वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

हेती में गैंग हमले की निन्दा, कम से कम 40 लोगों मौत

हैती में भीड़भाड़ वाले जिम्नेजियम विंसेंट विस्थापन स्थल का हवाई दृश्य, जिसमें विस्थापित परिवारों के लिए लगाए गए कई तंबू दिखाई दे रहे हैं।
© UNOCHA/Giles Clarke हेती में गैंग हिंसा से पीड़ित लाखों लोगों को अस्थाई शिविरों में रहना पड़ रहा है.

हेती में गैंग हमले की निन्दा, कम से कम 40 लोगों मौत

शान्ति और सुरक्षा

यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने हेती के कैबारेट इलाक़े में हाल ही में किए गए एक घातक गैंग हमले की कड़ी निन्दा की है, जिसमें महिलाओं, बच्चों और वृद्धों सहित कम से कम 40 लोग मारे गए.

11 सितम्बर को रात में किया गया यह हमला, पिछले साल से देश में जारी क्रूर घटनाओं और सामूहिक हिंसा में एक और कड़ी है.

यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने, अपने प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक द्वारा जारी एक वक्तव्य में, इस हमले में हताहत हुए लोगों के परिवारों के प्रति "हार्दिक संवेदना" व्यक्त की है और हेती के अधिकारियों से न्याय सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.

प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा, "महासचिव हेती में हिंसा के स्तर से चिन्तित हैं. उन्होंने सदस्य देशों से हेती की राष्ट्रीय पुलिस की सहायता के लिए, बहुराष्ट्रीय सुरक्षा सहायता मिशन के लिए समर्थन में तेजी लाने का आहवान किया है."

यूएन प्रमुख ने, केवल दो सप्ताह पहले ही, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को सम्बोधित करते हुए, हेती की बिगड़ती स्थिति की एक गम्भीर तस्वीर पेश की थी.

उन्होंने कहा था, "देश की सत्ता चरमरा रही है," क्योंकि सशस्त्र समूह पोर्ट-ऑ-प्रिंस और आसपास के इलाक़ों पर अपनी पकड़ मज़बूत कर रहे हैं, जिससे परिवारों को पलायन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है, और दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है.

हेती में 60 लाख लोगों को सहायता की ज़रूरत है और 13 लाख लोग विस्थापित हैं, जिससे देश का मानवीय संकट गहराता जा रहा है.

हेती में सहायता मुहैया कराने के लिए 90 करोड़ 80 लाख डॉलर की राशि जुटाने की अपील की गई है मगर अभी इस राशि के 10 प्रतिशत से भी कम धन एकत्र हुआ है.

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने आगाह करते हुए कहा, "शर्मनाक रूप से अनदेखी की गई और बेहद कम धनराशि दी गई है."

“17 लाख लोगों को शायद कोई सहायता ही नहीं मिल पाएगी.”