वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

युद्धग्रस्त यूक्रेन में संगठित अपराध का बदलता चेहरा

मानव तस्करी के विरुद्ध, कीव मेट्रो में जागरूकता अभियान चलाया गया.
IOM Ukraine/Roman Shalamov
मानव तस्करी के विरुद्ध, कीव मेट्रो में जागरूकता अभियान चलाया गया.

युद्धग्रस्त यूक्रेन में संगठित अपराध का बदलता चेहरा

क़ानून और अपराध रोकथाम

यूक्रेन में रूसी हमले के लगभग साढ़े तीन साल बाद बदलते हालात के अनुरूप, संगठित आपराधिक गिरोह, अब अपने काम के तरीक़े भी बदल रहे हैं. इन हालात में, लोगों का पलायनतस्करी के बढ़ते ख़तरे और नशे की बढ़ती मांग जैसी परिस्थितियाँ शामिल हैं.

संयुक्त राष्ट्र के ड्रग्स और अपराध निरोधक कार्यालय (UNODC) की शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में बताया गया है कि फ़रवरी 2022 से, युद्ध के कारण यूक्रेन की वैध और अवैध दोनों तरह की अर्थव्यवस्थाएँ गम्भीर रूप से प्रभावित हुई हैं.

रिपोर्ट में संगठित अपराध के बदलते रूपों का विश्लेषण किया गया है, जिसमें छह मुख्य क्षेत्रों पर ध्यान दिया गया है.

Tweet URL

मसलन, मादक पदार्थों की तस्करी व उत्पादन, ऑनलाइन धोखाधड़ी, हथियारों की तस्करी, आर्थिक अपराध, मानव तस्करी, और देश से ग़ैरकानूनी रूप से भागने या सैन्य भर्ती से बचने में मदद करने वाले अपराध.

UNODC की अनुसंधान और विश्लेषण प्रमुख एंजेला मे का कहना है, "युद्ध ने यूक्रेन की जनता को बहुत पीड़ा पहुँचाई है, और इसके साथ ही संगठित अपराध के तरीक़े भी काफ़ी बदल गए हैं - जो देश के पुनर्निर्माण और सुधार के मार्ग को मुश्किल बना सकते हैं."

ड्रग्स की तस्करी

हालाँकि 2022 के बाद से यूक्रेन के ज़रिए कोकीन और हैरोइन की तस्करी में भारी गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके विपरीत, कैथिनोन और मेथाडोन जैसे सिंथेटिक मादक पदार्थों का उत्पादन व तस्करी तेज़ी से बढ़े हैं.

हाल के वर्षों में कैथिनोन की तस्करी को darknet से विशेष रूप से बढ़ावा मिला है, जिसमें हाइड्रा जैसे ऑनलाइन बाज़ार मंचों की अहम भूमिका रही है. 

ध्यान रहे कि हाइड्रा को अप्रैल 2022 में बन्द कर दिया गया था.

रिपोर्ट में, मेथाडोन के सन्दर्भ में कहा गया है कि यूक्रेन में इसका अधिकाँश उत्पाद, देश के भीतर ही तस्करी के ज़रिए वितरित किया जाता है, क्योंकि इसकी घरेलू मांग लगातार बढ़ रही है.

हथियारों की तस्करी

युद्ध ने यूक्रेन में हथियारों की उपलब्धता को भी बढ़ा दिया है, जिसका मुख्य कारण युद्धक्षेत्र से बड़ी मात्रा में हथियारों का प्रवाह है.

अत्यधिक मात्रा में हथियारों की उपलब्धता के कारण, हथियारों की ज़ब्ती और जनजीवन में हिंसा की घटनाएँ बढ़ी हैं, विशेष रूप से घरेलू तथा अंतरंग साथी हिंसा में चिन्ताजनक वृद्धि दर्ज की गई है.

हालाँकि यूक्रेन के बाहर बड़े पैमाने पर हथियारों की तस्करी के कोई प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिले हैं, फिर भी UNODC ने इस बात पर बल दिया है कि देश में मौजूद भारी मात्रा में हथियारों तथा क्षेत्र में हथियार तस्करी में माहिर आपराधिक नैटवर्कों की ऐतिहासिक उपस्थिति को देखते हुए, स्थिति की सतत निगरानी अत्यन्त आवश्यक है.

रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक ड्रोन के गैर-सैन्य उपयोग के प्रमाण नहीं मिले हैं, लेकिन नागरिक ड्रोन और युद्ध मोर्चे के लिए बनाए जा रहे 3D-प्रिंटेड हिस्से, अवैध बाज़ारों को जन्म दे सकते हैं.

मानव तस्करी

युद्ध के कारण विस्थापित हुए लगभग 1 करोड़ 40 लाख लोगों में से अनेक लोगों को, आपराधिक गिरोहों ने निशाना बनाया है, जो मानवीय सहायता की आड़ में उन्हें आश्रय या आवास का लालच देकर जबरन मज़दूरी में धकेल रहे हैं.

हालाँकि यूक्रेन की सीमाओं पर कड़ी निगरानी और पूर्वी व पूर्वोत्तर सीमाओं के लगभग पूर्ण बन्द होने से प्रवासियों की तस्करी पर काफ़ी हद तक नियंत्रण पाया गया है, लेकिन तस्करों ने अब यूक्रेनी पुरुषों को सैन्य भर्ती से बचने में सहायता प्रदान करके, अपने अवैध कारोबार को नया रूप दे दिया है.

यूक्रेन में संयुक्त राष्ट्र के रेज़़िडेंट कोऑर्डिनेटर माथियास श्माले ने कहा, “संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, टिकाऊ शान्ति, न्याय, राष्ट्रीय सुरक्षा और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए अनिवार्य है.” 

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र इस अहम कार्य में यूक्रेन को हर सम्भव सहयोग देने के लिए तैयार है.