वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

UNGA80: ग़ाज़ा में जो कुछ हो रहा है, उसे तुरन्त समाप्त होना होगा, डेविड लैमी

ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री डेविड लैमी ने, गुरूवार को, UNGA80 की जनरल डिबेट को सम्बोधित करते हुए, फ़लस्तीन के लिए एकजुटता व्यक्त की.
UN Photo/Loey Felipe
ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री डेविड लैमी ने, गुरूवार को, UNGA80 की जनरल डिबेट को सम्बोधित करते हुए, फ़लस्तीन के लिए एकजुटता व्यक्त की.

UNGA80: ग़ाज़ा में जो कुछ हो रहा है, उसे तुरन्त समाप्त होना होगा, डेविड लैमी

यूएन मामले

ब्रिटेन के उप-प्रधानमंत्री डेविड लैमी ने इसराइल द्वारा क़ाबिज़ फ़लस्तीनी क्षेत्र ग़ाज़ा की स्थिति को "अक्षम्य" बताते हुए कहा है कि यह स्थिति अमानवीय है. यह पूरी तरह से अनुचित है. और इसे अभी समाप्त होना होगा. उन्होंने फ़लस्तीन के साथ ब्रिटेन की एकजुटता की पुष्टि की है.

ब्रितानी राजनयिक डेविड लैमी ने, न्यूयॉर्क में महासभा के 80वें सत्र के दौरान, गुरूवार को जनरल डिबेट को सम्बोधित करते हुए दोहराया, "हम फ़लस्तीन के साथ खड़े हैं क्योंकि हम समान अधिकारों, आत्मनिर्णय और सभी लोगों की गरिमा के, संयुक्त राष्ट्र चार्टर के मूल्यों में विश्वास करते हैं."

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इसराइल फ़लस्तीन, दोनों ही स्थानों के लोगों को "बेहतर हालात मिलने चाहिए". "हमने इसी सप्ताह फ़लस्तीन राष्ट्र को मान्यता दी है."

हमास हमलों की आलोचना

ब्रितानी उप प्रधानमंत्री ने 7 अक्टूबर 2023 को इसराइल के दक्षिणी हिस्से में, हमास द्वारा किए गए हमलों, और ग़ाज़ा पट्टी में इसराइल द्वारा मानवीय सहायता की आपूर्ति की अनुमति नहीं दिए जाने की निन्दा की. 

उन्होंने कहा कि ग़ाज़ा में मानवीय सहायता की आपूर्ति नहीं होने के कारण, अकाल के त्रासदीपूर्ण हालात उत्पन्न हो गए हैं.

"इन अत्याचारों को ख़त्म करने के लिए, संगठित कूटनैतिक कार्रवाई के अलावा, और कोई तरीक़ा नहीं हो सकता."

यूक्रेन का समर्थन

डेविड लैमी ने, यूक्रेन को ब्रिटेन का समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि इस देश को, एक सम्प्रभु, सुरक्षित और स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में, रूसी महासंघ के क्रूर हमलों से बचकर उभना होगा.

उन्होंने कहा, "हम यूक्रेन के साथ खड़े हैं, क्योंकि हमें संयुक्त राष्ट्र चार्टर के - सम्प्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के सम्मान – जैसे मूल सिद्धान्तों की रक्षा करनी होगी..”

उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि ब्रिटेन यूक्रेन के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है, "आज, कल और अब से 100 वर्षों तक."

सूडान की स्थिति पर चिन्ता

ब्रितानी उप-प्रधानमंत्री ने सूडान के बारे में कहा, "अन्तरराष्ट्रीय समुदाय को, अल फ़शर और पूरे सूडान के लोगों की ख़ातिर, एकजुट होने की ज़रूरत है, ताकि शान्ति स्थापित करने के लिए नए सिरे से प्रयास किए जा सकें और उन लोगों तक सहायता पहुँचाई जा सके है जिन्हें इसकी सख़्त ज़रूरत है."

डेविड लैमी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के प्रयोग के बारे में दरपेश चुनौतियों की तरफ़ ध्यान आकर्षित करते हुए कहा, केवल आपसी सहयोग से ही, कृत्रिम बुद्धिमत्ता को, सही दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है.

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि "कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), स्वतंत्रता को सशक्त बना सकती है या उत्पीड़न को मज़बूत कर सकती है.”

“कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) सत्य को सशक्त बना सकती है या झूठ को मज़बूत बना सकती है. कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) क़ानून को सशक्त बना सकती है या अपराध को मज़बूत बना सकती है."

उन्होंने तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के लिए, अन्तरराष्ट्रीय सहयोग की ज़रूरत पर ज़ोर दिया.

उन्होंने ब्रिटेन के सम्राट चार्ल्स का एक सन्देश भी दिया जिसमें संयुक्त राष्ट्र के कामकाज की सराहना की गई है.