - SRoR का प्रयोग किया...(वीडियो)