दुनिया भर में पड़ रही है रिकॉर्ड तोड़ गर्मी: WMO
दुनिया भर में भीषण गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है. साथ हीजंगल की आग और ख़राब वायु गुणवत्ता, आग में घी डालने का काम कर रही है जिससे यह संकट और भी गम्भीर हो रहा है.
विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने गुरुवार को जारी एक रिपोर्ट में बताया है कि वर्ष 2000 से 2019 के बीच, भीषण गर्मी के कारण हर साल लगभग 4 लाख 89 हज़ार लोगों की मौतें, गर्मी से सम्बन्धित कारणों से हुईं. इनमें से 36 प्रतिशत मौतें, योरोप में और 45 प्रतिशत मौतें एशिया में हुईं.
ग्रामीण परिवेश की तुलना में घनी शहरी बस्तियों के अत्यधिक गर्म होने के कारण, शहरों में स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गर्मी के प्रभाव विशेष रूप से गम्भीर हैं. फिर भी नगरीकरण जारी रहने से, समस्याएँ और बढ़ रही हैं.
WMO ने 21वीं सदी के बढ़ते तापमान के बीच, इस बात पर ज़ोर दिया है कि वर्ष 2023 और 2024 में जुलाई महीना सबसे गरम रहने के बाद, वर्ष 2025 में भी जुलाई महीना सबसे गरम दर्ज किया गया है.
योरोप में गर्मी का सिलसिला
इस वर्ष रिकॉर्ड तोड़ गरम जुलाई में, ख़ासतौर पर स्वीडन और फ़िनलैंड में लू का असर बहुत देखा गया है, जहाँ तापमान असामान्य रूप से लम्बे समय तक, 30 डिग्री सैल्सियस (86 डिग्री फ़ारेनहाइट) से ऊपर रहा.
दक्षिण-पूर्वी योरोप में भी लोगों को, लू और जंगल की आग की गतिविधियों का सामना करना पड़ा, जहाँ तुर्किये में 50.5 डिग्री सैल्सियस (122.9 डिग्री फ़ारेनहाइट) का तापमान दर्ज किया गया, जोकि देश के स्तर पर उच्चतम था.
एशिया, उत्तरी अफ़्रीका, संयुक्त राज्य अमेरिका
एशिया में, जुलाई महीने में हिमालय, चीन और जापान में तापमान औसत से सबसे ज़्यादा बढ़ा, और अगस्त तक भीषण गर्मी जारी रही.
5 अगस्त से पहले वाले सप्ताहग में, पश्चिम एशिया, दक्षिणी मध्य एशिया, दक्षिण-पश्चिमी अमेरिका, उत्तरी अफ़्रीका के अधिकांश भाग और पाकिस्तान के दक्षिणी हिस्से में तापमान 42 डिग्री सैल्सियस (107 डिग्री फ़ारेनहाइट) को पार कर गया. कुछ इलाकों में तो तापमान 45 डिग्री सैल्सियस (114 डिग्री फ़ारेनहाइट) से भी ज़्यादा रहा.
ईरान के दक्षिणी-पश्चिमी इलाक़े और इराक़ के पूर्वी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तापमान 50 डिग्री सैल्सियस (122 डिग्री फ़ारेनहाइट) से भी ज़्यादा रहा, जिससे बिजली और पानी की आपूर्ति, शिक्षा और श्रम बाधित हुए.
जापान में, 5 अगस्त को 41.8 डिग्री सैल्सियस (107.2 डिग्री फ़ारेनहाइट) का नया राष्ट्रीय तापमान रिकॉर्ड बनाया गया, जिसने एक सप्ताह पहले बनाए गए 41.2 डिग्री सैल्सियस के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया.
कनाडा में जंगल आग
कैनेडा में जंगल की भीषण आग के सबसे ख़राब मौसमों का अनुभव कर रहा है, जिसमें 66 लाख हैक्टेयर जंगल जल गया है. धुएँ ने जुलाई के अन्त और अगस्त की शुरुआत में, अमेरिका के कई प्रान्तों में आसमान को प्रदूषित कर दिया और वायु गुणवत्ता ख़राब कर दी है.
कैनेडा मे, इस वर्ष गर्मियों को मौसम में दो बार, लगी आग का धुआँ, अटलांटिक महासागर को पार कर गया, जिससे 5-7 अगस्त तक पश्चिमी यूरोप और जून के अन्त में, योरोप के मध्य व दक्षिणी इलाक़े का आसमान प्रभावित हुआ.
अन्य जगहों पर, साइप्रस, ग्रीस और तुर्की में, जंगल की आग ने लोगों को अपने स्थान ख़ाली करने पर मजबूर कर दिया और कुछ लोगों की मौतें भी हुईं.
अमेरिका में एरिज़ोना के ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में लगी जंगल की आग ने, इस प्रतिष्ठित स्थल पर पर्यटन को बाधित कर दिया.