वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां
न्यूयॉर्क में United Nations मुख्यालय के उत्तरी लॉन का एक दृश्य, जिसमें मुख्य भवन और आसपास की गगनचुंबी इमारतों के सामने सफेद रंग के कार्यक्रम टेंट लगाए गए हैं।

UNGA80: न्यूयॉर्क में यूएन मुख्यालय की कुछ झलकियाँ

UN News/Sachin Gaur न्यूयॉर्क स्थित यूएन मुख्यालय में नॉर्थ लॉन का एक दृश्य, जहाँ मीडिया के लिए बूथ स्थापित किए गए हैं.

UNGA80: न्यूयॉर्क में यूएन मुख्यालय की कुछ झलकियाँ

यूएन मामले

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महासभा का वार्षिक उच्चस्तरीय सप्ताह आरम्भ हो चुका है, जिसे यूएन कार्यक्रमों के कैलेंडर में सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण सप्ताह के रूप में देखा जाता है. 150 से अधिक विश्व नेता, जनरल डिबेट में शिरकत के लिए न्यूयॉर्क पहुँच रहे हैं, जहाँ वे महासभा के मंच से दुनिया के समक्ष अपनी बात रखेंगे. साथ ही, विभिन्न स्मरण आयोजनों, सम्मेलनों और बैठकों में हिस्सा लेंगे. इसके साथ ही, यूएन मुख्यालय में मीडियाकर्मियों का भी जमावड़ा लगा है. पहले दिन की चन्द झलकियाँ...

चाक-चौबन्द सुरक्षा व्यवस्था

न्यूयॉर्क के मैनहैटन इलाक़े में ईस्ट रिवर के नज़दीक स्थित यूएन मुख्यालय की ओर जाने वाले रास्ते, नज़दीकी सड़कों पर सुरक्षा बलों की भारी मौजूदगी है.

मोटे तौर पर यूएन कर्मचारियों, नेताओं, राजनयिकों व कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए पहुँच रहे प्रतिनिधियों को ही इस इलाक़े में आने की अनुमति है. कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बन्द कर दी गई है.

UN महासभा की तैयारियों के मद्देनजर न्यूयॉर्क शहर की एक सड़क पर बैरिकेड्स और पुलिस की मौजूदगी का दृश्य।
UN News/Sachin Gaur

थोड़ी-थोड़ी दूरी पर पुलिस गाड़ियाँ, सुरक्षाकर्मी, छतों पर सुरक्षा के लिए निशानेबाज़ तैनात हैं. यातायात व लोगों के आवागमन की निगरानी की जा रही है.

हर वर्ष की तरह न्यूयॉर्क के पुलिस विभाग ने यूएन सुरक्षा टीम के साथ मिलकर मुख्यालय के इर्दगिर्द सुरक्षा का ज़िम्मा संभाला है, जहाँ अगले कुछ दिन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, शीर्ष राजनयिकों का तांता लगा रहेगा.

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सम्मेलन के दौरान न्यूयॉर्क शहर में UN मुख्यालय के बाहर एनवाईपीडी की एक पुलिस वैन और सुरक्षा बैरिकेड लगाए गए हैं।
UN News/Sachin Gaur यूएन मुख्यालय के इर्दगिर्द इलाक़े में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.

मुख्यालय के भीतर माहौल

कड़ी सुरक्षा जाँच से गुज़रने के बाद यहाँ स्टाफ़ के साथ पहुँचने वाले नेतागण, प्रतिनिधि, नामी हस्तियाँ, और यूएन कर्मचारी, विभिन्न सम्मेलन कक्षों व स्थलों का रुख़ कर रहे हैं.

हर किसी को जल्दी है, कार्यक्रमों की सूची बहुत लम्बी है और समय कम.

मगर, इस व्यवस्तता के बावजूद मौक़ा मिलने पर कोई इत्मीनान की साँस ले रहा है, तो कुछ लोग तस्वीरों के ज़रिए इस अवसर को यादगार भी बना रहे हैं.

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के लिए प्रतिनिधि न्यूयॉर्क स्थित UN मुख्यालय के बाहर एकत्रित हुए।
UN News/Sachin Gaur

मीडिया का जमावड़ा

विश्व भर से पत्रकार, मीडियाकर्मी पूरे सप्ताह तक चलने वाली गतिविधियों की कवरेज के लिए यहाँ पहुँचे हैं. ईस्ट रिवर के नज़दीक स्थित नॉर्थ लॉन में मीडिया के लिए विशेष बूथ तैयार किए गए हैं. 

यहाँ से फ़ोटोग्राफ़र, पत्रकार और कैमरामैन अलग-अलग भाषाओं में यूएन मुख्यालय से ख़बरें, विश्व भर में अपने दर्शकों तक पहुँचा रहे हैं. यूएन न्यूज़ की टीम भी मुख्यालय से जुड़ी गतिविधियों को हिन्दी समेत 10 भाषाओं में आप तक लाने के लिए मुस्तैद है.

न्यूयॉर्क में UN मुख्यालय में चल रही कार्यवाही को कवर करने के लिए मीडियाकर्मी मुख्यालय भवन के बाहर जमा हैं।
UN News/Sachin Gaur

शान्तिरक्षा, मानवाधिकार, सतत विकास, ऐसे अनेक विषयों पर शीर्ष अधिकारियों व नेताओं के साथ बातचीत, मीडिया के साथ इंटरव्यू के लिए भी व्यवस्था की गई है. 

इस तस्वीर में शान्तिरक्षा मामलों के लिए यूएन अवर महासचिव ज्याँ पिएर लाक्रोआ एक टीवी चैनल के साथ बात कर रहे हैं.

एक पत्रकार UN मुख्यालय में मीडिया बूथ पर शांति अभियानों के अवर महासचिव जीन-पियरे लैक्रोइक्स का साक्षात्कार ले रहा है।
UN News/Sachin Gaur

एसडीजी ज़ोन (सतत विकास लक्ष्य)

टिकाऊ विकास लक्ष्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए एक मीडिया ज़ोन तैयार किया गया है, जिसकी थीम है: एक साथ हैं, तो बेहतर है. शान्ति, विकास व मानवाधिकारों के लिए.

इस पूरे सप्ताह यहाँ युवा, नवाचारी समाधानों में अहम भूमिका निभा रहे विशेषज्ञ और बेहतरी के लिए बदलाव की अगुवाई कर रही हस्तियों के साथ शान्ति व सुरक्षा, लैंगिक समानता, प्रैस आज़ादी, जलवायु, स्वास्थ्य समेत अन्य मुद्दों पर चर्चाएँ होंगी.

यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश के एक वीडियो सन्देश और वैश्विक संचार विभाग की प्रमुख मेलिसा फ़्लेमिंग के सम्बोधन के बाद इस सत्र की शुरुआत हुई.

UN मुख्यालय में आयोजित UNGA80 कार्यक्रम के अंतर्गत SDG मीडिया ज़ोन में एक सत्र के दौरान एक महिला पोडियम पर भाषण दे रही है।
UN News/Sachin Gaur

जगमगाता जनरल असेम्बली हॉल

इस सप्ताह की अधिकाँश गतिविधियाँ, संयुक्त राष्ट्र के ऐतिहासिक महासभा हॉल में होंगी, जहाँ 193 सदस्य देश मौजूदा दौर की चुनौतियों से निपटने के उपायों पर भी विचार-विमर्श करेंगे.

सोमवार को यूएन की स्थापना के 80 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन हुआ है, इस ऐतिहासिक पड़ाव पर जनरल असेम्बली हॉल, नीली रौशनी में दमक रहा था. इस सन्देश के साथ कि एक साथ हैं, तो बेहतर हैं (Better Together).

संयुक्त राष्ट्र की 80वीं वर्षगांठ की बैठक के दौरान UN महासभा हॉल का विस्तृत दृश्य, जिसमें सुनहरी दीवार पर UN का प्रतीक चिन्ह और नीली रोशनी से जगमगाती दीवारों पर 'बेहतर साथ मिलकर' का नारा प्रदर्शित किया गया है।
UN Photo/Loey Felipe