वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

पाकिस्तान: भीषण बाढ़ से 400 से अधिक लोगों की मौत, यूएन प्रमुख ने जताया शोक

पारंपरिक वस्त्र पहने एक बुजुर्ग व्यक्ति बाढ़ के पानी में डूबे हुए खेत में पेड़ों की पृष्ठभूमि के बीच से गुजर रहा है।
UNIC Pakistan/Abbass पाकिस्तान के पंजाब प्रान्त में सियालकोट व हाफ़िज़ाबाद ज़िले बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं.

पाकिस्तान: भीषण बाढ़ से 400 से अधिक लोगों की मौत, यूएन प्रमुख ने जताया शोक

मानवीय सहायता

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने पाकिस्तान में हाल के दिनों में आई भयावह बाढ़ से हुई बर्बादी पर गहरा दुख प्रकट किया है. इस आपदा में 400 से अधिक लोगों के मारे जाने की ख़बर है.

यूएन महासचिव के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने बुधवार को उनकी ओर से एक वक्तव्य जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा है कि मॉनसून के दौरान आई ये आपदा, जलवायु परिवर्तन की वजह से और गहरी हुई है.

मूसलाधार बारिश और बाढ़ की घटनाओं की वजह से 15 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, और लाखों लोगों को मानवीय सहायता की आवश्यकता है. 

Tweet URL

तीन हज़ार से अधिक घर, 400 से अधिक स्कूल और क़रीब 40 स्वास्थ्य केन्द्रों को क्षति पहुँची है. 

देश का पंजाब प्रान्त पिछले चार दशकों में सबसे बदतरीन हालात से जूझ रहा है. निरन्तर तेज़ बारिश, सतलुज, चिनाब और रावी नदियों का जलस्तर बढ़ने से दो हज़ार से अधिक गाँव जलमग्न हैं, और पूरे प्रान्त में 20 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं.

पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वा, सिन्ध और गिलगिट-बाल्टिस्तान में भी जान-माल की हानि हुई है, स्थानीय समुदायों की आजीविका पर असर हुआ है और धान, गन्ने, कपास व अन्य फ़सलों को नुक़सान पहुँचा है.

यूएन महासचिव ने पंजाब प्रान्त में 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर आश्रय देने के लिए पाकिस्तान प्रशासन की सराहना की है.

उन्होंने इस कठिन घड़ी में पाकिस्तान की सरकार, देश की जनता के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की है, अपने परिजन खोने वाले वाले परिवारों के प्रति सम्वेदना जताई है और सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

संयुक्त राष्ट्र एजेंसियाँ अपने साझेदार संगठनों के साथ मिलकर बाढ़ से हुई क्षति का आकलन करने में जुटी हैं ताकि आवश्यकताओं के अनुरूप ज़रूरतमन्द आबादी तक राहत पहुँचाई जा सके.

इस बीच, मानवीय सहायता मामलों में समन्वय के लिए यूएन अवर महासचिव, टॉम फ़्लैचर ने क्षेत्रीय कोष से छह लाख डॉलर की धनराशि आवंटित की है, ताकि राहत व पुनर्बहाली प्रयासों को समर्थन दिया जा सके.