वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने UN महासभा को संबोधित किया।

UNGA80: पीड़ा पर फलने-फूलने वाली भूराजनीति, वैश्विक प्रगति के लिए जोखिम - बांग्लादेश

UN Photo/Loey Felipe बांग्लादेश में अन्तरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद युनूस ने जनरल डिबेट में अपना सम्बोधन दिया.

UNGA80: पीड़ा पर फलने-फूलने वाली भूराजनीति, वैश्विक प्रगति के लिए जोखिम - बांग्लादेश

यूएन मामले

बांग्लादेश में अन्तरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद युनूस ने कहा है कि चरम राष्ट्रवाद, दूसरों के कष्ट पर फलने-फूलने वाली भूराजनीति और पीड़ा के प्रति बेपरवाही की वजह से, पिछले कई दशकों में मानवता द्वारा दर्ज की गई प्रगति बर्बाद हो रही है.

उन्होंने शुक्रवार को यूएन महासभा के 80वें सत्र के दौरान जनरल डिबेट में अपने सम्बोधन में कहा कि इस त्रासदी को ग़ाज़ा में स्पष्टता से देखा जा सकता है. उन्होंने वहाँ दो-राष्ट्र समाधान को अभी लागू करने की मांग की.

मोहम्मद युनूस ने विकास के लिए तीन लक्ष्यों का उल्लेख किया, जिनके ज़रिए युवा पीढ़ी अपने भविष्य को आकार दे सकती है: कार्बन उत्सर्जन को शून्य करना होगा, सम्पदा को चंद हाथों में एकत्र होने से रोकना होगा और शून्य बेरोज़गारी.

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने स्वास्थ्य, भोजन और मानवतावादी समर्थन में सफलता दर्ज की है, हालांकि हिंसक टकरावों के निपटारे में उसकी सीमितताएँ हैं.

मोहम्मद युनूस ने बांग्लादेश में जुलाई-अगस्त 2024 में बड़े बदलाव की आकाँक्षा के साथ हुए विरोध प्रदर्शनों का ज़िक्र किया, जिसमें युवाओं ने न्याय और समानतापूर्ण समाज की मांग की गई थी.

“यह हमे ध्यान दिलाता है कि साधारण लोगों के पास असाधारण शक्ति होती है. भले ही संकट कितना गहरा हो, कोई समाधान कितना ही असम्भव नज़र आए, नई शुरुआत का मार्ग कभी नहीं खोता है.”

मुख्य सलाहकार के अनुसार अब उनका और अन्य नेताओं का यह दायित्व है कि एक ख़स्ताहाल अर्थव्यवस्था और राजसत्ता को फिर से खड़ा किया जाए. बांग्लादेश में स्वतंत्र योग अब नागरिकों के साथ विचार-विमर्श में जुटे हैं और सुधारों के लिए एक प्रस्ताव को तैयार किया जा रहा है. आम नागरिकों को सुधारों के केन्द्र में रखने का संकल्प लिया गया है और पारदर्शिता, जवाबदेही व क़ानून के राज को सुनिश्चित किया जाएगा.

संयुक्त राष्ट्र के साथ मिलकर, अतीत में सत्ता के दौरान अंजाम दिए गए मानवाधिकार उल्लंघन मामलों में जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि इसे फिर कभी न दोहराया जाए.

बांग्लादेशी नेता ने कहा कि देश से चुराई सम्पत्ति को बरामद करना शीर्ष प्राथमिकताओं में है, जिसके लिए अन्य देशों के राजनैतिक संकल्प की आवश्यकता होगी.

उन्होंने कहा कि वैश्विक वित्तीय प्रणाली, विकासशील देशों से संसाधनों के अवैध हस्तांतरण को रोकने में विफल साबित हुई है. देशों व संस्थाओं को चुराई गई सम्पत्तियों व धन को उन लोगों को वापिस लौटाना होगा, जोकि वास्तव में इसके हक़दार हैं. 

साथ ही, मोहम्मद युनूस ने जलवायु परिवर्तन के लिए अन्तरराष्ट्रीय सहयोग पर बल देते हुए कहा कि कार्बन उत्सर्जन में कटौती और अनुकूलन के प्रयासों में तेज़ी लानी होगी.

वैश्विक व्यापार क्षेत्र में संरक्षणवाद भी एक बड़ा मुद्दा है. एक दूसरे पर आर्थिक निर्भरता के बिना, हिंसक टकरावों को हवा मिलेगी और विकास लड़खड़ा जाएगा.