भारत: अभिनेत्री कृति सेनन, लैंगिक समानता के लिए UNFPA की नई दूत
भारत में संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) कार्यालय ने प्रसिद्ध अभिनेत्री, निर्माता और उद्यमी, कृति सेनन को लैंगिक समानता के लिए अपना मानद दूत (Honorary Ambassador) नियुक्त करने की घोषणा की है. इस सिलसिले में मुम्बई में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाने तथा लैंगिक समानता को बढ़ावा देने की साझा प्रतिबद्धता का संकल्प दोहराया गया.
कृति सेनन अपने नए दायित्व के तहत महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों और उनके कल्याण की वकालत करेंगी. साथ ही, शिक्षा, सशक्तिकरण, लिंग-आधारित हिंसा का अन्त करने और सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपना समर्थन देंगी.
कार्यक्रम से पहले, कृति सेनन ने, चार साहसी युवा लैंगिक समानता परिवर्तनकर्ताओं के साथ मिलकर बाल विवाह, पुत्रों को प्राथमिकता दिए जाने और महिलाओं व लड़कियों के विरुद्ध हिंसा जैसी समस्याओं को समाप्त करने के लिए अपनी आवाज़ बुलन्द करने का प्रण लिया.
भारत में UNFPA की प्रतिनिधि एंड्रिया एम वोज्नार ने कृति सेनन का स्वागत करते हुए कहा, “उनकी प्रभावशाली आवाज़, जुनून और व्यापक प्रभाव हमारे सन्देश को और अधिक लोगों, विशेषकर युवजन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएँगे."
शिक्षा, नेतृत्व और कार्यक्षेत्र में पहले से कहीं अधिक महिलाएँ आगे बढ़ रही हैं, फिर भी हानिकारक सामाजिक मान्यताओं की वजह से अक्सर महिलाओं व लड़कियों के लिए अवसर सीमित हो जाते हैं.
भारत में UNFPA की मानद दूत के रूप में कृति सेनन साझेदारों के साथ मिलकर ऐसे समाधानों का समर्थन करेंगी, जो महिलाओं व लड़कियों को सीखने, नेतृत्व करने और उन्नति करने में सक्षम बनाएँ.
कृति सेनन ने कहा कि, “मैं भारत में UNFPA की मानद लैंगिक समानता दूत के रूप में जुड़कर बेहद सम्मानित महसूस कर रही हूँ. यह भूमिका महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों और विकल्पों की पैरोकारी करने का अद्भुत अवसर है."
"यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि वे अपने निर्णय स्वयं ले सकें, अपने सपनों को साकार कर सकें और हिंसा व भेदभाव से मुक्त जीवन जी सकें. मैं हर महिला और लड़की को सशक्त बनाने, उनकी आवाज़ बुलन्द करने और उनकी कहानियाँ सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध हूँ.”
UNFPA प्रतिनिधि एंड्रिया एम वोज्नार ने कहा, "महिलाओं और लड़कियों के अधिकारों, अवसरों और सुरक्षा को आगे बढ़ाने के लिए कृति की प्रतिबद्धता, UNFPA की दृष्टि से पूरी तरह मेल खाती है. हमें विश्वास है कि उनके प्रया,स सार्थक बदलाव के लिए प्रेरित करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि हर महिला व लड़की गरिमा के साथ जीवन जी सके और अपनी पूरी क्षमता हासिल कर सके.”
एशिया और प्रशान्त क्षेत्र के लिए UNFPA के क्षेत्रीय निदेशक पियो स्मिथ ने बधाई देते हुए कहा, “कृति सेनन का UNFPA इंडिया की मानद लैंगिक समानता दूत बनना हमारे प्रयासों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है."
"उनका प्रभाव भारत से आगे पूरे एशिया-प्रशान्त क्षेत्र तक फैला है, जहाँ लाखों लोग समान अधिकारों और अवसरों के लिए संघर्षरत हैं. उनकी आकांक्षाओं के समर्थन में, कृति लैंगिक समानता की पुकार को और बुलन्द करेंगी, युवाओं को प्रेरित करेंगी और उस भविष्य की ओर प्रगति को तेज़ करेंगी जहाँ हर महिला और लड़की उन्नति कर सके.”
कृति सेनन मानद दूत के रूप में अगले दो सालों में कई अहम गतिविधियों का हिस्सा बनेंगी. वह UNFPA के कार्यक्रम स्थलों पर जाएँगी ताकि सीधे लोगों और समुदायों से जुड़ सकें. इसके साथ ही, वह अभियानों और लेखों के ज़रिए जागरूकता बढ़ाएँगी और भारत तथा विदेशों में UNFPA के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी.
पिछले पाँच दशकों से UNFPA इंडिया, भारत सरकार और नागरिक समाज के साथ मिलकर काम कर रहा है. इसका उद्देश्य है – महिलाओं और लड़कियों को समान अधिकार दिलाना, लैंगिक हिंसा को रोकना और उनके लिए नए अवसर बनाना.
UNFPA ने कृति सेनन के साथ मिलकर एक ऐसे भविष्य की दिशा में प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया है, जहाँ हर महिला और लड़की गरिमा के साथ जी सके, अपने निर्णय स्वयं ले सके और अपनी क्षमता को पूरा कर सके.