यूक्रेन: रूसी सैन्य बलों के व्यापक हमलों के बाद, यूएन ने प्रभावितों तक पहुँचाई सहायता
रुसी सैन्य बलों द्वारा बीती रात यूक्रेन पर किए गए हमलों में एक बच्चे समेत कम से कम चार लोगों की मौत हुई है और 44 अन्य घायल हुए हैं. फ़रवरी 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण किए जाने के बाद इसे सबसे बड़े हवाई हमलों में माना जा रहा है.
समाचार माध्यमों के अनुसार, यूक्रेन की हवाई प्रतिरक्षा व्यवस्था को दबाव से ध्वस्त करने के लिए 800 से अधिक ड्रोन का इस्तेमाल किया गया.
राजधानी कीव में पहली बार एक सरकारी इमारत को भी निशाना बनाया गया.
हवाई हमलों से बचने के लिए राजधानी में सायरन क़रीब 11 घंटे तक जारी रहा. बड़ी संख्या में ड्रोन व मिसाइलों को टकराने से पहले ही ध्वस्त कर दिया गया, मगर 50 ड्रोन और 9 मिसाइलें अपने निशानों पर जाकर टकराईं.
हमलों में कीव, चेरनिहीव, ख़ारकीव, ओडेसा, क्रेमेनचुक, सूमी समेत अन्य क्षेत्रों को निशाना बनाया गया, जिनमें चार लोग मारे गए, 44 घायल हुए और घरों, एक सरकारी इमारत, छोटे बच्चे के स्कूल और अन्य बुनियादी प्रतिष्ठानों को नुक़सान पहुँचा है.
यूक्रेन के लिए मानवतावादी समन्वयक माथियास श्माल ने सोशल मीडिया पर अपने सन्देश में इस हमले की कठोर निन्दा की है और प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी सम्वेदना व्यक्त की है.
उन्होंने क्षोभ जताया कि यह हमला एक ऐसे समय किया गया जब परिवार अपने घरों में सो रहे थे. उनके अनुसार, एक और हमला, यूक्रेन में अपने पीछे विध्वंस व पीड़ा को छोड़ गया है.
संयुक्त राष्ट्र अपने मानवीय सहायता साझेदार संगठनों के साथ मिलकर आम नागरिकों व रिहायशी इलाक़ों में तत्काल समर्थन मुहैया करा रहे हैं, जहाँ इन हमलों में भीषण क्षति हुई है.
यूएन के शीर्ष अधिकारी ने ध्यान दिलाया कि आम नागरिकों और नागरिक प्रतिष्ठानों को कभी भी निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए.
संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) के अनुसार, अपनी युवा माँ के साथ एक छोटे बच्चे का इस हमले में मारा जाना व्यथित कर देने वाली ख़बर है. सूमी में हुए हमलों में कम से कम एक अन्य बच्चा घायल हुआ है.
यूनीसेफ़ ने अपने एक ट्वीट सन्देश में कहा कि “यूक्रेन ने हमले की एक और भयावह रात को सहन किया है, जिसका अनेक शहरों पर असर हुआ है. और युवा जीवन क्रूर ढंग से ख़त्म हो गए हैं.”