वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

यूक्रेन में कड़ाके की सर्दी निकट, लाखों लोग ठंड और ऊर्जा की कमी से दो-चार

यूक्रेन में युद्ध से बुनियादी ढाँचे को व्यापक नुक़सान हुआ है जिसमें सर्दी का मुक़ाबला करने वाली प्रणालियाँ भी शामिल हैं.
© UNICEF/Oleksii Filippov
यूक्रेन में युद्ध से बुनियादी ढाँचे को व्यापक नुक़सान हुआ है जिसमें सर्दी का मुक़ाबला करने वाली प्रणालियाँ भी शामिल हैं.

यूक्रेन में कड़ाके की सर्दी निकट, लाखों लोग ठंड और ऊर्जा की कमी से दो-चार

शान्ति और सुरक्षा

यूक्रेन इस वर्ष चौथी बार युद्ध के बीच भीषण सर्दी का सामना करने वाला है जहाँ लाखों लोग, कड़ाके की ठंड और ऊर्जा की कमी से पहले ही प्रभावित हैं.

रूस ने जब से 2022 में इस योरोपीय देश पर पूर्ण आक्रमण शुरू किया, तब से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं, जिससे मानवीय सहायता की तत्काल आवश्यकता पैदा हो गई है.

Tweet URL

यूक्रेन में यूनीसेफ़ के प्रतिनिधि मुनीर मम्मदज़ादे ने कहा है, "बच्चे और परिवार पहले से ही अत्यधिक दैनिक तनाव का सामना कर रहे हैं, अब युद्ध के दौरान एक और सर्दी झेलने को मजबूर हैं."

यूनिसीफ़ के अनुसार, यूक्रेन की कठोर सर्दियों की परिस्थितियाँ ऐसी हैं जिनमें तापमान अक्सर -20°C (-4°F) तक गिर जाता है. 

ऐसे में आवास, ऊर्जा और गर्माहट बनाए रखने के बुनियादी ढाँचे के व्यापक विनाश के कारण ठंड का मौसम बच्चों के लिए और भी ख़तरनाक हो रहा है.

युद्ध वाले क्षेत्रों के समुदाय

सर्दियों के दौरान ठंड से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र, मुख्य रूप से देश के उत्तरी और पूर्वी इलाक़ों में केन्द्रित हैं.

यूक्रेन में लगभग आधे परिवार गैस या कोयले से गर्म की जाने वाले केन्द्रीकृत जल आपूर्ति पर निर्भर हैं, हालाँकि, यूनीसेफ़ की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2022 से अब तक स्थानीय तापन ढाँचे को लगभग ढाई अरब डॉलर का नुक़सान हुआ है.

पिछले तीन वर्षों में, देश के भीतर निर्धनता में 15 प्रतिशत की वृद्धि के साथ स्थिति और भी बदतर हुई है, जो अब यूक्रेन की एक तिहाई से अधिक आबादी को प्रभावित कर रही है. 

बच्चों पर इसका असमान रूप से प्रभाव पड़ा है, लगभग 70 प्रतिशत बच्चे ग़रीबी में जी रहे हैं.

यूनीसेफ़ ने कहा कि बढ़ती ग़रीबी और कठोर सर्दियों की परिस्थितियों के मिश्रण से, बच्चों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए जोखिम काफ़ी बढ़ जाता है. पाँच में से एक परिवार, घर के अन्दर के ठंडे तापमान से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं की ख़बर देता है.

जीवन रक्षक सहायता

यूनीसेफ़ के प्रतिनिधि मम्मदज़ादे का कहना है "हम स्थानीय साझीदारों के साथ मिलकर, कमज़ोर परिवारों को सहायता प्रदान करने और बच्चों के जीवन की रक्षा के लिए, आवश्यक सेवाओं को जारी रखकर, सर्दियों के महीनों के प्रभाव को कम करने के लिए काम कर रहे हैं."

यूनीसेफ़, यूक्रेन की 2025-26 की शीतकालीन सहायता योजना, घरों और स्कूलों को नक़दी हस्तान्तरण के साथ-साथ अन्य सेवाएँ मुहैया कराई जाएगी.

इन उपायों में, युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में कमज़ोर परिवारों और बाल संरक्षण जैसी विशिष्ट आवश्यकताओं वाले बच्चों सहित, लगभग एक लाख 22 हज़ार बच्चों सहित 2 लाख 72 हज़ार लोगों को लक्षित शीतकालीन सहायता के लिए नक़द राशि दी जाएगी.

सर्दियों से सम्बन्धित ख़र्चों को सहारा देने के लिए, लगभग ढाई लाख छात्रों को सेवाएँ देने वाले लगभग 600 शैक्षणिक संस्थानों के लिए नक़दी अनुदान दिया जाएगा.

ज़िला स्तर पर तापन प्रणालियों को मज़बूत करने और 1 लाख 70 हज़ार बच्चों सहित दस लाख लोगों के लिए स्थाई तापन (Heating) सुनिश्चित करने हेतु उपकरण और आपातकालीन मरम्मत मुहैया कराए जाएंगे.

निकट भविष्य की चुनौतियाँ

सीमित धनराशि, कुछ क्षेत्रों तक असमान पहुँच, व्यापक बुनियादी ढाँचे का विनाश और युद्ध की अनिश्चितता जैसी चुनौतियाँ अब भी मौजूद हैं.

यूनीसेफ़ ने, 2025-2026 की व्यापक संयुक्त राष्ट्र शीतकालीन सहायता योजना के तहत, दस लाख से ज़्यादा लोगों की मदद के लिए, साढ़े छह करोड़ डॉलर की राशि जुटाने की अपील की है. 

इस योजना के तहत सबसे कमज़ोर लोगों को सहायता जारी रखने के लिए, कुल लगभग 27.77 करोड़ डॉलर राशि की आवश्यकता है.