अफ़ग़ानिस्तान में किसानों का हौसला, फ़सल और पोषण बढ़ाने का प्रयास
संयुक्त राष्ट्र के खाद्य व कृषि संगठन – FAO ने, अफ़ग़ानिस्तान में किसानों की हिम्मत व फ़सल उत्पादन को बढ़ाने और पोषण स्थिति को बेहतर बनाने के लिए, एक नया कृषि सहनशीलता कार्यक्रम शुरू किया है.
ब्रिटेन के सहयोग से शुरू किए गए इस कार्यक्रम का नाम है - सहनशील कृषि आजीविकाएँ (ReAL) जिसे, मई 2026 तक देश के सभी आठ क्षेत्रों में 1 लाख 50 हज़ार से ज़्यादा लोगों तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है.
यह कार्यक्रम, विशेष रूप से छोटे किसानों, भूमिहीन मज़दूरों, पशुपालकों और महिलाओं व लड़कियों को फ़ायदा पहुँचाएगा.
अफ़ग़ानिस्तान में FAO के प्रतिनिधि रिचर्ड ट्रेंचार्ड का कहना है, "अफ़ग़ानिस्तान के किसान असाधारण रूप से सहनशील हैं, लेकिन बार-बार आने वाले, जलवायु और आर्थिक झटके, उनकी इस क्षमता को कम कर रहे हैं."
"यह परियोजना किसानों की इस सहनशीलता को फिर से मज़बूत करने में मदद करने के लिए महत्वपूर्ण रास्ते तैयार करेगी."
कृषि की अहमियत
ReAL कार्यक्रम जलवायु जोखिमों के प्रबन्धन के अलावा, किसानों के लिए बाज़ार पहुँच का विस्तार करने के लिए भी काम करेगा.
जिससे ज़मीन का स्थाई रूप से उपयोग किए जाने को बढ़ावा मिले और समुदायों को दीर्घकालिक रूप से मानवीय सहायता पर निर्भर नहीं रहना पड़े.
एफ़एओ ने,2022 और 2024 के बीच, अफ़ग़ानिस्तान में 3 करोड़ 3 लाख से अधिक लोगों तक, आपातकालीन खाद्य सहायता सामग्री और दीर्घकालिक सहनशील परियोजनाएँ पहुँचाई.
इनसे खाद्य असुरक्षा संकट का स्तर, आधे से भी कम करने में मदद मिली.
रिचर्ड ट्रेंचार्ड ने कहा, "एक ऐसे देश में जहाँ कृषि, जीवन के एक बड़े हिस्से का भरण-पोषण करती है, यह परियोजना, दीर्घकालिक प्रभाव वाला एक अल्पकालिक निवेश है."