सीरिया: सुवैदा में युद्धविराम के बावजूद हिंसा जारी, 1.9 लाख लोग विस्थापित
सीरिया के दक्षिणी प्रान्त सुवैदा में, 19 जुलाई को युद्धविराम लागू होने के बावजूद हिंसा जारी है. यह युद्धविराम सप्ताहों तक चली साम्प्रदायिक हिंसा, इसराइली हवाई हमलों और गम्भीर मानवाधिकार उल्लंघनों के बाद हुआ था, लेकिन हालात अब भी अस्थिर बने हुए हैं.
संयुक्त राष्ट्र की मानवीय राहत मामलों की एजेंसी (OCHA) ने बुधवार को बताया कि युद्ध, इसराइली हवाई हमले और साम्प्रदायिक झड़पों के कारण अब तक सुवैदा, दाराअ और दमिश्क के इलाक़ों से 1 लाख 90 हज़ार से अधिक लोग बेघर हो चुके हैं.
इस हिंसा ने बुनियादी ढाँचे और आजीविका को गम्भीर रूप से नुक़सान पहुँचाया है. बिजली और जल आपूर्ति नैटवर्क, कुएँ, और सार्वजनिक सुविधाएँ क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं.
1 से 5 अगस्त के बीच सुवैदा में तीन स्थानों पर फिर से झड़पें हुईं. इस दौरान, दाराअ और सुवैदा पर इसराइली रक्षा बलों की निगरानी उड़ानें भी देखी गईं, जिससे क्षेत्र में तनाव और गहराया गया.
सुरक्षा संकट के बीच, सुवैदा, दाराअ और दमिश्क में नागरिकों ने प्रदर्शन किए गए. इस दौरान, सुवैदा में मानवीय सहायता और सुरक्षा की मांग उठी, जबकि दाराअ और दमिश्क में राष्ट्रीय एकता के समर्थन में रैलियाँ हुईं.
राहत प्रयास तेज़
इन प्रभावित क्षेत्रों में मानवीय सहायता के प्रयास जारी हैं, लेकिन चुनौतियाँ भी बनी हुई हैं. सुवैदा को राजधानी दमिश्क से जोड़ने वाला मुख्य राजमार्ग, 12 जुलाई से सुरक्षा कारणों से बन्द है, जिससे राहत पहुँचाना मुश्किल हुआ है.
पूर्वी दाराअ के बुसरा एश-शाम मार्ग को भी, सुरक्षा कारणों की वजह से 24 घन्टे के लिए बन्द करना पड़ा था.
फिर भी, संयुक्त राष्ट्र और साझीदार संगठनों ने ईंधन, भोजन, और आश्रय जैसी ज़रूरी चीज़ों की आपूर्ति के प्रयासों को तेज़ कर दिया है. अब तक लगभग 15 लाख लोगों को भोजन मुहैया करवाया गया है.
साथ ही, OCHA ने दाराअ में विस्थापित लोगों के लिए आवास समाधान खोजने के लिए, एक अन्तर-एजेंसी मिशन चलाया.
सुवैदा में बिजली की आंशिक बहाली हुई है, लेकिन संचार और इंटरनैट सेवाएँ अब भी व्यापक रूप से बाधित हैं. ग्रामीण इलाक़ों में पानी और बिजली नैटवर्क की मरम्मत जारी है.