वैश्विक परिप्रेक्ष्य मानव कहानियां

सीरिया: सुवैदा में हिंसा जारी रहने पर चिन्ता, इसराइली सैन्य कार्रवाई की निन्दा

सीरिया में 14 वर्ष तक जारी रहने वाले गृहयुद्ध से भीषण बर्बादी हुई है.
© IIMP Syria
सीरिया में 14 वर्ष तक जारी रहने वाले गृहयुद्ध से भीषण बर्बादी हुई है.

सीरिया: सुवैदा में हिंसा जारी रहने पर चिन्ता, इसराइली सैन्य कार्रवाई की निन्दा

शान्ति और सुरक्षा

सीरिया में बेडॉइन क़बाइली लड़ाकों, अन्तरिम सरकार के सुरक्षा बलों और अल्पसंख्यक द्रूज़ समुदाय के हथियारबन्द गुटों के बीच, सुवैदा में हिंसक झड़पें अपने चौथे दिन में प्रवेश कर गई हैं. इस बीच, इसराइली सैन्य बलों ने बुधवार को फिर से हमले किए हैं और राजधानी दमिश्क को निशाना बनाया है. यूएन महासचिव ने मौजूदा घटनाक्रम पर चिन्ता व्यक्त करते हुए आम नागरिकों के विरुद्ध सभी प्रकार की हिंसा की निन्दा की है.

समाचार माध्यमों के अनुसार, सीरिया के द्रूज़ बहुल शहर सुवैदा में हुई साम्प्रदायिक हिंसा में अब तक बड़ी संख्या में लोग मारे गए हैं. दमिश्क जाने वाले राजमार्ग पर एक द्रूज़ व्यापारी को अगवा कर लिए जाने के बाद हिंसा भड़क उठी थी.

इन झड़पों की वजह से, सीरियाई अन्तरिम सरकार के सैन्य बलों को भी शान्ति बहाली के लिए तैनात किया गया, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों की स्थानीय गुटों से झड़पें हुई. 

द्रूज़ सम्प्रदाय, शिया इस्लाम की ही एक शाखा है, जिसकी इसराइल और इसराइली क़ब्ज़े वाले गोलन क्षेत्र में उपस्थिति है.

इसराइल का कहना है कि दमिश्क और सुवैदा में सरकार-समर्थित सुरक्षा बलों पर किए गए हमले, द्रूज़ समुदाय के समर्थन में किए गए हैं., और यदि सरकारी बलों को दक्षिणी सीरिया से नहीं हटाया गया तो हमलों में तेज़ी लाई जाएगी.

सीरियाई प्रशासन के अनुसार, दमिश्क में रक्षा मंत्रालय के साथ-साथ राष्ट्रपति महल के नज़दीक स्थित इलाक़े पर भी हमले किए गए हैं.

फ़िलहाल, सुवैदा और हिंसा प्रभावित इलाक़ों तक पहुँच पाना कठिन है, चूँकि वहाँ असुरक्षा व्याप्त है और सड़क मार्ग बन्द कर दिए गए हैं.

शान्ति अवसर को छीना गया

यूएन प्रमुख के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा कि महासचिव, सुवैदा में घटनाक्रम व हिंसा जारी रहने पर चिन्तित हैं, और आम नागरिकों के विरुद्ध सभी प्रकार की हिंसा की निन्दा करते हैं.

यह लगातार दूसरे दिन है, जब महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने हताहत होने वाले आम नागरिकों की संख्या पर क्षोभ व्यक्त किया है.

उन्होंने कहा कि मनमाने ढंग से लोगों को जान से मारा जा रहा है, साम्प्रदायिक तनाव को हवा देने वाले कृत्यों को अंजाम दिया जा रहा है और सीरिया के लोगों से शान्ति अवसर को छीना जा रहा है.

यूएन प्रमुख ने सुवैदा, डरा और मध्य दमिश्क में इसराइली हवाई कार्रवाई और गोलन क्षेत्र में इसराइली बलों की फिर से तैनाती किए जाने की ख़बरों निन्दा की है. यह दोनों देशों के बीच सीमा पर स्थित एक पर्वतीय क्षेत्र है, जिस पर दोनों ने अपना-अपना दावा किया है.

संयुक्त राष्ट्र ने इसराइल से आग्रह किया है कि सीरिया की सम्प्रभुता का उल्लंघन करने वाले किसी भी क़दम से बचा जाना होगा.

साथ ही, सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2254 के प्रमुख सिद्धान्तों के अनुरूप, सीरिया में एक विश्वसनीय, व्यवस्थित व समावेशी राजनैतिक परिवर्तन प्रक्रिया को समर्थन देने पर बल दिया गया है.